वैलेंटाइन वीक के सातवें दिन यानी 13 फरवरी को किस डे मनाया जाता है. ऐसे में बॉलीवुड की 'एवरग्रीन' ब्यूटी माधुरी दीक्षित की 1988 में आई फिल्म 'दयावान' का एक किसिंग एक्सपीरियंस उनके जेहन में आज भी किसी बुरे सपने की तरह ताजा है. जिसने न केवल उस समय तहलका मचाया था, बल्कि माधुरी के मन पर भी गहरा निशान छोड़ा था.
दरअसल उस वक्त विनोद खन्ना इंडस्ट्री के सुपरस्टार थे और माधुरी अपनी पहचान बनाने की जद्दोजहद में लगी एक नई कलाकार थीं. फिल्म के सुपरहिट गाने 'आज फिर तुमपे प्यार आया है' की शूटिंग के दौरान हुई उस घटना ने माधुरी को इतना आहत किया कि उन्होंने हमेशा के लिए परदे पर अपनी सीमाएं तय कर लीं.
किसिंग सीन को लेकर क्या बोलीं माधुरी?
रेडियो नशा को दिए एक इंटरव्यू में माधुरी दीक्षित ने खुलकर स्वीकार किया कि उस सीन को फिल्माना उनके जीवन की सबसे बड़ी सीख थी. उन्होंने बताया कि उस वक्त वह काफी छोटी थीं और उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह सीन परदे पर इतना बोल्ड दिखेगा. माधुरी के मुताबिक, 'हर चीज आपको कुछ न कुछ सिखाती है. उस सीन के बाद मैं इतनी ज्यादा शर्मिंदा और असहज महसूस कर रही थी कि मैंने तभी यह फैसला कर लिया था कि भविष्य में मैं कभी ऐसा कुछ नहीं करूंगी.' आज भी जब वह उस सीन को देखती हैं, तो वह हैरान रह जाती हैं.
शूटिंग के दौरान बेकाबू हो गए थे विनोद खन्ना
सालों से फिल्मी गलियारों में यह चर्चा रही है कि उस सीन की शूटिंग के दौरान जो हुआ, वह स्क्रिप्ट का हिस्सा नहीं था. रिपोर्ट्स की मानें तो किसिंग सीन के दौरान विनोद खन्ना कथित तौर पर खुद पर नियंत्रण खो बैठे थे. सीन इतना हिंसक हो गया था कि उन्होंने जरूरत से ज्यादा देर तक माधुरी को किस किया और उनके होंठ पर काट लिया, जिससे खून तक निकल आया था. इस अप्रत्याशित व्यवहार से माधुरी बुरी तरह डर गईं और सेट पर ही फूट-फूट कर रोने लगी थीं. यह वाकया उस समय इंडस्ट्री में पावर के गलत इस्तेमाल और युवा एक्ट्रेसेस की असुरक्षा का एक बड़ा उदाहरण बन गया था.
फिरोज खान का पछतावा और कानूनी नोटिस का चक्कर
फिल्म के डायरेक्टर फिरोज खान ने भी सालों बाद इस सीन पर अपना अफसोस जाहिर किया था. उन्होंने माना था कि माधुरी जैसी टैलेंटेड एक्ट्रेस के साथ ऐसा सीन फिल्माना गलत था और उनके बढ़ते स्टारडम के लिहाज से इसकी जरूरत नहीं थी. जानकारी के मुताबिक, माधुरी ने फिल्म के रिलीज से पहले फिरोज खान से उस सीन को हटाने की काफी गुजारिश की थी और यहां तक कि मेकर्स को लीगल नोटिस भी भेजा गया था. लेकिन डायरेक्टर ने फिल्म की डिमांड बताते हुए उस सीन को हटाने से साफ इनकार कर दिया.
माफी और दोबारा काम न करने की कसम
इंडस्ट्री में चर्चा है कि उस विवादित सीन को फिल्म का हिस्सा बनाए रखने के लिए माधुरी को अतिरिक्त 1 करोड़ रुपये दिए गए थे, जो उस दौर के हिसाब से एक बहुत बड़ी राशि थी. बाद में अपनी गलती का एहसास होने पर विनोद खन्ना ने माधुरी से माफी भी मांगी थी. हालांकि, माधुरी का दिल इस कदर टूट चुका था कि उन्होंने 'दयावान' के बाद फिर कभी विनोद खन्ना के साथ काम न करने की कसम खा ली. यह अनुभव माधुरी के करियर का वो पन्ना बन गया जिसने उन्हें सिखाया कि इंडस्ट्री में खुद के लिए 'ना' कहना कितना जरूरी है.