नेशनल लॉकडाउन के बाद अब अनलॉक की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है और कई राज्यों में चीजों को लेकर ज्यादा छूट दी जा रही है. इसके बावजूद सेलेब्स का बालों के साथ प्रयोग करना पसंदीदा टास्क बना हुआ है. हॉलीवुड स्टार ब्रूस विलिस, आयुष शर्मा, नीना गुप्ता जैसे कई सितारे हैं जिन्होंने पिछले कुछ समय में अपने करीबी लोगों को हेयरकट दिया है.
हाल ही में माधुरी दीक्षित ने भी अपने पति राम नेने को हेयरकट दिया था. माधुरी ने अपने लेटेस्ट पोस्ट के सहारे बताया कि लॉकडाउन ने उन्हें सबसे महत्वपूर्ण चीज क्या सिखाई है. माधुरी ने राम के साथ एक तस्वीर शेयर की और लिखा- राम के हेयरस्टाइल के साथ प्रयोग कर मजा आया. सेल्फ क्वारनटीन को आज 100 दिन हो चुके हैं. हमने इस लॉकडाउन से जो सबसे अहम चीज सीखी है वो यही है कि कैसे आत्मनिर्भर रहा जा सकता है.
View this post on Instagram
लॉकडाउन में सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं माधुरी
लॉकडाउन में माधुरी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हुई हैं. वे थ्रोबैक तस्वीरें तो शेयर कर ही रही हैं साथ ही साथ कुछ मुद्दों को लेकर भी मुखर हैं. उन्होंने अलग-अलग तरीकों के सहारे इस लॉकडाउन में अपने फैंस के साथ कनेक्ट करने की कोशिश की है. उन्होंने ट्विटर पर फैंस के साथ एक गेम खेला था. इस गेम में माधुरी ने फैंस से उनके फेवरेट माधुरी दीक्षित सॉन्ग का नाम पूछा था और फिर उस गाने से जुड़ी यादें साझा की थी. इस गेम के दौरान माधुरी ने कई मजेदार बातों का खुलासा किया था.
माधुरी ने सोशल मीडिया पर #AMA सेशन भी रखा था जहां उन्होंने फैंस के सवालों के जवाब दिए थे. माधुरी ने इसके अलावा अपने फैंस को नेशनल लॉकडाउन में ऑनलाइन फ्री में डांस भी सिखाया था. माधुरी ने कहा था कि अपनी इस कोशिश के सहारे वे अपने फैंस को तनावमुक्त रखने की कोशिश कर रही हैं.