कर्नाटक के मंगलुरु में खराब मौसम की वजह से दो मछुआरे समुद्र में डूब गए जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोमवार तड़के उडुपी जिले के शिरूर में खराब मौसम के कारण मछली पकड़ने वाली नाव पलट जाने से दो मछुआरे डूब गए थे.
रविवार की रात तीन लोग शिरूर कालीहितलू से एक नाव में सवार होकर समुद्र में उतरे थे. सूत्रों ने बताया कि हादसा सोमवार देर रात करीब 1.30 बजे हुआ. मृतकों की पहचान शिरूर के अब्दुल सत्तार (45) और भटकल के मोहम्मद यूसुफ निस्बा (49) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि सभी मछुआरे एक ही परिवार के सदस्य थे.
नाव में सवार तीसरे व्यक्ति बुद्दू मुख्तार (37) को मछुआरों ने दूसरी नाव से बचा लिया. तटरक्षक बल और पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे. इस घटना को लेकर बिंदूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.
उडुपी जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. सूत्रों ने बताया कि मंत्री (इस समय दिल्ली में हैं) ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया है.
बता दें कि दो हफ्ते पहले भी अरब सागर में 40 मछुआरों को लेकर जा रही एक मछली पकड़ने वाली नाव लापता हो गई थी. ये नाव भी खराब मौसम की वजह से ही लापता हुई थी. इस घटना में भी उस नाव पर सवार मछुआरों का कोई पता नहीं चला था.