पंजाबी दुल्हन के रूप में सोनम कपूर का ब्राइडल लुक बेमिसाल है. ऑल टाइम फेवरेट ज्वैलरी के साथ सोनम का लुक परफेक्ट पंजाबी ब्राइड जैसा है. उनकी ये तस्वीरें आपने भी देखी होगी. उनकी फोटो में एक चीज बेहद ख़ास थी. शायद उस पर गौर न किया हो. दरअसल, सभी तस्वीरों में नजर आ रही ये ख़ास चीज सोनम को दूसरी नॉन पंजाबी ब्राइड्स से अलग करती है. आइए जानें क्या है ये खास चीज.
ये ख़ास चीज कुछ और नहीं बल्कि सोनम कपूर के हाथों में चूड़े के साथ सजे कलीरे हैं. ज्यादातर गैर पंजाबी चूड़े और कलीरे से अनजान होते हैं. हालांकि अब ये शादियों में फैशन की तरह ट्रेंड में भी आने लगा है. पहले बात करते हैं चूड़े की. 21 चूड़ियों से सजा चूड़ा सेट दुल्हन के मामा और मामी
की तरफ से एक तोहफे के रूप में दुल्हन को शादी से पहले पहनाया जाता है.
दुल्हन की शादी की सुबह मामा ही चूड़े को पहनाते हैं. पहनाने से पहले चूड़े को दूध और गुलाब की पत्तियों में डुबोया जाता है. इसके बाद दुल्हन को इसे पहनाने से पहले सभी रिश्तेदार और करीबी दोस्त चूड़े को हाथ लगाकर दुल्हन को अपनी शुभकामनाएं देते हैं.
दुल्हन जब चूड़ा पहन लेती हैं तो उस चूड़े पर दोनों कलाइयों पर सफेद रंग का रूमाल बांध दिया जाता है. इस रस्म के मुताबिक दुल्हन को अपना चूड़ा शादी होने तक नहीं देखना होता है. चूड़े का रंग दुल्हन की पसंद और रंग के रिवाज के चलते अलग-अलग हो सकता है. संगीत में आपने भी देखा होगा कि काफी सजी-धजी सोनम की कलाइयों पर कपड़ा बंधा था.
अब बात करते हैं कलीरों की, जिसे सोनम ने पहना था. एक-दूसरे से गूथे ख़ूबसूरत (लटकन की तरह) कलीरों को चूड़े के साथ पहने जाने वाले मेटल
की चूड़ी में बांधा जाता है. कलीरों को दुल्हन की कलाइयों पर उसके दोस्त और रिश्तेदार बांधते हैं. ये दुल्हन के लिए उनकी तरफ से शुभकामनाओं का संकेत देता है.
कलीरे की नारियल की शेप इस बात का भी प्रतीक मानी जाती है कि दुल्हन को कभी भी नए घर में भोजन या धन-धान की कमी नहीं हो, कलीरों को धन और और समृद्धि का
प्रतीक माना जाता है.
पंजाबी शादियों में कलीरों की मजेदार रस्म भी होती है. दरअसल, दुल्हन अपने कलीरों को परिवार या रिश्तेदार की अविवाहित लड़कियों के सिर पर गिराती है. दुल्हन कलीरों को तोड़कर नहीं गिराती है बल्कि
अपनी कलाइयों को तेजी से लड़कियों के सिर पर हिलाती है. जिस भी लड़की के सिर पर कलीरें की कटोरी या कोई भी हिस्सा गिरता है तो माना जाता है कि अब अगली शादी
उस लड़की की होगी.सोनम ने अपनी चचेरी बहनों पर इस रस्म को किया. जाह्नवी कपूर के सिर पर कलीरे टूटकर नहीं गिरे पर अंशुल कपूर के सिर पर ये टूटकर गिरे.
शादी के बाद लड़की अपनी कलाई का एक कलीरा पंडित के आशीर्वाद के लिए मंदिर में छोड़ आती है. जबकि दूसरी कलाई का कलीरा अपने मां-बाप के घर की निशानी के तौर पर ससुराल साथ
ले जाती है.
दुल्हन इस कलीरे को शादी की निशानी के तौर पर संभाल कर रखती है.