दिल्ली के निजी स्कूलों में अपने बच्चों का एडमिशन करवाने की चाह रखने वाले अभिभावकों के लिए एक अच्छी खबर है. अब उन्हें स्कूलों की जानकारी के लिए भटकने की जरूरत नहीं होगी. दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने मंगलवार को निजी स्कूलों को इस बाबत एक निर्देश जारी किया गया है. इसमें कहा गया है कि वे 2015-16 के शैक्षणिक सत्र में नर्सरी दाखिले के लिए अपनाए गए मापदंड के बारे में विवरण वेबसाइट पर अपलोड करें.
शिक्षा निदेशालय की अतिरिक्त निदेशक आशिमा जैन ने कहा, ‘गैर सहायताप्राप्त और मान्यताप्राप्त सभी निजी स्कूलों के प्रबंधकों को निर्देशित किया जाता है कि वे विभाग की वेबसाइट http://www.edudel.nic.in/ पर अपलोड करें.’ स्कूलों से कहा गया है कि वे तीन जनवरी तक विवरण अपलोड करें. इस निर्देश के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा.
-इनपुट भाषा से