scorecardresearch
 

शराब के नशे में पति ने पत्नी का गला दबाकर की हत्या, बेटे की शिकायत पर आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले के मनेंद्रगढ़ में शराब के नशे में पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद हत्या तक पहुंच गया. आरोप है कि गुस्से में पति ने अपनी पत्नी का साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी. घटना की सूचना बेटे ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
X
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार (Photo: Screengrab)
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार (Photo: Screengrab)

छत्तीसगढ़ के एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में हुए विवाद के बाद एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी. घटना मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के चनवारीडार वार्ड क्रमांक-1 की बताई जा रही है. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम राजू पेंटर और उसकी पत्नी सुब्रतिया के बीच विवाद हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों सुबह से ही शराब के नशे में थे और इसी दौरान उनके बीच लगातार झगड़ा होता रहा. शाम के समय घर के पास स्थित एक कुएं के पास दोनों के बीच फिर से बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई.

साड़ी से गला दबाकर हत्या

झगड़ा इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी पति राजू पेंटर ने अपनी पत्नी का साड़ी से गला दबाकर हत्या कर दी. घटना के बाद वह वहीं बैठा रहा. इस पूरे मामले की जानकारी मृतका के बेटे मुकेश सिंह ने पुलिस को दी. बेटे ने थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई.

सूचना मिलते ही मनेंद्रगढ़ कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आरोपी पति राजू पेंटर को हिरासत में ले लिया. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की और मामले की जांच शुरू कर दी.

Advertisement

कोतवाली प्रभारी दीपेश सैनी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं.

बेटे की शिकायत पर हत्यारा पिता गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी दोनों शराब पीने के आदी थे और अक्सर उनके बीच इसी वजह से विवाद होता रहता था. हालांकि हत्या के पीछे का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement