गुजरात सरकार ने 1–2 मार्च 2026 को महात्मा मंदिर में आयोजित होने वाले 'Gujarat SemiConnect Conference 2026' की घोषणा की है. यह समिट भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण, चिप डिजाइन और एडवांस पैकेजिंग के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. कार्यक्रम का उद्देश्य India Semiconductor Mission और आत्मनिर्भर भारत विजन को औद्योगिक क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता और ग्लोबल कंपीटीशन में बदलना है.
बीते दो वर्षों में हुए हैं सफल आयोजन
यह समिट गुजरात सेमीकनेक्ट का तीसरा एडिशन होगा. 2024 और 2025 के सफल आयोजनों के बाद यह मंच सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स वैल्यू चेन से जुड़े प्रमुख हितधारकों—फैब्स, फाउंड्री, ATMP/OSAT इकाइयों, उपकरण एवं सामग्री आपूर्तिकर्ताओं, EDA/IP कंपनियों, EMS कंपनियों, डिजाइन हाउस, स्टार्टअप, शिक्षाविदों और निवेशकों को एक साथ लाने वाला प्रभावी प्लेटफॉर्म बन चुका है.
गुजरात ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में अपनी बढ़त बनाई है. राज्य में सानंद और ढोलेरा SIR में पूरी तरह विकसित औद्योगिक भूमि, बिजली आपूर्ति, पानी की मौजूदगी, मॉर्डर्न वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट सिस्टम और राष्ट्रीय परिवहन कॉरिडोर तथा मुंद्रा पोर्ट से कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. साथ ही सिंगल-विंडो क्लीयरेंस और समर्पित सेमीकंडक्टर मिशन के जरिए समयबद्ध मंजूरी की व्यवस्था भी की गई है.

ग्लोबल कंपनियों के CXO से होगी सीधी बातचीत
सम्मेलन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार के सीनियर लीडर्स और ग्लोबल कंपनियों के CXO के बीच सीधी बातचीत होगी, ताकि नीतिगत ढांचे, वित्तीय प्रोत्साहनों को उद्योग की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप ढाला जा सके. यह आयोजन B2B और B2G मंच के रूप में निवेश, सप्लायर साझेदारी और संयुक्त उपक्रमों को बढ़ावा देगा. प्रतिनिधियों को सानंद, ढोलेरा SIR और GIFT International Financial Services Centre में विकसित हो रहे आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी भी दी जाएगी, जो बड़े तकनीकी प्रोजेक्ट्स के लिए विविध वित्तीय साधन उपलब्ध कराता है.
'Gujarat SemiConnect Conference 2026' में रजिस्ट्रेशन के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://semiconnect.gujarat.gov.in/
क्या-क्या होगा सम्मलेन में
पहले दिन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया शामिल होंगे. इसके बाद एडवांस सेमीकंडक्टर नोड्स, इंफ्रास्ट्रक्चर, GIFT-IFSC आधारित फाइनेंसिंग मॉडल, रिसर्च सहयोग, स्किल डेवलपमेंट और घरेलू PCB निर्माण को मजबूत करने पर पैनल चर्चा होगी.
जापान-ताइवान से होगी सीधी बातचीत
दूसरे दिन जापान और ताइवान के साथ विशेष राउंडटेबल आयोजित किए जाएंगे, जिनमें तकनीकी हस्तांतरण और दीर्घकालिक सहयोग पर चर्चा होगी. सम्मेलन सुबह 9:30 बजे शुरू होगा. इच्छुक प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं. यह आयोजन भारत की सेमीकंडक्टर यात्रा में एक निर्णायक पड़ाव साबित हो सकता है, जहां गुजरात खुद को वैश्विक निवेश हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ा रहा है.