दिल्ली में एक ट्रक ड्राइवर और उसके हेल्पर को 6 हजार किलो काजू चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. चोरी किये गए काजू का मूल्य लगभग 48 लाख रुपये है. गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर की पहचान मो. सबीर (24) और उसके हेल्पर की मो. फैजान (32) के रूप में पहचान की गई है.
न्यूज एजेंसी से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया कि आलोक भाटिया नाम के एक शख्स ने 7 जुलाई को एक शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया कि था कि आलोक ने एक लॉरी बुक की थी. इस पर लॉरेंस रोड में 48 लाख रुपये की 6000 किलोग्राम काजू की गिरी लोड की गई थी और उसे हल्दीराम मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड बदरपुर पहुंचाना था.
एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस नॉर्थवेस्ट संध्या स्वामी ने बताया कि माल को ट्रक में लोड जरूर किया गया, लेकिन ड्राइवर और हेल्पर उसे लेकर गंतव्य तक नहीं पहुंचा. यहां तक कि दोनों ने अपना मोबाइल फोन स्वीच्ड ऑफ कर लिया. आलोक भाटिया की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई.
एडीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने जिस रूट का इस्तेमाल किया था. उस रूट के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया. इस दौरान पुलिस ने दोनों को ट्रेस कर लिया और आदर्श नगर एरिया से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही जिस ट्रक को बुक किया गया था, उसे भी आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन से बरामद कर लिया गया.
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार ड्राइवर और हेल्पर ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. दोनों ने आसानी से ज्यादा पैसे बनाने के चक्कर में 48 लाख रुपये के काजू भरे ट्रक को उड़ा लिया था. 48 लाख रुपये के 5910 किलोग्राम काजू दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से बरामद कर लिये गए हैं. मामले की आगे जांच चल रही है.