मध्यप्रदेश के रीवा में लोक निर्माण विभाग (PWD) का एक टाइमकीपर करोड़पति निकला. आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) रीवा की टीम ने रविवार सुबह पीडब्ल्यूडी के टाइमकीपर पन्नालाल शुक्ला के घर पर रेड डाली, जिसमें अबतक करीब डेढ़ करोड़ रुपए की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है.
रीवा EOW के एसपी वीरेंद्र जैन के मुताबिक, पन्नालाल शुक्ला के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत प्राप्त हुई थी जिसका वेरिफिकेशन होने के बाद शनिवार को कोर्ट से वारंट लिया गया और रविवार सुबह करीब 20 सदस्यों की टीम ने उनके गांव वाले घर और एक सरकारी आवास पर दबिश दी.
एसपी ने बताया कि शुक्ला का गांव में 2 मंजिला बेहद आलिशान मकान है. जिसकी बाउंड्रीवॉल भी बेहद बड़ी है. सुबह 6 बजे से रेड जारी रही है जिसमें अभी तक ज़मीन से जुड़ी 9 रजिस्ट्री मिली हैं, जो टाइमकीपर ने अपनी पत्नी और बच्चों के नाम से करवा रखी है. इसके अलावा एक बोलेरो जीप और 3 मोटरसाइकिल भी मिली हैं. अभी तक की कार्रवाई में करीब डेढ़ करोड़ रुपए आय से अधिक संपत्ति का खुलासा हुआ है, अंतिम आंकड़े रेड पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएंगे.
पन्नालाल शुक्ला करीब 35 साल से पीडब्ल्यूडी में नौकरी कर रहे हैं और उनकी सैलरी की गणना करने पर मालूम हुआ कि जितनी सैलरी उन्हें अब तक मिली है, उससे कहीं ज्यादा का निवेश उन्होंने कर रखा है और बेशुमार संपत्ति बना ली है.