आज शाम की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 23 अगस्त 2023 की खबरें और समाचार: खबरों के लिहाज से बुधवार का दिन काफी अहम रहा है. भारत ने Chandrayaan-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग कर ली है. जोहान्सबर्ग में 15वें BRICS सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए. आगामी त्योहारी सीजन के दौरान देश में प्याज की कीमतें बढ़ने की संभावना है. उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है. 1984 सिख दंगों से जुड़े जनकपुरी और विकासपुरी में कोर्ट ने सज्जन कुमार के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं.
India बना चांद का 'वर्ल्ड चैंपियन'... अमेरिका, जापान और चीन जो न कर सके, वह ISRO ने कर दिखाया
भारत ने विश्व में इतिहास रच दिया है. बुधवार की शाम को Chandrayaan-3 ने चांद की सतह पर सफल लैंडिंग कर ली है. भारत का नाम अब दुनिया के उन चार देशों में जुड़ गया है, जो सॉफ्ट लैंडिंग में एक्सपर्ट हैं. इस सफलता को हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन चुका है. पिछली बार चंद्रयान-2 की क्रैश लैंडिंग हुई थी. तब भारत को बहुत मायूसी हाथ लगी थी, लेकिन इस बार तगड़ी तैयारी की गई थी और नतीजा सफलता के रूप में हासिल हुआ है.
जमीन पर रखे तिरंगे को PM मोदी ने उठाया, जेब में रखा, फिर... देखें BRICS सम्मेलन का Video
दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग शहर में 15वें BRICS सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए हैं. सम्मेलन के पहले सेशन में प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रिक्स देशों के नेताओं को संबोधित किया और इनके सामने पांच प्रस्ताव भी रखे. इसके बाद जब ग्रुप फोटो के लिए स्टेज पर पीएम मोदी पहुंचे तो उन्होंने तिरंगे को जमीन पर रखा देखा. यहां अन्य देशों के झंडों को भी रखा गया था. इसका उद्देश्य सभी नेताओं को उनकी तय जगह बताना था. लेकिन पीएम मोदी ने तिरंगे को उठाया और अपनी जेब में रख लिया. उन्हें देख दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने भी अपने देश के झंडे को जमीन से उठा लिया.
मोदी सरकार के एक फैसले से बढ़ी अरब दुनिया की मुश्किल, UAE पर भी असर
आगामी त्योहारी सीजन के दौरान देश में प्याज की कीमतें बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए भारत सरकार ने शनिवार (19 अगस्त) को प्याज के निर्यात पर 40 फीसदी शुल्क लगा दिया था, जिससे बाजार में नियंत्रित कीमतों पर प्याज की आपूर्ति बनी रहे. सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 31 दिसंबर तक प्याज के निर्यात पर शुल्क लागू रहेगा. यानी 31 दिसंबर तक अगर कोई व्यापारी अन्य देश को प्याज निर्यात करता है तो उसे शुल्क के रूप में 40 फीसदी सरकार को देना होगा.
IMD Rainfall Alert: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी! मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में इन दिनों भारी बारिश का सिलसिला देखने को मिल रहा है. लगातार बारिश के चलते दोनों ही राज्यों में आम जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. आए दिन लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड की खबरें डरा रही हैं. मौसम विभाग की मानें तो दोनों ही राज्यों में बारिश का ये दौर अभी जारी रहने वाला है. मौसम विभाग ने इन दो राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
जनकपुरी सिख नरसंहार केस: सज्जन कुमार के खिलाफ आरोप तय, कोर्ट ने हत्या की धारा हटाई
1984 सिख दंगों से जुड़े जनकपुरी और विकासपुरी में सिखों की हत्या के मामले में राउज ऐवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं. राउज एवेन्यू कोर्ट ने सज्जन कुमार के खिलाफ IPC की धारा 147, 148, 153A, 295R/W149, 307,308, 323, 325, 395, 436 के तहत आरोप तय किए हैं. हालांकि कोर्ट ने सज्जन कुमार के खिलाफ हत्या की धारा 302 हटा दी है. अब इस मामले की अगली सुनवाई 21 सितंबर को होगी.