राशन वितरण विभाग ने मुंबई के वर्ली इलाके में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करने वाले गैंग पर बड़ी कार्रवाई की. इस ऑपरेशन में भारी मात्रा में सिलेंडर जब्त किए गए. जांच में सामने आया कि गैंग रिहायशी इलाकों में सिलेंडर स्टोर कर उन्हें ब्लैक मार्केट में बेच रहा था.
अधिकारियों को जब यह जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत ऑपरेशन शुरू किया. प्रशासन को सीक्रेट सूचना मिली थी कि मुंबई के वर्ली नाका पर गणपतराव कदम मार्ग स्थित ‘सूरज वल्लभदास चॉल’ इलाके में गैस सिलेंडर गैर-कानूनी तरीके से स्टोर कर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं. इसी आधार पर टीम ने रेड की और अवैध रूप से रखे गए सिलेंडर जब्त किए.
इस ऑपरेशन में HP गैस कंपनी के 5 किलो के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर जब्त किए गए. इसके अलावा अन्य गैस कंपनियों के भरे हुए सिलेंडर भी बरामद हुए. अधिकारियों ने बताया कि इन सिलेंडरों को गैर-कानूनी तरीके से रिफिल कर ब्लैक मार्केट में बेचने की तैयारी थी.
यह भी पढ़ें: सिलेंडर कालाबाजारी पर सरकार सख्त, मॉनिटरिंग टीम रखेगी नजर; हाई-लेवल मीटिंग में कई बड़े फैसले
जब्त किया गया पूरा सामान आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रिहायशी इलाके में इस तरह सिलेंडर रखना और उन्हें अवैध तरीके से बेचना बेहद खतरनाक है, क्योंकि इससे लोगों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है.
गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि ऐसे मामलों को रोकने के लिए विभाग की टीमें 24 घंटे अलर्ट पर है.
मुंबई के वर्ली पुलिस स्टेशन ने निमेश अरविंद जैन और टेम्पो चालक के मालिक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7, 8, 9, 10, 11 और तरल पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति और वितरण विनियमन) आदेश, 2000 की धारा 3, 7 और 8 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने टेम्पो, भरे हुए सिलेंडर और खाली सिलेंडर जब्त कर लिए हैं. फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.