बिहार के छपरा में बंगरा घाट महासेतु की अप्रोच रोड टूट गई है. खास बात है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज इस महासेतु का उद्घाटन करने वाले हैं. 509 करोड़ की लागत से बने बंगरा घाट महासेतु की अप्रोच सड़क टूटने पर सियासत शुरू हो गई है. राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार से कई सवाल पूछे हैं.
तेजस्वी यादव ने कहा, 'नीतीश कुमार ने वर्षों से 509 करोड़ की लागत से बन रहे बंगरा घाट पुल का अभी आनन-फानन में उद्घाटन कर दिया, लेकिन पुल की अप्रोच पथ टूटी हुई है. टूटे हुए पुलों, पथों और बांधों के उद्घाटन की इन्हें इतनी जल्दी क्यों है? उद्घाटन से पहले ही पथ टूटना इनके काले भ्रष्टाचार की पोल खोल रहा है?'
वीडियो में देखिए। पटना में बैठकर 509 करोड़ की लागत के जिस पुल का अभी नीतीश कुमार जी उद्घाटन कर रहे है उसका पहुँच पथ वास्तविक लोकेशन पर धँस रहा है।अब इससे ज़्यादा भ्रष्टाचार का बड़ा सबूत क्या होगा?कोई पुल उद्घाटन के दिन,कोई उद्घाटन के पहले और कोई उद्घाटन के 29 दिन बाद टूट जाता है।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi)
आगे तेजस्वी यादव ने कहा, 'पटना में बैठकर 509 करोड़ की लागत के जिस पुल का अभी नीतीश कुमार जी उद्घाटन कर रहे है, उसका पहुंच पथ वास्तविक लोकेशन पर धंस रहा है. अब इससे ज़्यादा भ्रष्टाचार का बड़ा सबूत क्या होगा? कोई पुल उद्घाटन के दिन, कोई उद्घाटन के पहले और कोई उद्घाटन के 29 दिन बाद टूट जाता है.'
इससे पहले गोपालगंज आरजेडी ने ट्वीट करके कहा, 'गोपालगंज का बंगरा घाट का पुल जो CM द्वारा उद्घाटन के पहले ही टूट गया. अब BJP-JDU वाले हल्ला करेंगे कि पुल नहीं अप्रोच रोड टूटा है जैसे अप्रोच रोड विपक्ष ने बनाया हो. CM फिर भी उद्घाटन करेंगे क्योंकि वो आजकल किसी भी नई, पुरानी, जर्जर, टूटी चीज़ों का उद्घाटन करने को आमादा हैं!'
क्या है मामला
बैकुंठपुर में सारण बांध टूटने की वजह से बंगरा घाट महासेतु की अप्रोच रोड कट गई. महासेतु की अप्रोच सड़क करीब 50 मीटर के दायरे में ध्वस्त हो गई है. बंगरा घाट महासेतु के छपरा साइड में करीब 11 किलोमीटर और मुजफ्फरपुर साइड में 8 किलोमीटर लंबे अप्रोच सड़क का निर्माण किया गया है. महासेतु और अप्रोच सड़क की लागत 509 करोड़ रुपये आई है.