रायपुर में एक किराए के मकान में युवती का शव मिलने सनसनी फैल गई. बताया जा रहा है कि मृतक युवती पिछले 7 माह से अपने पार्टनर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मामले की जांच शुरू की.
पुलिस ने युवती के प्रेमी को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ करने में जुटी है. मृतका महासमुंद की रहने वाली थी. बताया जा रहा है कि युवती का प्रेमी दो दिन से लाश के साथ कमरे में रह रहा था. पुलिस हत्या और सुसाइड के एंगल से जांच कर रही है.
दो दिन तक लाश के साथ था प्रेमी
जानकारी के मुताबिक, महासमुंद की रहने वाली बसंती यादव (30) एमएमआई अस्पताल में काम करती थी. तिल्दा का रहने वाला गोपी निषाद भी वहीं काम करता था. इस दौरान दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया और दोनों एक साथ रहने लगे.
उन्होंने एक महीने पहले ही टिकरापारा का यह कमरा किराए में लिया था. गोपी ने कुछ दिन पहले अस्पताल का काम छोड़ दिया था और वह फिलहाल वह कोई काम नहीं कर रहा था.
युवती ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
युवती ने फांसी लगाकर खुकुशी की है. आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह देखकर डर गया. उसने रविवार को लाश नीचे उतारी. इसके बाद उसे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे. इसके बाद उसने दरवाजा ही नहीं खोला. फिर रात में थोड़ी देर कुछ खाने के लिए बाहर निकला और तुरंत वापस आकर दरवाजा बंद कर लिया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
दो दिन से जब बसंती नहीं दिखी और कमरे से बदबू आने लगी, तो पड़ोसियों ने मकान मालिक और वहीं रहने वाले उसके बेटे को बताया. इन लोगों ने दरवाजा खुलवाया, तो गोपी हाथ जोड़कर रोने लगा. मकान मालिक से बोलने लगा कि प्लीज पुलिस को नहीं बुलाएं.
पुलिस ने बताया कि युवती की मौत 2 दिन पहले हो चुकी है. युवती के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है.