scorecardresearch
 

कई दिनों तक फ्लैट में पड़ी रही महिला की लाश! बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना

दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में एक फ्लैट से 54 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ. घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. मृतका की पहचान अराचिमानी संथाल के रूप में हुई, जो अविवाहित थी और अकेली रहती थी. फिलहाल, पुलिस को मामले में किसी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं.

Advertisement
X
घर में अकेली रह रही थी महिला.(Photo: Representational)
घर में अकेली रह रही थी महिला.(Photo: Representational)

दिल्ली के उत्तरी जिले के मजनू का टीला इलाके में एक फ्लैट से 54 वर्षीय महिला का शव बरामद किया गया है. घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फ्लैट के अंदर महिला का शव पड़ा मिला.

पुलिस अधिकारियों और जांच टीम ने मौके का निरीक्षण किया. जांच के दौरान फ्लैट से एक आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर मृतका की पहचान अराचिमानी संथाल के रूप में हुई. आधार कार्ड के अनुसार महिला का पूरा नाम अराचिमानी संथाल पुत्री बालकृष्णन अराचिमानी था. महिला की उम्र 54 वर्ष बताई गई है और वह मजनू का टीला (सिविल लाइंस) इलाके में अकेली रहती थी.

यह भी पढ़ें: दिल्ली में हत्या की दो घटनाएं... करावल नगर में पत्नी और दो बेटियों का मर्डर, नंद नगरी में भाई ने बहन के प्रेमी को मारी गोली

मामले की जांच के लिए जिला क्राइम टीम और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. दोनों टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए.

अकेले रहती थी महिला, नहीं मिला किसी साजिश का संकेत

Advertisement

स्थानीय लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि मृतका अविवाहित थी और लंबे समय से उक्त पते पर अकेले रह रही थी. पड़ोसियों के मुताबिक महिला का इलाके के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था और वह सामान्य तौर पर किसी से बातचीत भी नहीं करती थी.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में फिलहाल किसी तरह की साजिश या आपराधिक गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं. हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.

मृतका के शव को परिजनों की पहचान और दावा किए जाने के लिए 72 घंटे तक सब्जी मंडी मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है. पुलिस ने इस मामले में बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement