छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली हैं. शुक्रवार को बीजापुर में 12 घंटे चले ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 12 नक्सलियों को मार गिराया था. सुरक्षाबलों ने राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में इस साल अब तक 104 नक्सलियों में ढेर कर दिया है.
पुलिस ने बताया कि शनिवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट होने से 25 साल एक महिला की मौत हो गई. एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शांति पुनेम गंगालूर पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर मल्लूर गांव के पास तेंदू पत्ता इकट्ठा कर रही थी, तभी विस्फोट में उसकी मौत हो गई. अधिकारी ने कहा कि अपने काम में व्यस्त पुनेम ने प्रेशर आईईडी पर कदम रख दिया, जिससे विस्फोट हो गया.
मारे गए थे 12 नक्सली
विस्फोट स्थल पीडिया गांव से करीब 20 किमी दूर है, जहां शुक्रवार को सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए थे. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया.
अधिकारी ने बताया कि बीजापुर सहित सात जिलों वाले बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त के दौरान सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए नक्सली अक्सर सड़कों, कच्चे रास्तों और जंगलों में आईईडी लगाते हैं. उन्होंने कहा कि अतीत में बस्तर में कई नक्सलियों द्वारा बिछाए गए ऐसे विस्फोटकों का शिकार हुए हैं.
20 अप्रैल को बीजापुर के गंगालूर इलाके में नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि 12 अप्रैल को इसी जिलों में मिरतुर इलाके में विस्फोट में सड़क निर्माण में लगे एक मजदूर की मौत हो गई थी. इस घटनाक्रम के बाद जिले की सीमा से लगे जंगलों में सुरक्षाकर्मियों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया था.
DRG ने मार गिराया था नक्सली
धमतरी के पुलिस अधीक्षक अंजनेय वार्ष्णेय ने पीटीआई को बताया कि मुठभेड़ दोपहर में हुई. जब धमतरी से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) की एक टीम अंतर-जिला सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी. उन्होंने बताया कि गोलीबारी रुकने के बाद राजधानी रायपुर से 150 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित घटनास्थल से एक नक्सली का शव बरामद किया गया.
अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और आसपास के इलाकों में तलाश जारी है. राज्य में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में इस साल अब तक 104 नक्सली मारे गए हैं.