बिहार विधानसभा चुनाव होने में अभी एक साल का वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों के द्वारा सियासी बिसात बिछाई जाने लगी हैं. जेडीयू ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे को अभी से प्रमोट करने में जुट गई है. इसके लिए बकायाद नया नारा दिया है, 'क्यों करें विचार, ठीके तो है नीतीश कुमार.' जेडीयू के इस नारे के जवाब में आरजेडी ने बिहार में 'तेजस्वी सरकार' बनाने के ऑनलाइन अभियान की शुरुआत की है.
आरजेडी नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को अगला मुख्यमंत्री बनाने को लेकर पार्टी ने सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया है. आरजेडी ने अपने फेसबुक पेज पर एक फोटो पोस्ट किया है जिसमें तेजस्वी सरकार बनाने की बात कही गई है. तेजस्वी के पक्ष में जो पोस्ट डाला गया है, जिसमें नारा दिया गया है, 'कर लिया है विचार, हमें चाहिए तेजस्वी सरकार.'
आरजेडी का सोशल मीडिया कैंपेन कहीं ना कहीं 2014 में बीजेपी के कैंपेन से भी मिलता जुलता नजर आ रहा है. 2014 में बीजेपी ने 'अबकी बार- मोदी सरकार' बनाने का नारा दिया था. इसी तर्ज पर आरजेडी ने तेजस्वी के पक्ष में नारा गढ़ा है. इस तरह से आरजेडी ने जेडीयू के नारे के जवाब में बीजेपी के हिट स्लोगन की कापी की है.
आरजेडी ने अपने फेसबुक पेज पर तेजस्वी सरकार बनाने का पोस्टर डालने के अलावा नीतीश कुमार के लिए जेडीयू द्वारा जारी किए गए स्लोगन पर कविता के जरिए हमला बोला है.
आरजेडी की ओरे पोस्ट की कविता...
'क्यूं न करें विचार
गड़बड़ है नीतीश कुमार
हर दिन हो रही है,
हत्या, लूट और बलात्कार.'
'क्यूं न करें विचार,
पलटीमार है नीतीश कुमार.
जनादेश लूट लिया सरेबाजार
चल रही हैं हवाला-हलाला की सरकार
स्थापित हो गया राक्षसराज.'
'क्यूं न करें विचार,
कुर्सी के लालची है नीतीश कुमार
शराबबंदी में भी मिल रहा शराब
चहुंओर फैला दिया व्याभिचार.'
क्यूं न करें विचार,
माफिया से मिले है नीतीश कुमार.'
बाजार में मचा है हाहाकार,
हर तरह फैला है अंधकार
भ्रष्टाचारियों से सजा है सुशासनी दरबार
फिर किस मुंह से कहूं , सुशासन की सरकार.'
'क्यों ना विचार करे बिहार
अपराधियों के संरक्षक हैं नीतीश कुमार
सृजन, शौचालय, धान सहित 36 घोटालों का भ्रष्टाचार
और मुजफ्फरपुर बालिका कांड का अत्याचार
सब कांड पर लगी है सुप्रीम फटकार.'
'फिर क्यूं न करें विचार
सब गड़बड़ पर मौन है नीतीश कुमार.'