
शादियों का सीजन चल रहा है. इस बीच आईआरसीटीसी आपको अपने पार्टनर के साथ हसीन वादियों में घूमने का मौका दे रहा है. इसी कड़ी में आईआरसीटीसी हिमाचल टूर पैकेज लेकर आया है. अगर आप भी कहीं घूमने का इरादा कर रहे हैं तो अप्रैल के महीने में हिमाचल प्रदेश घूमने जा सकते हैं. इस पैकेज को हैप्पी हिमाचल नाम दिया गया है.
18 अप्रैल से शुरू होकर 6 रातों और सात दिन वाला ये टूर पैकेज 24 अप्रैल तक चलेगा. इस पैकेज में आपको हैदराबाद से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट लेनी होगी. इसके बाद आपको शिमला ले जाया जाएगा. यहां कैब के जरिए आपको ले जाया जाएगा. ये दूरी करीब 115 किमी की है.
पैकेज की डिटेल
पहला दिन आपको फ्लाइट के जरिए हैदराबाद से चंडीगढ़ और फिर शिमला लाया जाएगा. इसके बाद होटल में चेक-इन होगा. शाम को आप खुद मॉल रोड या किसी अन्य जगह घूम सकते है. इसके बाद आप होटल में खाना खाकर रात वहीं गुजारेंगे.
दूसरे दिन ब्रेकफास्ट के बाद आपको कुफरी ले जाया जाएगा. कुफरी शिमला के पास स्थित एक छोटा से हिल स्टेशन है.कुफरी में पर्यटक स्थल घूमने के बाद आप शाम को वापस शिमला आ जाएंगे. होटल में आपके डिनर की व्यवस्था होगी.
तीसरे दिन सुबह ब्रेकफास्ट के बाद शिमला से मनाली के लिए निकलेंगे. रात होते-होते आप मनाली पहुंचेंगे यहां आप होटल में स्टे करेंगे. यहां आपके डिनर की व्यवस्था आईआरसीटीसी द्वारा की जाएगी.
चौथे दिन नाश्ते के बाद आपको मनाली के अलग-अलग स्थानों पर घूमने का मौका मिलेगा. शाम तक घूमने के बाद आप होटल में वापसी करेंगे.
पांचवें दिन भी आप मनाली में ही रहेंगे और घूमेंगे. छठे दिन आपको चंडीगढ़ ले जाया जाएगा. शाम तक आप यहां पहुंचेंगे और होटल में चेकइन करेंगे. यहां आपके खाने की व्यवस्था है.
सातवें दिन होटल में नाश्ते के बाद होटल से चेक आउट करेंगे और रॉक गार्डन के लिए निकलेंगे. इसके बाद चंडीगढ़ से हैदराबाद के लिए फ्लाइट ली जाएगी. यहां आपकी यात्रा खत्म हो जाएगी.
किराया

अगर आप अकेले के लिए इस टूर पैकेज की बुकिंग कर रहे हैं तो आपको 58,550 रुपये खर्च करने होंगे. वहीं, अगर आपको दो लोगों के लिए बुकिंग करानी है तो प्रति व्यक्ति आपको 44200 रुपये खर्च करने होंगे. तीन लोगों के लिए प्रति व्यक्ति 42300 रुपये खर्च करने होंगे. वहीं, बच्चों के लिए अलग से किराया भरना होगा.