हरियाणवी इंडस्ट्री से बुरी खबर सुनने को मिल रही है. कंटेंट क्रिएटर और एक्ट्रेस, दिव्यांका सिरोही का निधन हो गया है. मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली. दिव्यांका की बड़ी बहन आरती ने इंस्टा पर पोस्ट शेयर कर बहन की मौत की दुखद खबर शेयर की है. इंस्टा पोस्ट में लिखा है- बेहद दुख के साथ बताना चाहती हूं कि मेरी छोटी बहन दिव्यांका का 21 अप्रैल को निधन हो गया. भगवान उसकी आत्मा को शांति दे.
दिव्यांका के जाने से दुखी फैंस
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित अपने घर पर दिव्यांका की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वो चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ीं. बुधवार सुबह दिव्यांका का अंतिम संस्कार उनके होमटाउन में किया गया. घटना के बारे में परिवार ने बताया कि मंगलवार को दिव्यांका नॉर्मल थीं. उन्होंने अपने भाई के लिए खाना भी बनाया था. हालांकि उन्होंने हल्की तबीयत खराब होने की बात जरूर कही थी. इसी बीच उनका भाई किसी जरूरी काम से बाहर चला गया था. बाहर जाते समय उसने घर का गेट बंद करने के लिए मैसेज किया, जिसका दिव्यांका ने ‘ओके’ में जवाब भी दिया था. लेकिन जब परिवार के लोग वापस लौटे, तो दिव्यांका मृत अवस्था में मिली.
परिजनों के मुताबिक, उनका शरीर अकड़ा हुआ था और हल्की सूजन भी दिखाई दे रही थी. अचानक क्या हुआ था, ये अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. शुरुआती आशंका हार्ट अटैक की जताई जा रही है. हालांकि मौत का वास्तविक कारण साफ नहीं है.
दिव्यांका की मौत की खबर ने उनके फैंस को स्तब्ध कर दिया है. एक्ट्रेस की उम्र महज 30 साल थी. इतनी कम उम्र में दिव्यांका का यूं दुनिया छोड़कर चले जाना शॉकिंग है. फैंस और हरियाणवी इंडस्ट्री के सितारों ने दिव्यांका की मौत पर दुख जताया है. सभी नम आंखों से एक्ट्रेस को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. दिव्यांका के इंस्टा पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स थे.
परिवार के अनुसार, दिव्यांका का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था. उनका पैतृक गांव भी बुलंदशहर में है. वो फिलहाल अपने भाई और बहन के साथ गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसाइटी में रह रही थीं. दिव्यांका ने मेरठ में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीसीए किया था. फिर सिक्किम से एमबीएस की डिग्री ली.
एक इंटरव्यू में दिव्यांका ने बताया था कि उन्हें बचपन से डांसिंग और एक्टिंग का शौक था. वो टिकटॉक वीडियो बनाती थीं. उन्होंने सुनंदा शर्मा के गाने 'मेरी मम्मी नू पसंद नी तू' पर ब्लू सूट पहनकर एक वीडियो बनाया था. उनके कातिलाना एक्सप्रेशंस की वजह से वो वीडियो वायरल हुआ. इसके बाद से उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा था. उनके उस वीडियो को 20 मिलियन व्यूज आए थे. दिव्यांका ने कई हरियाणवी गानों में काम किया था. उनकी ऑनस्क्रीन प्रेजेंस और एक्सप्रेसिव एक्टिंग ने उन्हें हरियाणवी इंडस्ट्री में फेमस बना दिया था. दिव्यांका ने शादी नहीं की थी.
एक्ट्रेस की मौत के बाद इंस्टा पर उनका एक पुराना पोस्ट वायरल हो रहा है. 9 जून 2023 को दिव्यांका ने एक इमोशनल पोस्ट कर कैप्शन में लिखा था- भगवान शिव मुझे अपने साथ लेकर जाओ. वो इंस्टा पर काफी एक्टिव रहती थीं. उनकी मिलियन डॉलर स्माइल पर फिदा रहने वाले फैंस मौत की खबर सुनकर सुन्न हैं. दिव्यांका अब इस दुनिया में नहीं रहीं, इसे सच मानना उनके लिए मुश्किल है. फैंस का कहना है दिव्यांका अपने गानों और वीडियोज के जरिए उनके दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी.
RIP दिव्यांका सिरोही!