दिल्ली में तेज रफ्तार कार की टक्कर से मारे गए 25 वर्षीय डिलीवरी एजेंट हेम शंकर की मां रुक्मिणी ने कहा कि उन्होंने परिवार का इकलौता कमाने वाला खो दिया है. रोते हुए उन्होंने कहा, 'अब मेरा ख्याल कौन रखेगा? मेरा कोई नहीं है.' यह हादसा शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे हुआ.
'नशे में लग रहा था कार चालक'
हेम शंकर Zepto में डिलीवरी एजेंट के तौर पर काम करते थे. शनिवार तड़के करीब 3:26 बजे वह इलेक्ट्रिक स्कूटर से जा रहे थे, तभी पीछे से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने पहुंचते ही मृत घोषित कर दिया. पुलिस के मुताबिक चश्मदीदों ने बताया कि कार चालक नशे में लग रहा था और हादसे के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था.
'बेटे ने छोले-भटूरे लाने के लिए कहा'
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रुक्मिणी ने रोते हुए कहा कि शुक्रवार रात घर आने से पहले उनके बेटे ने उनसे छोले-भटूरे लाने के लिए कहा था. उन्होंने कहा, 'उसने कहा कि वह घर आ रहा है और छोले-भटूरे मंगवाने के लिए कहा. घर आकर उसने जल्दी-जल्दी खाना खाया और निकल गया. उसके बाद उससे कोई बात नहीं हुई.' उन्होंने कहा, 'तड़के 3-4 बजे के बीच मुझे हादसे की जानकारी मिली. मैं अस्पताल पहुंची और उसका शव देखा. उन्होंने बताया कि बेटे को उस हालत में देखकर वह बेहोश हो गईं.
'पहले भी एक एक्सीडेंट कर चुकी थी कार'
मृतक के बड़े भाई देवेंद्र ने आरोप लगाया कि आरोपी की कार पहले भी एक हादसे में शामिल थी. उन्होंने कहा, 'मैं एक शादी में था जब उसके दोस्त का फोन आया. अस्पताल पहुंचने तक वह मर चुका था. पीछे से आ रही काली कार पहले भी एक एक्सीडेंट कर चुकी थी और उसी ने मेरे भाई की बाइक को टक्कर मारी. कार पर 14 चालान लंबित हैं. एफआईआर दर्ज हुई है, लेकिन न्याय मिलेगा या नहीं, पता नहीं.'
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक मोहित कुमार (27) की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया गया है. वह नजफगढ़ का निवासी और एमसीडी ठेकेदार है. पुलिस ने कार जब्त कर ली है और मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.