भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने एसपी, बीएसपी और कांग्रेस पर मिलकर देश लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक-दूसरे को गालियां देने वाले ये दल दिल्ली में साथ हैं और इनके सफाए के बिना देश सुरक्षित नहीं हो सकता.
बीजेपी की लखनऊ में हुई विजय शंखनाद महारैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, 'सपा, बसपा और कांग्रेस एक-दूसरे को गाली देते हैं. पर ये दिल्ली में साथ हैं. महंगाई और भ्रष्टाचार के बावजूद सपा, बसपा केन्द्र में कांग्रेस का साथ दे रहे हैं. देश को लूटने का काम तीनों मिलकर कर रहे हैं.'
उत्तर प्रदेश में सत्तारुढ समाजवादी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए राजनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता ने बडी़ उम्मीद के साथ पूर्ण बहुमत देकर यह सरकार बनवाई थी, मगर उसे धोखा मिला है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कानून-व्यवस्था नाम की चीज बची ही नहीं है और मां बहनों की इज्जत तक सुरक्षित नहीं.
राजनाथ सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि मंत्री की भैंस चोरी हो जाती है, तो पुलिस सक्रिय हो जाती है. मगर कोई लड़का गायब हो जाता है, तो पुलिस सोती रहती है.
पाकिस्तानी और चीनी सैनिकों द्वारा बार-बार सीमा का अतिक्रमण करने की घटनाओं का जिक्र करते हुए, हाल ही में सिंधुरत्न पनडुब्बी हादसे में नौसेना के दो अधिकारियों की मौत की ओर इशारा करते हुए राजनाथ ने कहा कि यूपीए सरकार देश की सुरक्षा से भी खिलवाड़ कर रही है. उन्होंने पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की बढ़ती लोकप्रियता का उल्लेख करते हुए कहा कि जितने राजनीतिक हमले उन पर हुए हैं, इतिहास में किसी पर नहीं हुए, मगर ईश्वर परीक्षा भी उन्हीं की लेता है, जिससे कुछ बड़ा करवाना होता है.
राजनाथ ने मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनवाने की अपील करते हुए कहा कि केन्द्र में बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने पर सुरक्षा-व्यवस्था की खामियां दूर की जाएंगी और देश में ही उच्च गुणवत्ता के सैन्य हथियार और उपकरण बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे.
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने बीजेपी में फिर शामिल होने की घोषणा की और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता देते हुए कहा कि शीघ्र ही उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी. इससे पूर्व, रैली को संबोधित करते हुए कल्याण सिंह ने हाल ही में गठित एसपी और वामपंथी दलों समेत 11 पार्टियों के तीसरे मोर्चे पर निशाना साधा और कहा, 'यह थर्ड फ्रंट नहीं, बल्कि फेल्ड फ्रंट है'. उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता केजरीवाल, एसपी नेता मुलायम सिंह यादव और बीएसपी की मायावती का नाम लेते हुए कहा, 'यह सपने देखने का मौसम चल रहा है और लोग पीएम बनने के सपने देख रहे हैं...मुंगेरीलाल के हसीन सपने. मगर जनता तो मोदी को पीएम बनाने का फैसला कर चुकी है, जो 80 दिनों में सामने आ जाएगा.'
हाल ही में बीजेपी में शामिल हुए पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह और बीजेपी में विलीन हो चुकी इंडियन जस्टिस पार्टी के नेता उदित राज ने भी रैली को संबोधित किया. वीके सिंह ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सीमा का अतिक्रमण की घटनाएं इसलिए हो रही है कि केन्द्र में सरकार कमजोर है.
उदित राज ने कहा कि वे तो बीजेपी में शामिल ही हो चुके हैं, दलितों की राजनीति करने वाले लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान और महाराष्ट्र के रामदास अठावले भी बीजेपी के साथ आ गए हैं. यह दावा करते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व में दलितों और पिछडों का हित सुरक्षित है, क्योंकि यह विकास की राजनीति कर रही है और जब विकास होगा, तो सब का विकास होगा.
भारतीय राजस्व सेवा से अपर आयुक्त के पद से इस्तीफा देकर लगभग एक दशक पहले सक्रिय राजनीति में उतरे उदित राज ने कहा कि अब बीएसपी के अस्तित्व की जरूरत नहीं है और सभी दलितों पिछडों को बीजेपी के साथ आ जाना चाहिए.