म्यूजिक इंडस्ट्री में जुबिन नौटियाल का सफर बहुत आसान नहीं रहा है. लगभग 9 साल के स्ट्रगल के बाद जुबिन ने आज यह मुकाम हासिल किया है. क्या आपको पता है, जुबिन एक बार पहले भी मुंबई से लौट चुके हैं, उस वक्त जुबिन महज 17 साल के थे और 2007 में रियलिटी शो का हिस्सा बनने मुंबई पहुंचे थे. 2009 तक निराशा हाथ लगने के बाद जुबिन वापस अपने शहर की ओर चल दिये और लगभग तीन साल के रियाज के बाद वे मुंबई लौटे.
जुबिन पहले सिंगिंग रिएलिटी शो में ऑडिशन के लिए आए थे. जहां उन्हें रिजेक्शन की मार झेलनी पड़ी. हाल ही में जुबिन उसी शो में बतौर स्पेशल गेस्ट में शामिल भी हुए थे. जुबिन बताते हैं, ' मैंने कभी नहीं सोचा था कि लोगों का इतना प्यार मिलेगा. जब मुंबई आया था, तो उस वक्त केवल रिएलिटी शो ही मेरी आस थी. मैं यहां किसी को नहीं जानता था. वहां से रिजेक्शन के बाद मैं कई बड़े म्यूजिक डायरेक्टर्स से भी मिला. मुझे याद है उस दौरान एआर रहमान सर से भी मुलाकात हुई. उन्होंने जब मेरी आवाज सुनी थी, तो मुझसे कहा था कि अभी तुम्हें बहुत रियाज की जरूरत है. तुम्हारी आवाज अभी तक बनी नहीं. तुम अपने घर वापस जाओ और पूरी तैयारी के साथ मुंबई वापस आना. मैं काफी निराश हुआ था, हालांकि उनकी बात सही थी. मैं वापस उत्तराखंड के जौनसार लौट गया. फिर पूरी तैयारी के साथ मुंबई आया. उसके बाद कभी भी रहमान सर से मुलाकात नहीं हो पाई लेकिन एक दिन उन्होंने मेरे गीत हम्मा-हम्मा को शेयर करते हुए हमारी पूरी टीम की तारीफ की. यह मेरे लिए किसी अचीवमेंट से कम नहीं था. तब जाकर लगा पूरा सर्किल कंप्लीट हुआ.वहीं मेरे पहले गाने एक मुलाकात को मैं अपना टर्निंग पॉइंट मानता हूं. इस गाने ने मेरी जिंदगी बदल दी.'