केंद्रीय जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को मुंबई पोर्ट पर गोवा-मुंबई के बीच देश के पहले घरेलू क्रूज टर्मिनल का उद्घाटन किया था और आज इस कार्यक्रम के बाद नया विवाद पैदा हो गया है. इस क्रूज का उद्घाटन करने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ पहुंचीं उनकी पत्नी अमृता नए विवादों में फंस गईं हैं.
दरअसल अमृता फडणवीस टर्मिनल के उद्घाटन समारोह के बाद क्रूज के एकदम किनारे बैठकर सेल्फी लेती नजर आईं. इस सेल्फी के चक्कर में अमृता विवाद में फंस गई हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें अमृता क्रूज की सेफ्टी लाइन को तोड़कर एकदम किनारे जा बैठी हैं.
यहां देखें वीडियो
#WATCH: Amruta Fadnavis, wife of Maharashtra CM Devendra Fadnavis, being cautioned by security personnel onboard India's first domestic cruise Angria. She had crossed the safety range of the cruise ship. pic.twitter.com/YYc47gLkHd
— ANI (@ANI) October 21, 2018
वहां खड़ी एक महिला सुरक्षाकर्मी ने अमृता की इस हरकत के लिए उन्हें टोका भी, लेकिन सीएम की पत्नी को इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ा. फिर सुरक्षाकर्मी ने अमृता के निजी सुरक्षागार्ड से कहा कि वो उन्हें पीछे आने के लिए कहें. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अमृता के पीछे खड़े सुरक्षागार्ड ने भी उनसे किनारे न बैठने के लिए कहा, हालांकि अमृता वहां बैठी रहीं और अपने मोबाइल से सेल्फी लेती दिखाई दीं.
अब इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मी सीएम फडणवीस की पत्नी को नियमों की याद दिला रही है. बता दें कि जहां अमृता बैठी हैं वहां कोई अन्य शख्स नजर नहीं आ रहा है सिर्फ उनका सुरक्षागार्ड की उनके पीछे खड़ा दिख रहा है. बाकी आम लोग पीछे खड़े होकर इस पूरे घटनाक्रम को देख रहे हैं. यहां ध्यान देने वाली बात ये ही कि ऐसी किसी भी हरकत से कोई हादसा भी घट सकता है.
बता दें कि 'आंग्रिया' क्रूज देश का पहला घरेलू क्रूज है जो तमाम आलीशान सुविधाओं से लैस है. यह क्रूज गोवा और मुंबई की दूरी करीब 14 घंटे में तय करेगा. क्रूज में डॉरमेटरी बुक कराने के लिए यात्रियों को 6 हजार रुपए चुकाने होंगे. 10 हजार रुपए का सबसे ज्यादा किराया कपल रूम के लिए है. पूरे क्रूज में 104 कमरों के साथ 8 अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं. सबसे खास बात यह है कि क्रूज में अंदर-अंदर सिवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगा है, ताकि कचरा समुद्र के पानी में न छोड़ा जा सके.