पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सभी सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. वहीं, ओडिशा कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 3 विधायकों को सस्पेंड कर दिया है. इन खबरों के अलावा, यूपी की योगी सरकार ने एडेड स्कूल स्टाफ की ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा बढ़ाकर 25 लाख की. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
TMC ने बंगाल की सभी सीटों पर की उम्मीदवारों की घोषणा, ममता बनर्जी भवानीपुर से लड़ेंगी चुनाव
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने मंगलवार को राज्य की सभी विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया. सीएम ममता ने बताया कि उनकी पार्टी टीएमसी आगामी विधानसभा चुनाव 291 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि राज्य की बची तीन सीटों पर उनकी सहयोगी भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा चुनाव लड़ेगी. इस दौरान उन्होंने बीजेपी पर भी हमला बोला.
ओडिशा कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले तीन MLA's को किया सस्पेंड, विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र
ओडिशा कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने के लिए 3 विधायकों को निलंबित कर दिया है. सनाखेमुंडी के रमेश चंद्र जेना, मोहना के दशरथी गोमांगो और बाराबती-कटक की सोफिया फिरदौस ने सोमवार को हुए राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की. अब कांग्रेस ने इन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित करने की मांग की है.
ग्रेच्युटी अब 25 लाख... यूपी में एडेड स्कूल स्टाफ को योगी सरकार का बड़ा तोहफा
यूपी सरकार ने एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा बढ़ा दी है. अब ग्रेच्युटी की सीमा 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है. यह फैसला स्टाफ के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. 16 मार्च को जारी शासनादेश के अनुसार इस निर्णय का लाभ करीब ढाई लाख कर्मचारियों को मिलेगा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का तीन दिवसीय ब्रज दौरा: प्रेमानंद महाराज संग सत्संग और गिरिराज जी करेंगी परिक्रमा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च से उत्तर प्रदेश के तीन दिवसीय धार्मिक प्रवास पर रहेंगी. कार्यक्रम की शुरुआत सुबह दिल्ली से अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन और आरती से होगी. इसके बाद राष्ट्रपति मुर्मू विशेष विमान और सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए मथुरा के मोतीकुंज हेलीपैड पहुंचेंगी. यहां से वह सड़क मार्ग से वृंदावन जाएंगी.
बच्चा गोद लेने पर भी 12 हफ्ते की मैटरनिटी लीव, सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला
सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को आदेश दिया कि गोद लिए गए बच्चे की मां को भी 12 हफ्ते की मैटरनिटी लीव दी जाएगी. अब बच्चे की उम्र कोई भी हो, मां को पूरी छुट्टी मिलेगी. कोर्ट ने उस कानूनी प्रावधान को निरस्त कर दिया है, जिसमें सिर्फ 3 महीने तक की उम्र के बच्चे को गोद लेने पर ही मैटरनिटी लीव की अनुमति थी. लेकिन अब ऐसी कोई शर्त नहीं है.
नोरा फतेही-संजय दत्त के अश्लील गाने पर हुआ एक्शन, यूट्यूब से हटाया 'सरके चुनर तेरी' का हिंदी वर्जन
नोरा फतेही का आइटम सॉन्ग 'सरके चुनर तेरी...' खूब चर्चा में है. संजय दत्त की पैन इंडिया फिल्म केडी- द डेविल का यह गाना फिल्म और राजनीतिक गलियारों में विवादित हुआ. विरोध के बाद मेकर्स ने इसका हिंदी वर्जन यूट्यूब से हटा दिया, लेकिन अन्य भाषाओं में अभी भी देखा जा सकता है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने गाने के खिलाफ नोटिस जारी किया.
8 देशों में CBSE बोर्ड एग्जाम रद्द, अब कैसे बनेगा रिजल्ट? इस तरह तय हो सकता है फॉर्मूला
ईरान-अमेरिका और इज़राइल के बीच बढ़ते तनाव का असर छात्रों पर भी दिख रहा है. मिडिल ईस्ट के देशों में CBSE बोर्ड स्कूलों में पढ़ाई कर रहे 12वीं के छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं. जारी हुए सर्कुलर विशेष रूप से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में स्थित सीबीएसई से संबंधित स्कूल हैं.
Gold-Silver Price: चांदी की बढ़ी चमक, कीमत फिर 2 लाख 54 हजार के पार, सोना भी आज महंगा, चेक करें रेट
भारतीय सर्राफा बाजार में आज सोने और चांदी की कीमतों में फिर उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. 24 कैरेट वाले 10 ग्राम सोने की कीमत 1 लाख 56 हजार के पार पहुंच गई है, जो बीते दिन यानी 16 मार्च की शाम को 1 लाख 55 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम थी. मंगलवार को चांदी के रेट में भी भारी उछाल दर्ज किया गया है, चांदी फिर 2 लाख 54 हजार के पार पहुंच गई.
कॉपी जांच की जानकारी शेयर की तो...CBSE ने जारी की चेतावनी, होगी कानूनी कार्रवाई
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन से जुड़ी प्रक्रिया के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं. बोर्ड ने कॉपियों की जांच में शामिल शिक्षकों को चेतावनी दी है कि वे इस प्रक्रिया से संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें और मूल्यांकन काम से जुड़ी गोपनीयता बनाए रखें.
थम गई गिरावट? दो दिन में सेंसेक्स 1500 अंक चढ़ा, जानें अब आगे कैसा रहेगा बाजार
भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को दूसरे दिन तेजी के साथ बंद हुआ. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 567.99 अंक बढ़कर 76,070.84 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी50 172.35 अंक बढ़कर 23,581.15 पर आ गया. भारइस तेजी के कारण निवेशकों को सिर्फ आज 2.7 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है, जिस कारण बीएसई मार्केट कैपिटलाइजेशन बढ़कर 433.27 लाख करोड़ रुपये हो गया.