कोलकाता से शिलांग जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की धमकी मिली है. टॉयलेट में संदिग्ध पर्चा मिलने पर यात्रियों को तुरंत उतारा गया और विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई.
शनिवार को कोलकाता से शिलांग जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बम की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई. यह फ्लाइट सुबह 9:15 बजे उड़ान भरने वाली थी.
बोर्डिंग के दौरान क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट में एक पर्चा मिला, जिसमें विमान में बम होने की बात लिखी थी. इसके बाद तुरंत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) लागू किया गया. सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया और एयरक्राफ्ट को आइसोलेशन बे में ले जाकर जांच शुरू कर दी गई.
एयरपोर्ट डायरेक्टर ने क्या कहा
नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट के डायरेक्टर के मुताबिक, बम की सूचना पर्चे के जरिए मिली.यात्रियों को तुरंत विमान से उतारा गया. विमान को आइसोलेशन बे में शिफ्ट किया गया. सुरक्षा एजेंसियां पूरी जांच में जुटी हैं
इंडिगो का आधिकारिक बयान
इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट में सुरक्षा से जुड़ी सूचना मिली थी. तुरंत संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई. सभी जरूरी सुरक्षा जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है. यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है.
यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता
सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को बाकी विमानों से अलग खड़ा किया गया है. बम डिस्पोजल स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियां पूरे विमान की जांच कर रही हैं. फिलहाल, किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.