scorecardresearch
 
Advertisement
Speech Analytica: Live analysis of PM Modi's speech
पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण का लाइव विश्लेषण

अखनूर में बोले PM मोदी, एनसी और पीडीपी सबने जम्मू से छल किया

aajtak.in | नई दिल्ली | 30 मार्च 2019, 8:04 AM IST

लोकसभा चुनाव 2019 का रण अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. चुनाव तारीख के ऐलान के 18 दिन बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार चुनावी रैलियों को संबोधित कर रहे हैं. पीएम मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के मेरठ, उत्तराखंड के रुद्रपुर में जनसभाओं को संबोधित किया. यहां उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर हमला बोला और साथ ही अपनी सरकार की योजनाओं को भी बताया. पीएम ने अपने भाषणों में सर्जिकल स्ट्राइक, एयरस्ट्राइक और अंतरिक्ष में हासिल की गई उपलब्धि को भी जमकर भुनाया.

 

6:40 PM (7 वर्ष पहले)

एनसी और पीडीपी सबने जम्मू से छल किया

Posted by :- ravikant singh
हमारी सरकार ने यहां के युवा साथियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए अवसरों में भारी वृद्धि की है. सेना और केंद्रीय बालों में एक विशेष भर्ती अभियान के तहत यहां के 20 हजार युवाओं को हमने भर्ती कराया है. कांग्रेस, एनसी और पीडीपी सबने जम्मू से छल किया है, भेदभाव किया. विकास के तमाम प्रोजेक्ट्स को लटकाने और भटकाने का काम किया है.
6:10 PM (7 वर्ष पहले)

मरे-पड़े हैं ये नेता: PM मोदी

Posted by :- ravikant singh
जम्मू कश्मीर की स्थिति जो आज है इसके लिए कांग्रेस, नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी जिम्मेदार हैं. इन्हीं के कारण कश्मीरी पंडितों को इतना कुछ सहना पड़ा. आतंकवाद का जो जहर घुला है उसके जिम्मेदार भी यही लोग हैं. ये वो लोग हैं जिन्होंने भारत के सामर्थ्य पर भी कभी भरोसा नहीं किया. इनके पास बड़े और कड़े फैसले लेने कि हिम्मत ही नहीं है. ये मरे-पड़े लोग हैं.
6:05 PM (7 वर्ष पहले)

चौदीदार से छुटकारा चाहते हैं ये महामिलावटी

Posted by :- ravikant singh
आज आतंकी और आतंक के सरपरस्त ये दुआ मांग रहे हैं कि कुछ भी हो जाए. मगर चौकीदार से जैसे तैसे छुटकारा मिल जाए और ये महामिलावटी दिल्ली में बैठ जाएं लेकिन क्या देश को ये मंजूर है. कांग्रेस के नामदार के गुरु जो कांग्रेस की नीति निर्धारित करते हैं वो बिना लाज-शर्म, हिंदुस्तान की धरती पर मीडिया के सामने आतंकियों को क्लीन चिट दे रहे हैं. जब गुरु ही ऐसा होगा, तो चेला कैसा होगा और चेले के साथी कैसे होंगे?

6:03 PM (7 वर्ष पहले)

प्रचार के पहले दिन माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद मिला

Posted by :- ravikant singh
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि 2019 के चुनाव के लिए जब में पूरे देश से आशीर्वाद लेने निकला हूं तो पहले दिन जम्मू में मुझे माता वैष्णो देवी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है. डोगरों की शौर्यगाथा और हम भाजपा के लोगों की रगो में दौड़ रही प्रेमनाथ डोगरा जी की त्याग और तपस्या हमें नई स्फूर्ति दे रही हैं.

Advertisement
6:02 PM (7 वर्ष पहले)

दूसरा सुर अलाप रहे कांग्रेस के नेता: मोदी

Posted by :- ravikant singh
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, पूरा देश आज एक सुर में और एक स्वर में बात कर रहा है लेकिन कांग्रेस के नेता दूसरे ही सुर अलाप रहे हैं. पहली बार ऐसे हुआ है कि सीमा पार भारत को दहलाने के लिए आने वाले आतंकी भी आज 100 बार सोच रहे हैं. मुझे समझ नहीं आता कि क्या ये वही कांग्रेस है, जिसमें रहकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने आजाद भारत की कल्पना की थी.

5:59 PM (7 वर्ष पहले)

भारत के पक्ष में नहीं है कांग्रेस की बात

Posted by :- ravikant singh
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को जम्मू कश्मीर के अखनूर में एक जनसभा को संबोधित किया. उन्होंन कहा कि बालाकोट में एयर स्ट्राइक के बाद कांग्रेस के नेता ऐसी बात कर रहे हैं, जो भारत के पक्ष में नहीं है. इतना ही नहीं, जम्मू कश्मीर के नेता भी ऐसी बात कर रहे जो गांव में रहने वाले लोगों को मंजूर नहीं है. प्रधानमंत्री ने कहा कि 11 अप्रैल को जब आप कमल के फूल के सामने वाले ईवीएम का बटन दबाएंगे, तो उसकी आवाज देश के भीतर जमे आतंकियों के और उसके साथियों में तो खलबली मचाएगी ही और साथ में सीमा पार भी उसकी गूंज सुनाई देगी.  सीमापार आतंक की फैक्ट्री चलाने वाले आज खौफ में है.

5:28 PM (7 वर्ष पहले)

लालू के हस्तक्षेप के बाद तेज प्रताप ने कैंसिल की प्रेस कॉन्फ्रेंस

Posted by :- Vishal Kasaudhan
तेज प्रताप यादव शिवहर और जहानाबाद सीट से अपने समर्थक अंगेश कुमार और चंद्र प्रकाश को टिकट दिलवाना चाहते हैं और इसी को लेकर उन्होंने पार्टी के ऊपर दबाव बनाने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था. जानकारी के मुताबिक तेज प्रताप यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंगेश सिंह और चंद्र प्रकाश की शिवहर और जहानाबाद से उम्मीदवारी की घोषणा करने वाले थे मगर पर लालू के हस्तक्षेप के बाद तेज प्रताप के तेवर नरम पड़ गए और उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसिल कर दी.
5:25 PM (7 वर्ष पहले)

तेज प्रताप यादव का इस्तीफा

Posted by :- Vishal Kasaudhan
तेज प्रताप यादव ने छात्र राष्ट्रीय जनता दल के संरक्षक पद से इस्तीफा दे दिया है. ट्विटर पर इसका ऐलान करते हुए तेज प्रताप ने लिखा, 'नादान हैं वो लोग जो मुझे नादान समझते हैं, कौन कितना पानी में है सबकी है खबर मुझे' . इससे पहले वह प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे, लेकिन ऐन वक्त पर इसे कैंसिल कर दिया गया. बताया जा रहा है कि तेज प्रताप पार्टी से नाराज चल रहे हैं. कई सीटों पर अपने प्रत्याशियों को टिकट दिलाना चाहते हैं.
4:35 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- Vishal Kasaudhan
झारखंड में लालू प्रसाद यादव की पार्टी राजद को एक और झटका लगा है. उनकी पार्टी के नेता गिरिनाथ सिंह ने बीजेपी ज्वॉइन कर लिया. रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण की मौजूदगी में गिरिनाथ भाजपा में शामिल हुए.
Advertisement
4:25 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- Vishal Kasaudhan
मेरठ और रुद्रपुर में पीएम नरेेंद्र मोदी की रैली पर कांग्रेस ने हमला बोला. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आज मेरठ में देश ने ‘प्रपंच मंत्री’ का बौखलाया हुआ-ढोंग,नाटक व ड्रामे से भरा भाषण सुना. 4 फ़रवरी 2017 को मेरठ से ही मोदीजी ने यूपी के गन्ना किसानों से वादा किया कि 14 दिनों में बकाये का भुगतान कर देंगे. सच्चाई-अभी भी यूपी के गन्ना किसानों का ₹10000 करोड़ से ज़्यादा बक़ाया है.
3:40 PM (7 वर्ष पहले)

असम में बोले अमित शाह- सभी 14 सीटों पर जीतेगा गठबंधन

Posted by :- Vishal Kasaudhan
असम में रैली को संबोधित करते हुए बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि असम की सभी 14 सीटों पर एजीएम, बोडोलैंड पार्टी और बीजेपी गठबंधन की जीत होगी.  उन्होंने कहा कि अगर मोदी सरकार दोबारा सत्ता में आती है तो असम में हो रहे घुसपैठ को हम रोकेंगे
3:00 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- vijay rawat
सवर्णों को 10 फीसदी आरक्षण का मुद्दा पीएम मोदी ने महज दो लाइन में निबटा दिया. क्या बीजेपी इसे चुनावी मंच से नहीं भुनाने जा रही? अगर हां तो क्या इसकी वजह दलित-पिछड़े वर्ग के वोटरों के बीच गलत संदेश जाने की आशंका है?
2:54 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- vijay rawat
'कांग्रेस हटाओ गरीबी अपने आप हट जाएगी' मोदी की ये बात पिछले चुनाव के कांग्रेस मुक्त भारत के नारे जैसी लगती है. पिछले चुनाव में इसका जबर्दस्त असर हुआ था लेकिन ये सियासी कारतूस दोबारा चलेगा क्या, ये देखने वाली बात होगी.
2:52 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- vijay rawat
वन रैंक वन पेंशन एक ऐसा मुद्दा है जो पिछले चुनाव में भी मोदी ने जमकर भुनाया था. इसके लिए कांग्रेस द्वारा 500 करोड़ रुपये आवंटित करने को मोदी ने तब भी महज रस्मअदायगी बताया था. अपनी सरकार द्वारा वन रैंक वन पेंशन के लिए 35 हजार करोड़ का बजट की बात बताकर उन्होंने साफ करने की कोशिश की है कि कांग्रेस और उनकी सरकार में क्या अंतर है.
Advertisement
2:50 PM (7 वर्ष पहले)

कांग्रेस हटाओ, गरीबी खुद हट जाएगी

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस चाहती तो करतारपुर साहिब आज भारत में होता. कांग्रेस ने जो देश के साथ किया, वही गरीबों-किसानों के साथ किया. कांग्रेस सिर्फ नारे देती है और भूल जाती है, 4 पीढ़ी पहले जो वादा किया था वही वादा इस चुनाव में भी दोहरा रहे है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस हटाओ, गरीबी अपने आप हट जाएगी. कांग्रेस की वजह से ही गरीबी है, मोदी जो करता है मिशन के साथ करता है.  PM ने कहा कि 2022 में देश में कोई भी परिवार बिना घर के नहीं होगा, ये मेरा वादा है. उन्होंने कहा कि आज सेना को देश में ही बनी आधुनिक तोपें मिल रही हैं, आधुनिक हथियार मिल रहे हैं, बुलेट प्रूफ जैकेट मिल रही हैं. सेना ये सामान कांग्रेस की सरकार से मांग रही थी, उन्होंने कोई चिंता नहीं की, क्योंकि ध्यान सुरक्षा पर नहीं मलाई खाने पर था.
2:48 PM (7 वर्ष पहले)

Posted by :- vijay rawat
मोदी ने साफ कर दिया है कि वो बालाकोट को चुनाव में भुनाएंगे. उन्होंने इससे रोकने वालों को कांग्रेस का राग दरबारी करार दिया है. उत्तराखंड जिसे वीर सैनिकों की भूमि कहा जाता है मोदी सेना और उसके शौर्य को चुनावी मुद्दा बनाने में जुटे हैं. जनता की प्रतिक्रिया बता रही है कि वो अपने मिशन में सफल हैं.
2:48 PM (7 वर्ष पहले)

मोदी को अखिलेश का जवाब, चुनाव आया तो नया सराब दिखा रहे हैं

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी मेरठ रैली में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने यहां समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के गठबंधन की तुलना सराब से की. जिसपर अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. अखिलेश ने ट्वीट कर लिखा कि इन्हें सराब और शराब का अंतर भी नहीं पता है.

पूरी खबर पढ़ें... मोदी को अखिलेश का जवाब, चुनाव आया तो नया सराब दिखा रहे हैं

2:42 PM (7 वर्ष पहले)

मोदी का वार- हम डरने वाले नहीं

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री मोदी बोले कि विरोधी चाहते हैं मैं बालाकोट पर चुप रहूं, लेकिन क्या मैं आतंकियों से डर जाऊं. आपका ये चौकीदार डरने वाला नहीं है. उन्होंने कहा कि हम डरने वाले नहीं बल्कि डटने वाले हैं. PM ने कहा कि जब पहले आतंकी हमले हुए तो सरकार चुप रही और कोई एक्शन नहीं लिया, सेनाध्यक्ष पर केस कर तख्तापलट का आरोप लगाया. PM ने कहा कि अटल जी ने राफेल खरीदने की शुरुआत की थी लेकिन कांग्रेस 10 साल तक फाइल पर इसलिए बैठी रही क्योंकि मलाई नहीं मिल रही थी.
2:40 PM (7 वर्ष पहले)

सेना पर सवाल करने वालों को जनता देगी जवाब

Posted by :- Mohit Grover
PM ने कहा कि उत्तराखंड में चार धाम है, लेकिन मैं एक और धाम जोड़ता हूं वो है सैनिक धाम. इस धरती पर सैन्य अकादमी है और लाखों सैनिक है. यहां हर दूसरा घर सैनिक का है, इसलिए ये सैनिक धाम को मेरा नमन. सर्जिकल स्ट्राइक के बाद जब हमारे जवानों की वीरता पर सवाल उठाना सही थी, जब आतंकियों को घर में घुसकर मारा गया तो सवाल करना ठीक था क्या, क्या हमारे सेनाध्यक्ष पर सवाल उठाना सही है क्या. पीएम ने कहा कि देश की जनता इन्हें माफ नहीं करेगी.
Advertisement
2:35 PM (7 वर्ष पहले)

पूर्व सीएम हरीश रावत पर मोदी ने साधा निशाना

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री बोले कि यहां से जो पहले मुख्यमंत्री थे वह पहले सिर्फ एक परिवार की ही हाजिरी लगाते थे और उनके लिए रोजगार ढूंढते थे. पीएम ने कहा कि मेरे कार्यकाल के शुरुआती तीन साल में यहां कांग्रेस सरकार थी इसलिए काम में दिक्कत आई. आज उत्तराखंड में चार धाम और ऑलवेदर का काम भी तेज़ी से चल रहा है.
2:27 PM (7 वर्ष पहले)

रुद्रपुर में मोदी की रैली

Posted by :- Mohit Grover
मेरठ की रैली को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड के रुद्रपुर में रैली को संबोधित किया. पीएम ने कहा कि हम विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन हमारे देश के सैनिकों को अपमानित किया जा रहा है, देश के सेनानायकों को अपशब्द बोले जाते हैं ये उत्तराखंड की धरती वीरों की भूमि है, इसलिए यहां देश के चौकीदार को आशीर्वाद देने के लिए निकल पड़े हैं. PM ने यहां मैं भी चौकीदार के नारे भी लगवाए. प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस कल्चर ने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया, यहां के युवाओं को कांग्रेस ने पलायन करवाया. पीएम ने पूछा कि ऐसे लोगों को 11 अप्रैल को सजा मिलनी चाहिए.
2:04 PM (7 वर्ष पहले)

बिहार में 'रार' है

Posted by :- Mohit Grover
बिहार में एक बार फिर महागठबंधन को लेकर बड़ी खबर आई है. राजद नेता तेजप्रताप यादव महागठबंन में टिकट बंटवारे से खुश नहीं हैं. वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिवहर और जहानाबाद सीट से अपने पसंद के उम्मीदवार उतार सकते हैं.
1:48 PM (7 वर्ष पहले)

राहुल गांधी से मिलने उनके घर पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा, क्या कांग्रेस में होंगे शामिल?

Posted by :- Mohit Grover
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से पटना साहिब लोकसभा क्षेत्र से टिकट काटे जाने के बाद असंतुष्ट नेता शत्रुघ्न सिन्हा अब कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं. ऐसी खबर थी कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा आज गुरुवार को कांग्रेस में शामिल होंगे, लेकिन सूत्र बताते हैं कि उनके नई पार्टी में शामिल होने से पहले ही मामला फंस गया है जिससे इस संबंध में देरी हो रही है.

पूरी खबर पढ़ें... राहुल गांधी से मिलने उनके घर पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा, क्या कांग्रेस में होंगे शामिल?
1:47 PM (7 वर्ष पहले)

सपा-रालोद-बसपा को मोदी ने बताया 'सराब', कहा- सेहत के लिए हानिकारक

Posted by :- Mohit Grover
पीएम ने यहां सपा-रालोद-बसपा के गठबंधन को ‘सराब’ कहकर पुकारा और कहा कि इनसे बचने की जरूरत है क्योंकि ये हानिकारक हैं. प्रधानमंत्री ने कैसे विरोधियों पर चुन-चुनकर वार किया.
पूरी खबर पढ़ें... सपा-रालोद-बसपा को मोदी ने बताया 'सराब', कहा- सेहत के लिए हानिकारक
Advertisement
1:39 PM (7 वर्ष पहले)

अखिलेश का पलटवार

Posted by :- Mohit Grover
अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर पलटवार किया है. उन्होंने प्रधानमंत्री के 'सराब' वाले कमेंट पर पलटवार किया.


1:37 PM (7 वर्ष पहले)

कांग्रेस ने पीएम मोदी को बताया ड्रामा किंग

Posted by :- Mohit Grover
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया है. कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पीएम मोदी न्याय स्कीम का विरोध क्यों कर रहे हैं. क्या वह गरीबों के खिलाफ हैं. ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री स्टेज पर खड़े हुए एक व्यक्ति की तरह हैं. कांग्रेस प्रवक्ता सुरजेवाला ने पीएम मोदी को ड्रामा किंग बोला. उन्होंने कहा कि जब पीएम पहले मेरठ आए थे तो गन्ना किसानों के बकाए का वादा किया था.


1:04 PM (7 वर्ष पहले)

सेहत के लिए हानिकारक है सराब

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री ने यहां विपक्ष पर निशाना साधा और सपा-बसपा-रालोद के गठबंधन को 'सराब', उन्होंने कहा कि सपा का स, रालोद का रा और बसपा का ब से बचें, क्यों ये सेहत के लिए हानिकारक है.
12:43 PM (7 वर्ष पहले)

दो लड़कों से बुआ-बबुआ तक

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस पार्टी के नेताओं को जेल भेजने के लिए बहनजी ने जीवन के दो दशक लगा दिए उसी से उन्होंने हाथ मिला लिया, जिस दल के नेता गेस्ट हाउस में खत्म करना चाहते थे अब वो उनको साथी हो गए. उन्होंने कहा कि यूपी में तो सबकुछ बहुत जल्दी-जल्दी हो रहा था. पिछले चुनाव में 2 लड़कों का खेल देखा और अब बुआ-बबुआ का खेल हुआ, ये भी बड़ा गजब है. उन्होंने कहा कि बोर्ड बदलने से दुकानें नहीं बदलती हैं. पीएम ने कहा कि यूपी की जनता 2014, 2017 से ज्यादा आशीर्वाद देगी. उन्होंने कहा कि ये लोग भारत को हमेशा कमजोर बनाकर रखना चाहते हैं. मैं इनसे जानना चाहता हूं कि किसके इशारे पर, किसको फायदा पहुंचाने के लिए आप लोग ऐसा कर रहे हैं.
12:40 PM (7 वर्ष पहले)

राहुल पर मोदी का तंज

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री बोले कि मैं कल A-SAT की बात कर रहा था, तो कुछ बुद्धिमान लोग थियेटर सैट समझ रहे थे. मुझे इनकी बुद्धिमत्ता पर शक होता है. उन्होंने कहा कि मैं देश को आज फिर याद दिलाना चाहता हूं, याद रखिए, कुछ लोगों ने कैसे सरकारें चलाई हैं, कैसे देश के सुरक्षाहितों से खिलवाड़ किया है. हमारी वायुसेना, नया लड़ाकू विमान मांग रही थी, उनकी सरकार फैसले को टालती रही। विमान हादसे होते रहे, उनकी सरकार फैसले को टालती रही.
Advertisement
12:36 PM (7 वर्ष पहले)

एयर स्ट्राइक को भुनाने की कोश‍िश

Posted by :- Ranjit Singh
पीएम मोदी पाकिस्तान के बालाकोट में हुई एयर स्ट्राइक को चुनावी रैली में बखूबी भुना रहे हैं. इस मसले पर सबूत मांगने के ल‍िए व‍िपक्ष पर मोदी करारा प्रहार कर रहे हैं.
12:36 PM (7 वर्ष पहले)

देश के चौकीदार को कोई नहीं झुका सकता है: मोदी

Posted by :- Mohit Grover
पीएम मोदी बोले कि यहां के विरोधी आज पाकिस्तान में छाए हुए हैं, उनके नाम की तालियां बज रहे हैं. इस देश को हिंदुस्तान के हीरो चाहिए या फिर पाकिस्तान के हीरो चाहिए, हमें सबूत चाहिए या फिर सपूत चाहिए.  हमारे देश ने पाकिस्तान में घुसकर जो किया अगर उसमें गड़बड़ी हो जाती, तो ये लोग मोदी को ही गाली देते. उन्होंने कहा कि आप आश्वस्त रहिए देश के ये चौकीदार को कोई नहीं झुका सकता है. 
12:31 PM (7 वर्ष पहले)

चौकीदार को चुनौती देने वाले आज रो रहे हैं

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री मोदी बोले कि जब ये योगी की सरकार आई है, तब से यूपी में गुंडों की हालत खराब हुई है. मोदी ने कहा कि अगर महामिलावटी लोगों को जरा भी मौका मिल गया तो देश फिर पुरानी स्थिति में चला जाएगा. विरोधी बौखला गए हैं ये देश दो महीने से देश देख रहा है, जो लोग चौकीदार को चुनौती देते थे अब रो रहे हैं. मोदी ने ये क्यों किया, मोदी ने आतंकियों क्यों मारा, मोदी ने घर में घुसकर क्यों मारा.
12:28 PM (7 वर्ष पहले)

विरोधी उम्मीदवार ने किया था आतंकियों के ईनाम का वादा

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां मेरठ में जो विरोधी दलों के उम्मीदवार हैं उन्होंने आतंकवादियों के लिए करोड़ों रुपए के ईनाम तक का ऐलान कर दिया था. सोचिए, महामिलावट के लिए ये लोग किस हद तक जा सकते है. PM मोदी ने कहा कि ये महामिलावटी लोग भ्रष्टाचारियों के साथ हैं या नहीं? महामिलावटियों के राज में बेटियों को इंसाफ मिलता था क्या? इनकी सरकार में गुंडे और बदमाश बेलगाम थे या नहीं? क्या ऐसी महामिलावट के हाथ में देश सुरक्षित रहेगा.
12:25 PM (7 वर्ष पहले)

मोदी का विरोधियों पर निशाना

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री ने इस दौरान कहा कि सामान्य वर्ग को आरक्षण देने का फैसला भी हमारी सरकार ने दिया है, समाज का ऐसा कोई व्यक्ति नहीं है और देश का ऐसा कोई कोना नहीं है, जो विकास के हमारे इन कामों से छूटा हो. सबका साथ, सबका विकास की हमारी यही सोच है, जिसपर नए भारत का निर्माण हो रहा है. पीएम मोदी बोले कि इन महामिलावटी लोगों की सरकार जब दिल्ली में थी तब देश में आए दिन बम धमाके होते थे, ये महामिलावटी आतंकियों को संरक्षण देते थे, ये आतंकियों की भी जात और उनकी पहचान देखते थे. उसके आधार पर तय करते थे कि आतंकी को बचाना है या सज़ा देनी है.
Advertisement
12:20 PM (7 वर्ष पहले)

राहुल को मोदी का जवाब

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब मैं बैंक के खाते खुलवाता था बुद्धिमान लोग भाषण करते थे, इस देश में बैंक ही नहीं हैं. जो लोग 70 साल में गरीबों का खाता ही नहीं खुलवा सके, वो कहते हैं तुम्हारे खाते में पैसे डालेंगे. उन्होंने कहा कि जो खाता नहीं खुलवा सकता है, वो खाते में डाल सकता है क्या. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने महिलाओं को मुफ्त में गैस कनेक्शन दिए, गरीबों के घर में शौचालय दिए, पक्का घर दिया, बिजली कनेक्शन दिया है.
12:16 PM (7 वर्ष पहले)

आतंकवादियों से सुरक्षा भी जरूरी: मोदी

Posted by :- Mohit Grover
पीएम मोदी बोले कि एक तरफ नया भारत है तो दूसरी तरफ वंशवाद है, एक तरफ दमदार चौकीदार है तो दूसरी तरफ दागदारों की भरमार है. हमारा विज़न नए भारत होगा जिसकी नई पहचान होगी, जहां सुरक्षा और सम्मान हो. नए भारत में आतंकवादियों से सुरक्षा, भ्रष्टाचारियों से सुरक्षा होना जरूरी है.  प्रधानमंत्री ने कहा कि इस देश ने सिर्फ नारे लगाने वाली सरकारें बहुत देखी हैं लेकिन पहली बार निर्णायक सरकार को देख रहा है.
12:10 PM (7 वर्ष पहले)

चौकीदार नाइंसाफी नहीं करता: मोदी

Posted by :- Mohit Grover
पीएम ने कहा कि आज मैं अपने 5 साल का हिसाब दूंगा और 60 साल वालों का हिसाब भी लूंगा. उन्होंने कहा कि चौकीदार कभी नाइंसाफी नहीं करता, हिसाब होगा सबका हिसाब होगा बारी-बारी से होगा. प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में ऐसे लोगों को जवाब देना होगा कि पुरानी सरकार नाकाम क्यों रहे. आज एक तरफ विकास का प्लान है तो दूसरी तरफ ना नीति है ना नीयत है. एक तरफ फैसले लेने वाली सरकार है तो दूसरी तरफ फैसले टालने वाला इतिहास मौजूद है.
12:08 PM (7 वर्ष पहले)

देश मन बना चुका है: मोदी

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ रैली में कहा कि भारत के लोग मन बना चुके हैं कि फिर एक बार हमारी सरकार बनने जा रही है. पीएम ने कहा कि यहां से अभियान की शुरुआत करने की एक वजह है, ये चुनाव एक नए सपने को पूरा करने का है वही सपना जो 1857 में यहां से शुरू हुआ था. प्रधानमंत्री ने यहां पर शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी.
12:02 PM (7 वर्ष पहले)

योगी ने मोदी राज में सुधरा यूपी

Posted by :- Mohit Grover
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारों के कार्यकाल में कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे नहीं बनने दिया जाता था. आपने मोदी जी के नेतृत्व में यूपी में भाजपा की सरकार बनाई तो प्रदेश की विद्युत व्यवस्था दुरुस्त हो गई. पहले की सरकारें आपकी आस्था पर कुठाराघात करती थीं, आपको कावड़ यात्रा नहीं करने देती थीं. योगी ने यहां पर उत्तर प्रदेश 74 पार, फिर एक बार मोदी सरकार के नारे भी लगवाए.
Advertisement
11:54 AM (7 वर्ष पहले)

योगी ने मिशन शक्ति को बताया बड़ी कामयाबी

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सभा को संबोधित किया. योगी ने कहा कि मोदी की अगुवाई में आज भारत अंतरिक्ष की दुनिया में भी महाशक्ति बन गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो काम कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के समय में जो काम रुका हुआ था वो अब मुमकिन है. उन्होंने यहां नारे लगाए मोदी है तो मुमकिन है.
11:35 AM (7 वर्ष पहले)

मेरठ में नरेंद्र मोदी की रैली

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ में कुछ ही देर में रैली करेंगे. इस रैली के जरिए प्रधानमंत्री मेरठ, बिजनौर, मुजफ्फरनगर समेत पश्चिम उत्तर प्रदेश की कई सीटों को साधने की कोशिश करेंगे.
11:31 AM (7 वर्ष पहले)

अरुणाचल-महाराष्ट्र में मोदी का मिशन 2019

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरुणाचल प्रदेश के ओला, गोरन और गोहपुर में 30 मार्च को रैली करेंगे. महाराष्ट्र के वर्दा, राजहमूंदरी और सिकंदराबाद में प्रधानमंत्री एक अप्रैल को रैली करेंगे.

10:45 AM (7 वर्ष पहले)

एचडी देवगौड़ा के लिए प्रचार करेंगे राहुल

Posted by :- Mohit Grover
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कर्नाटक में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा के लिए भी प्रचार करेंगे. देवगौड़ा तुमकुर सीट से चुनावी मैदान में हैं. कर्नाटक में इस बार कांग्रेस और जेडीएस साथ में चुनाव लड़ रहे हैं.
10:17 AM (7 वर्ष पहले)

मायावती का केंद्र सरकार पर निशाना

Posted by :- Mohit Grover
बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश को संबोधन पर सवाल उठाया. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने बिना पूर्व सूचना इस तरह देश को संबोधित किया, जबकि देश में इमरजेंसी जैसे कोई हालात नहीं हैं.


Advertisement
10:13 AM (7 वर्ष पहले)

मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब से कुछ देर में मेरठ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे.


7:47 AM (7 वर्ष पहले)

आज ही कांग्रेस के होंगे ‘शॉटगन’

Posted by :- Mohit Grover
पिछले काफी समय से भाजपा से नाराज़ चल रहे पटनासाहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आज कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं. शत्रुघ्न कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में ही पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं. भाजपा ने इस बार पटना साहिब से केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद को टिकट दिया है. यही कारण है कि शत्रुघ्न के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों ने तेजी पकड़ी थी. सूत्रों की मानें तो पटनासाहिब से शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के टिकट पर ही चुनाव लड़ सकते हैं.
7:47 AM (7 वर्ष पहले)

रायबरेली में प्रियंका गांधी वाड्रा

Posted by :- Mohit Grover
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के उत्तर प्रदेश दौरे का आज दूसरा दिन है. प्रियंका आज अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में कार्यकर्ताओं से मिलेंगी. बुधवार को प्रियंका अमेठी में थीं जहां उन्होंने लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया था. प्रियंका का कहना था कि अगर पार्टी कहेगी तो वह चुनाव जरूर लड़ेंगी. साथ ही उन्होंने कहा था कि इस बार राहुल गांधी अमेठी से ऐतिहासिक अंतर से जीतेंगे और प्रधानमंत्री भी बनेंगे. रायबरेली में भी प्रियंका बूथ वर्कर्स से मिलेंगी, इसके बाद उन्हें अयोध्या जाना है.


7:46 AM (7 वर्ष पहले)

चुनावी रण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

Posted by :- Mohit Grover
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. पीएम की ये रैलियां उत्तर प्रदेश के मेरठ, उत्तराखंड के रुद्रपुर और जम्मू-कश्मीर के अखनूर में होंगी. चुनाव तारीख के ऐलान के बाद प्रधानमंत्री पहली बार चुनावी सभा को संबोधित कर रहे होंगे. हाल ही में कांग्रेस के द्वारा ऐलान की गई ‘न्याय’ स्कीम के जवाब में प्रधानमंत्री क्या कहते हैं, इस पर भी सभी की नज़र होगी. बता दें कि 11 अप्रैल को होने वाले पहले चरण के मतदान में पश्चिम उत्तर प्रदेश की 8 सीटों पर मतदान होना है. इसे भी पढ़ें... मेरठ लोकसभा सीट: क्या क्रांतिधरा भूमि पर जीत की हैट्रिक लगाएगी BJP?


7:44 AM (7 वर्ष पहले)

आज होगा रैलियों का गुरुवार

Posted by :- Mohit Grover
लोकसभा चुनाव 2019 का रण अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. चुनाव तारीख के ऐलान के 18 दिन बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी आज मेरठ, रुद्रपुर और अखनूर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे. बुधवार को ‘मिशन शक्ति’ की सफलता के बाद भी प्रधानमंत्री आज पहली बार जनता के सामने होंगे. इसके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होंगी. बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा आज कांग्रेस का दामन थामेंगे.
Advertisement
Advertisement