वरुण धवन और उनकी पत्नी नताशा दलाल साल 2024 में एक बेटी के पेरेंट्स बने थे. एक्टर 3 जून 2024 को बेटी लारा के पिता बने थे. बेटी के पिता बनने के बाद वरुण की जिंदगी पूरी तरह बदल गई थी. हालांकि बेटी लारा को लेकर वो ज्यादा विस्तार से बातचीत नहीं किया करते थे. लेकिन अब वरुण ने अपनी बेटी से जुड़ी एक शॉकिंग बात सामने रखी है.
वरुण बताते हैं कि उनकी बेटी लारा को डेढ़ साल की उम्र में डेवलपमेंटल डिस्प्लेसिया ऑफ द हिप (DDH) है. वो ठीक तरह से चल नहीं पाती हैं. एक्टर ने बताया कि उनकी बेटी का इलाज चल रहा है और वो धीरे-धीरे ठीक होने की राह पर भी हैं. बी अ मैन यार के हालिया एपिसोड में वरुण ने अपनी बेटी की तकलीफ के बारे में खुलकर बात की.
वरुण की बेटी लारा को है ये बीमारी
एक्टर ने कहा, 'मेरी बेटी को DDH नाम की बीमारी हो गई थी. इसमें बच्चे का हिप अपने सॉकेट से बाहर निकल जाता है या ठीक से फिट नहीं बैठता. इसकी वजह से एक पैर दूसरे पैर से छोटा या लंबा हो जाता है. इस वजह से आपकी चाल टेढ़ी हो जाती है. बच्चा ठीक से ना तो चल पाता है और ना ही दौड़ पाता है.'
'आपको आर्थराइटिस और स्लिप डिस्क जल्दी हो जाता है. वेस्ट में इस बीमारी का इलाज बचपन से ही बहुत अच्छा होता है. भारत में अभी हर जगह इतना अच्छा इलाज मौजूद नहीं है. लेकिन यहां भी बहुत अच्छे डॉक्टर हैं जो इसकी अच्छी देखभाल करते हैं. उसे सर्जरी करने की जरूरत नहीं पड़ी. एक प्रोसीजर से ही उन्होंने उसका हिप ठीक जगह पर लगा दिया.'
वरुण आगे बताते हैं उनकी बेटी को काफी समय तक प्लास्टर में रहना पड़ा था. वो कहते हैं, 'लेकिन उसके बाद उसे स्पिका कास्ट (जो एक खास तरह का प्लास्टर है) लगाना पड़ा. मतलब पूरे ढाई महीने तक उसका पूरा शरीर प्लास्टर में जकड़ा रहा. ये बहुत मुश्किल समय था. उसे एनेस्थीसिया देकर सुलाया गया, और जब वो उठी तो पूरा शरीर प्लास्टर में था. अब प्लास्टर निकल गया है. मैं इस पूरे एक्सपीरियंस पर एक किताब लिखना चाहता हूं.'
अंत में वरुण ने सभी माता-पिता से अपील की है कि वो अपने बच्चों पर ध्यान दें और इसे नजरअंदाज ना करें. साथ ही एक्टर ने ये भी साफ किया कि उन्होंने इस बात को सहानुभूति पाने के लिए नहीं शेयर किया. वो बस इंडिया में इसे लेकर जागरूकता फैलाना चाहते हैं. वरुण का कहना है इस बीमारी का इलाज मौजूद है.