गुजरात के सुरेन्द्रनगर जिले में पुलिस ने हनीट्रैप कर फिरौती वसूलने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है. इस गिरोह ने अहमदाबाद जिले के एक बिल्डर को सोशल मीडिया के जरिए फंसाकर उससे 1 करोड़ रुपये ऐंठ लिए थे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो दिनों में गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं.
पुलिस के अनुसार, साणंद निवासी बिल्डर (नाम बदला हुआ—अशरफ) अक्सर सुरेन्द्रनगर जिले में जमीन खरीदने-बेचने आता था. इसी दौरान आरोपियों को उसकी आर्थिक स्थिति की जानकारी मिल गई. उसे निशाना बनाने के लिए गिरोह ने एक युवती भावना के जरिए सोशल मीडिया पर संपर्क किया. युवती ने प्रेम भरी बातचीत कर बिल्डर को सुरेन्द्रनगर बुलाया और उपासना सर्कल के पास एक फ्लैट में मिलने के लिए कहा.
गलत काम करने का आरोप लगाकर पिटाई
बताया गया कि जैसे ही बिल्डर वहां पहुंचा, युवती ने उसे जाल में फंसाया और उसके कपड़े उतरवा दिए. तभी चार युवक कमरे में घुस आए और उस पर युवती के साथ गलत काम करने का आरोप लगाकर उसकी पिटाई करने लगे. आरोपियों ने बिल्डर के माथे पर रिवॉल्वर तानकर 2 करोड़ रुपये की मांग की और उसे अगवा कर लिया.
बेटे से 1 करोड़ मंगाए
गिरोह बिल्डर को करीब चार घंटे तक एक अंधेरी जगह पर बंधक बनाए रखा. दबाव में आकर बिल्डर ने अपने बेटे को फोन कर जमीन खरीदने के बहाने 1 करोड़ रुपये लाने को कहा. रकम मिलने के बाद आरोपियों ने पहले बेटे को वहां से भगा दिया और फिर बिल्डर को छोड़ दिया.
रिहा होने के बाद पीड़ित ने सुरेन्द्रनगर बी डिवीजन पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और तकनीकी व मानवीय सूत्रों की मदद से कुछ ही घंटों में कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिस्तौल सहित कुल 72.50 लाख रुपये, जिनमें 69.30 लाख रुपये नकद शामिल हैं, बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भावना (महिला), तोसिफ खान उर्फ लालो अकबर, साहिल खान और आसिफ खान के रूप में हुई है. वहीं इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अरबाज खान और अमन अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.
सुरेन्द्रनगर जिला पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ हनीट्रैप, अपहरण और फिरौती से जुड़े गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.