दिल्ली नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए चुनाव होने हैं जिसके लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई है. 29 अप्रैल के दिन तक तीनों निगमों को अपने मेयर और डिप्टी मेयर मिल जाएंगे. तीनों निगमों के मेयर और डिप्टी मेयर का कार्यकाल एक साल का होगा. इसके बाद मई 2022 में दिल्ली नगर निगम के चुनाव होने हैं. मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव के लिए तीनों नगर निगमों ने अधिसूचना जारी कर दी है.
मेयर चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. 19 अप्रैल को शाम 5 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलेगी. इसके बाद 27 अप्रैल को उतरी और 28 अप्रैल को साउथ दिल्ली के बाद 29 अप्रैल को पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मेयर का चुनाव होगा. मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की घोषणा होने के साथ ही तीनों निगमों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मेयर की रेस में पुरुष पार्षद के साथ-साथ महिला पार्षद भी शामिल हैं और अपनी किस्मत आजमाना चाहती हैं.
गौरतलब है कि पिछले साल कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से एक ही दिन में तीनों निगम के मेयर बदल गए थे लेकिन इस साल 2021 में तीन दिन में ये बदलाव होगा. मेयर के बाद डिप्टी मेयर का चुनाव होगा और इसके बाद स्थाई समिति के चुनाव कराए जाएंगे. इस साल मेयर के चुनाव अपने सही समय पर हो रहे हैं. पिछले साल यानी साल 2020 में ये चुनाव जून के महीने में हुए थे.
बीजेपी के पास है बहुमत
मेयर और डिप्टी मेयर की सीट बीजेपी के पास ही रहने वाली है. बीजेपी के पास एमसीडी में बहुमत है. बता दें कि साल 2017 में एमसीडी के चुनाव हुए थे. तब बीजेपी ने पूर्ण बहुमत का आंकड़ा पार कर एमसीडी की सत्ता में फिर से वापसी की थी. तब से अब तक चार मेयर चुने जा चुके हैं. इसबार एमसीडी के पांचवें मेयर चुने जाएंगे.