scorecardresearch
 

बकरीद की रात खूनी वारदात से दहला दिल्ली का जहांगीरपुरी... 26 साल के युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या

नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में बकरीद के जश्न के बीच एक युवक की हत्या कर दी गई. जिस घर में सेवइयां बन रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और आंसू हैं. मामूली कहासुनी ने एक 26 साल के युवक की जान ले ली. सिगरेट को लेकर हुए विवाद में कुछ लड़कों ने युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया. पुलिस ने मामले में तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
सिगरेट को लेकर शुरू हुआ था विवाद. (File Photo: ITG)
सिगरेट को लेकर शुरू हुआ था विवाद. (File Photo: ITG)

बकरीद की रात घरों में जश्न का माहौल था, लोग अपनों के साथ त्योहार की खुशियां बांट रहे थे. लेकिन दिल्ली के जहांगीरपुरी में एक परिवार के लिए यह रात हमेशा का दर्द बन गई. जिस घर में ईद मनाई जा रही थी, वहां कुछ ही देर बाद मातम पसर गया. मामूली विवाद के बाद 26 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई.

मामला नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र के सी ब्लॉक का है. पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय अरबाज शुक्रवार रात करीब 11 बजे अपने घर के पास मौजूद था. इसी दौरान इलाके के कुछ लड़कों के साथ उसकी कहासुनी हो गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद एक मामूली बात को लेकर शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया.

झगड़े के दौरान अरबाज पर चाकुओं से हमला किया गया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. खून से लथपथ हालत में उसे तत्काल बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Jahangirpuri murder youth stabbed to death three minors detained

अरबाज जहांगीरपुरी के सी ब्लॉक का रहने वाला था और इलाके में ही एक सुनार की दुकान पर काम करता था. युवक की मौत के बाद घर में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: किसी का काटा हाथ, किसी की गर्दन... 25 एकड़ जमीन के लिए एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने स्थानीय लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है और वारदात में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की असली वजह क्या थी और आखिर मामूली कहासुनी इतनी बड़ी वारदात में कैसे बदल गई. हत्या के बाद इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement