scorecardresearch
 

घर से बुलाकर ले गए थे लड़के , फिर मिली लाश...14 साल के नाबालिग की हत्या से सनसनी

तिलक नगर के श्याम नगर में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया. परिजनों का आरोप है कि साथियों ने घर से बुलाकर हत्या कर दी और शव पैसिफिक मॉल के पास फेंक दिया. गला दबाने की आशंका जताई जा रही है. गुस्साए परिवार ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया. जांच जारी है.  

Advertisement
X
14 साल के नाबालिग की हत्या से सनसनी (Photo: itg)
14 साल के नाबालिग की हत्या से सनसनी (Photo: itg)

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र के श्याम नगर में 14 साल के किशोर की मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. मृतक की पहचान निशांत के रूप में हुई है. परिवार का आरोप है कि उसे उसके ही कुछ परिचित लड़के घर से बुलाकर ले गए और बाद में उसकी हत्या कर शव पैसिफिक मॉल के पास फेंक दिया गया.

परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम निशांत घर पर ही था. उसी दौरान कुछ लड़के उसे बाहर बुलाकर ले गए. थोड़ी देर बाद परिवार को सूचना मिली कि पैसिफिक मॉल के नजदीक एक किशोर गंभीर हालत में पड़ा है. जब तक परिजन पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी. शुरुआती जानकारी में गला दबाने की आशंका जताई गई है, हालांकि पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट कारण बताने की बात कही है.

घटना की खबर मिलते ही परिजन बड़ी संख्या में तिलक नगर थाने पहुंच गए. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को छोड़ दिया है. इसी बात को लेकर थाने परिसर में जमकर हंगामा हुआ. बाद में गुस्साए लोग बाहर मुख्य नजफगढ़ रोड पर आ गए और नारेबाजी करने लगे.

मृतक के चाचा ने कहा, “मेरा भतीजा घर पर था. कुछ लड़के उसे बुलाकर ले गए और बाद में पता चला कि उसे मार दिया गया. हमें नहीं पता किसने मारा, लेकिन जब हम थाने आए तो पुलिस हम पर ही लाठी चला रही थी.” परिवार की ओर से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी डंडा लेकर भीड़ को थाने से बाहर करते दिख रहे हैं.

Advertisement

परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिलाओं और पुरुषों के साथ बल प्रयोग किया, जबकि उनका बच्चा मारा गया है. देर रात तक इलाके में तनाव की स्थिति बनी रही. डीसीपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी थाने पर मौजूद रहे और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हत्या की असली वजह क्या है, इसे लेकर अब भी स्थिति साफ नहीं है.  

Input: मनोरंजन कुमार

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement