बॉलीवुड सिंगर-रैपर बादशाह इन दिनों एक बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी में फंस चुके हैं. उनके नए गाने 'टटीरी' को लेकर बवाल चल रहा है. गाने में जिन लिरिक्स और सीन्स का इस्तेमाल किया गया, उसपर हरियाणा महिला आयोग ने आपत्ति जताई. हरियाणा में कई जगहों पर रैपर के खिलाफ FIR भी दर्ज हुई, जिसके बाद उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया. अब बादशाह ने इस पूरी कॉन्ट्रोवर्सी पर माफी मांगी है.
टटीरी गाने पर बादशाह को अफसोस
बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो डाला, जिसमें वो अपने 'टटीरी' गाने को बेहूदा बताते हुए लोगों को हुई परेशानी पर माफी मांग रहे हैं. वो कह रहे हैं कि मेरा नया गाना रिलीज हुआ है और मैं देख रहा हूं कि उसके एक हिस्से में मेरे लिरिक्स और विजुअल रिप्रेजेंटेशन की वजह से, जो मैसेज गया है उससे कई लोगों को खासकर मेरे हरियाणा के लोगों को, उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है.
बादशाह कह रहे हैं, 'सबसे पहले मैं ये कहना चाहूंगा कि मैं खुद हरियाणा से हूं. जो लोग मुझे जानते हैं, उन्हें पता है कि मेरी बोली, खान-पान, रहन-सहन, मेरी पहचान सबकुछ हरियाणा का है. मैं एक प्राउड हरियाणवी हूं. मेरा कभी भी कोई ऐसा इरादा नहीं था कि मैं हरियाणा के किसी बच्चे या किसी औरत/महिला के बारे में ऐसी बेहूदी बात करूं. मैं खुद हिप-हॉप जॉनर से हूं, जहां लिरिक्स अक्सर कॉम्पिटीशन को नीचा दिखाते हैं या ये अपने प्रतिद्वंदी के लिए बोले जाते हैं. वो शब्द कभी किसी भी औरत-बच्चे के लिए नहीं थे. ना मैं ऐसा कभी करूंगा.'
बादशाह आगे कहते हैं कि उन्होंने हमेशा हरियाणा के कल्चर को आगे बढ़ाने की कोशिश की. अगर गाने के उस हिस्से से किसी को भी ठेस पहुंची है, तो मैं तहे दिल से आप सभी से माफी मांगता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि आप मुझे हरियाणा का बेटा समझकर, अपना बेटा समझकर मुझे माफ करेंगे.
क्या थे आपत्तिजनक लिरिक्स जिसके चलते फंसे बादशाह?
बादशाह ने अपने गाने 'टटीरी' में रैप किया जिसमें वो बोले थे, 'आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने' जिसपर काफी लोगों ने आपत्ति जताई. लिरिक्स की अश्लीलता को देखते हुए हरियाणा में FIR हुईं, जिसके बाद वहां की पुलिस ने भी ताबड़तोड़ एक्शन लिया. पुलिस ने बादशाह को जल्द से जल्द पेश होने का आदेश दिया है. साथ ही उनके देश छोड़कर जाने पर भी रोक लगा दी गई है.