scorecardresearch
 

हड़ताल के बीच JNU में लॉन में लगी क्लास, यूनिवर्सिटी प्रशासन और वाइस चांसलर पर गंभीर आरोप

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्र संघ की हड़ताल के कारण क्लासरूम बंद रहने पर छात्रों की क्लास यूनिवर्सिटी के लॉन में आयोजित की गई. इस दौरान पूर्व प्रोफेसर निवेदिता मेनन ने ‘ग्लोबल साउथ’ विषय पर छात्रों को पढ़ाया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए.

Advertisement
X
छात्रों और शिक्षकों ने खुले में क्लास लगाकर अपना विरोध जारी रखा. ( Photo: jnu.ac.in)
छात्रों और शिक्षकों ने खुले में क्लास लगाकर अपना विरोध जारी रखा. ( Photo: jnu.ac.in)

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में इन दिनों छात्रों की हड़ताल के बीच एक अलग ही दृश्य देखने को मिला. क्लासरूम बंद होने के कारण छात्रों की क्लास यूनिवर्सिटी के लॉन में, खुले आसमान के नीचे लगाई गई. इस क्लास को जेएनयू की पूर्व प्रोफेसर निवेदिता मेनन ने लिया, जिसमें उन्होंने छात्रों को 'ग्लोबल साउथ' के विषय पर पढ़ाया.

हड़ताल के कारण नहीं हो पा रही पढ़ाई
पिछले एक सप्ताह से जेएनयू छात्र संघ (JNUSU) ने यूनिवर्सिटी में हड़ताल कर रखी है. इस हड़ताल के कारण नियमित क्लासरूम में पढ़ाई नहीं हो पा रही है, इसलिए छात्रों और शिक्षकों ने लॉन में क्लास आयोजित करने का फैसला किया. इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं मौजूद रहे और उन्होंने क्लास में सक्रिय रूप से भाग लिया.

यूनिवर्सिटी प्रशासन और वाइस चांसलर पर गंभीर आरोप
इस मौके पर जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष आदिति मिश्रा ने यूनिवर्सिटी प्रशासन और वाइस चांसलर पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वाइस चांसलर छात्रों के चुने हुए प्रतिनिधियों से बात नहीं करती हैं और प्रशासन केवल झूठ बोल रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वाइस चांसलर भ्रष्टाचार में शामिल हैं और अपने प्रमोशन के लिए काम कर रही हैं. हालांकि, इन आरोपों पर यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

यूनिवर्सिटी की लाइब्रेरी में तोड़फोड़ की घटना
छात्र संघ का कहना है कि हाल ही में यूनिवर्सिटी की लाइब्रेरी में तोड़फोड़ की घटना के बाद प्रशासन ने मौजूदा छात्र संघ के चारों पदाधिकारियों और एक पूर्व अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया है. छात्र संघ इस कार्रवाई को गलत और छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश बता रहा है. इस आंदोलन को यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के संगठन जेएनयू शिक्षक संघ (JNUTA) और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार सहित कई पूर्व छात्र नेताओं का समर्थन भी मिला है. उन्होंने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए उनके साथ खड़े होने की बात कही है.

मांगे पूरी होने तक आंदोलन जारी
बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम को कवर करने के लिए मीडिया को अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई. इसके बावजूद छात्र संघ अध्यक्ष आदिति मिश्रा ने मीडिया से बातचीत की और छात्रों की समस्याओं और आंदोलन के कारणों को सामने रखा. छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर आगे भी इसी तरह खुले में क्लास आयोजित करते रहेंगे, ताकि पढ़ाई भी जारी रहे और विरोध भी.

Input: अमरदीप कुमार

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement