दिवाली के दिन यानी 31 अक्टूबर को सभी मेट्रो लाइन पर आखिरी ट्रेन का संचालन 11 बजे की जगह रात 10 बजे होगा. डीएमआरसी के लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, दिवाली के त्योहार को देखते हुए 31 अक्टूबर को अंतिम दिल्ली मेट्रो ट्रेन सेवा एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी लाइनों के टर्मिनल स्टेशनों से रात 10:00 बजे शुरू होगी. वहीं दिवाली के दिन रात 11 बजे वाली मेट्रो को छोड़कर बाकी सभी लाइनों पर मेट्रो रेल सेवाएं अपने निर्धारित समय से सामान्य रूप से चलेंगी.
दिवाली के कारण बदला मेट्रो का शेड्यूल
इस बार दिवाली 31 अक्टूबर को मनाई जाएगी. दिवाली पर दिल्ली मेट्रो के समय में कुछ बदलाव हुआ है. ऐसे में मेट्रो से यात्रा करने से पहले एक बार टाइमिंग देखकर ही घर से बाहर निकलें. दिवाली के त्योहार को देखते हुए 31 अक्टूबर, 2024 (गुरुवार) को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी लाइनों पर आखिरी मेट्रो ट्रेन रात 10 बजे शुरू होगी. इसके अलावा दिन में सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेन सेवाएं रोजाना की तरह नियमित समय से शुरू होकर बाकी दिन सामान्य रूप से चलेंगी. वहीं, 31 अक्टूबर को दिल्ली मेट्रो अलग-अलग लाइनों पर 60 एक्स्ट्रा फेरे लगाएगी, जिससे त्यौहार पर यात्रियों को कोई परेशान न हो. बता दें कि दिल्ली मेट्रो रोजाना करीब 4000 फेरे लगाती है.
दिवाली पर लोगों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने राजीव चौक, कश्मीरी गेट, चांदनी चौक, आनंद विहार समेत प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर 194 अतरिक्ति टिकट वेंडिंग स्टाफ तैनात किया है. इसके साथ ही 318 अतिरिक्त कस्टमर केयर एजेंटों को भी लगाया गया है. डीएमआरसी के अधिकारियों के अनुसार, त्यौहारों पर स्टेशनों के आसपास जाम से बचने के लिए लोगों से अपील है कि वह निजी वाहनों की बजाए सार्वजनिक वाहनों का प्रयोग करें. स्टेशनों के आसपास अवैध पार्किंग न करें और कोशिश करें कि यात्रा में कम से कम सामान लेकर जाएं, जिससे भीड़ में परेशानी न हो.
दिल्ली मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों से आग्रह है किया गया है कि किसी भी परेशानी से बचने के लिए थोड़ा अधिक समय लेकर स्टेशन पहुंचे. इसके अलावा ऑनलाइन टिकट खरीदें और पहले ही मेट्रो कार्ड रिचार्ज कराकर रखें, जिससे आखिरी समय में स्टेशनों पर अधिक भीड़भाड़ होने पर कोई परेशान न हो. बता दें कि दिल्ली मेट्रो से हर दिन लाखों पैसेंजर्स ट्रैवल करते हैं. कुल 12 लाइन और 393 किलोमीटर लंबे फैले नेटर्वक में दिल्ली मेट्रो 288 स्टेशनों पर अपनी सर्विस देती है. इसमें दिल्ली मेट्रो के साथ-साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा एक्वा लाइन और रैपिड मेट्रो गुरुग्राम भी शामिल है.