scorecardresearch
 

जब चलते स्कूटर के हैंडल पर आ गया खतरनाक कोबरा

महाराष्ट्र के सांगली में स्कूटर चला रहे एक शख्स के सामने एक सांप फन फैला कर बैठ गया. सड़क पर नहीं, उसके चलते स्कूटर पर. एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्कूटर में घुसे इस सांप को निकाला गया.

Advertisement
X
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्कूटर से निकाला गया सांप
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्कूटर से निकाला गया सांप

"हम स्कूटर पर मस्ती से जा रहे हों और हैंडल पर कोबरा आ जाए"...महाराष्ट्र के सांगली में एक शख्स के साथ ऐसा ही हुआ तो उसकी सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई. स्पीड में स्कूटर और हैंडल पर डसने को तैयार बैठा कोबरा महाराज...स्कूटर सवार के लिए सांप सूंघ जाने वाला मुहावरा हकीकत में बदल गया. अब करे तो करे क्या?

दिवाली के दिन त्योहार की मस्ती में स्कूटर सवार ने सांगली तासगाव रोड के बाजार का रुख किया. जनाब चले जा रहे थे कि स्कूटर के हैंडल पर अचानक कोबरा फन फैलाए दिखा. अब काटो तो खून नहीं. हैंडल संभालते हाथों ने कांपना शुरू कर दिया. स्कूटर रोकने पर डसे जाने का डर और चलते स्कूटर से कूदने पर हाथ-पैर टूटने का खतरा.

डर के मारे स्कूटर से लगा दी छलांग
आखिरकार स्कूटर सवार ने स्पीड धीरे करते हुए भगवान का नाम लेकर छलांग दे मारी. स्कूटर उधर गिरा और सवारी कर रहे जनाब इधर. गनीमत रही कि खास चोट नहीं आई. खुद को संभाल कर बदहवासी में स्कूटर सवार ने फिर जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया- "स्कूटर में कोबरा है, स्कूटर में कोबरा है."

Advertisement

सपेरे ने एक घंटे के ऑपरेशन के बाद निकाला सांप
स्कूटर सवार को इस हालत में देख आसपास से गुजर रहे लोगों ने पहले तो उसे विक्षिप्त या शराबी समझा. लेकिन फिर मामले की गंभीरता को समझा. लेकिन कोबरा के डर की वजह से कोई स्कूटर के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था. आखिरकार सपेरे को बुलाया गया. कोबरा को स्कूटर से बाहर निकालने का ऑपरेशन करीब एक घंटे तक चला. बड़ी मुश्किल से स्कूटर में फंसे हुए कोबरा को बाहर निकाला गया.

बेहद जहरीला होता है ये सांप
सपेरे ने बताया कि इंडियन कोबरा नस्ल का ये सांप बड़ा जहरीला होता है. कोबरा पर काबू पाए जाने के बाद ही स्कूटर सवार की जान में जान आई. उसी के बाद वो अपने स्कूटर को हाथ लगाने की हिम्मत दिखा सका.

Advertisement
Advertisement