उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लगातार आसमान से बर्फ की सफेद बारिश हो रही है. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में चारों ओर सफेद बर्फ की चादर बिछ गई है. आसमान से लगातार गिर रही बर्फबारी के बीच जिंदगी को आगे बढ़ाने की कोशिशें जारी हैं. वक्त से पहले हो रही बर्फबारी से पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर चढ़ गई है.
देश के दूर-दराज इलाकों से सैलानी बर्फबारी का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं. जाहिर है, ये बर्फबारी किसी के लिए राहत किसी के लिए आफत बनकर आई है. राहत तो इसलिए क्योंकि वादियों में बर्फ रौनक लेकर आई है, लेकिन आफत उन लोगों के लिए जिनके लिए इस मौसम में घर से निकलना मुहाल हो गया है.
Jammu and Kashmir: Tourists visit Pahalgam as the region received snowfall. (11.11) pic.twitter.com/z2S5eOtf6d
— ANI (@ANI) November 12, 2019
सिर्फ जम्मू-कश्मीर ही नहीं हिमाचल प्रदेश में भी भारी बर्फबारी हो रही है. कई इलाकों में बर्फ का ही कब्जा है. आम लोग रिकॉर्ड तोड़ बर्फबारी से बेहाल हो गए हैं. फिलहाल बर्फ से ढंकी सड़कों को साफ करने के लिए प्रशासन मुस्तैदी से जुटा है. बावजूद इसके हालात सामान्य होने में वक्त लग रहा है.
बर्फबारी से सेब के बगीचे तबाह
बेमौसम हो रही बर्फबारी के कारण सेब के बगीचे को खासा नुकसान हुआ है. जानकारों का कहना है कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद कश्मीर में व्यवसाय और कारोबार को जो नुकसान तीन महीने के दौरान नहीं हुआ, उससे कहीं ज्यादा नुकसान इस बर्फबारी से कश्मीर में हुआ है. बर्फबारी से कश्मीर में अभी भी कई सारे इलाके कटे हुए हैं.