दिखावे और रोमांच के चक्कर में वन्यजीवों के साथ छेड़छाड़ करने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. ताज़ा मामला गुजरात के सूरत से सामने आया है जहां सचिन जीआईडीसी इलाके में एक युवक को सांप के साथ मस्ती करना और उसे पकड़ने की कोशिश करना काफी महंगा पड़ गया था. गनीमत रही कि सांप जहरीला नहीं था, वरना यह लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती थी. युवक का ग़लत तरीके से सांप को पकड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जो चार दिन पहले का बताया जा रहा है.
पूंछ पकड़कर खींचा सांप को तो पैर में लिपटा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो सूरत के सचिन जीआईडीसी इलाके में सचिन/ कनसाड रोड पर स्थित गोपाल नगर भरवाड़ वास का बताया जा रहा है. वायरल हो रहे इस वीडियो में आप देख सकते हैं कि एक युवक एक कमरे में घुसे हुए सांप की पूंछ पकड़कर उसे बाहर निकालने की कोशिश कर रहा है. सुरक्षा के लिहाज़ से इस युवक ने कुछ भी नहीं पहना है. यह युवक बिना सुरक्षा साधन के सांप को कमरे से बाहर खींच कर निकाल लेता है और उसे पकड़कर आगे लेकर चलने लगता है, तभी सांप लपेटा मारकर उसके पैर में काट लेता है और युवक घबराकर भागने लगता है. तभी सांप दोबारा उसपर हमला कर देता है. वीडियो बनाने वाले लोग भी उसी युवक के परिवार के सदस्य हैं जो युवक को सांप को इस तरह से पकड़ने से मना कर रहे है.
चाल में अचानक घुसा सांप
जानकारी के अनुसार, सचिन जीआईडीसी क्षेत्र की भरवाड़ चाल में अचानक एक सांप निकल आया था.सांप को देखते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी. इसी बीच, स्थानीय निवासी जशेश भरवाड़ ने बहादुरी दिखाने की कोशिश की. बिना किसी पेशेवर प्रशिक्षण या अनुभव के, जशेश ने सांप को पकड़ने और उसके साथ खेलने की कोशिश शुरू कर दी थी. युवक सांप को काबू करने के लिए उसके साथ 'मस्ती' कर रहा था, तभी अचानक सांप ने पलटवार कर दिया. सांप ने युवक के पैर पर तेजी से हमला किया और उसे काट लिया.
किसी ने बना लिया वीडियो
इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे युवक बिना किसी डर के सांप के पास जा रहा है और फिर अचानक से सांप को अपने हाथों से पकड़कर उसे घुमाने लगता है इसी बीच सांप पलटवार करता है तो युवक सांप को छोड़ कर भागने लगता है. सांप के काटने के बाद युवक को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया. जांच के बाद पता चला कि उक्त सांप जहरीला नहीं था. इस जानकारी के बाद युवक और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली. अगर सांप 'कोबरा' या 'रसेल वाइपर' जैसी प्रजाति का होता, तो युवक की जान बचाना मुश्किल हो सकता था.