सीबीएसई (CBSE) री-इवैल्यूएशन और वेरिफिकेशन पोर्टल में आ रहे तकनीकी ग्लिच के कारण आज सुबह से ही लाखों छात्र और उनके अभिभावक भारी असमंजस और तनाव के दौर से गुजर रहे हैं. तारीखें बदलने और बोर्ड के तमाम दावों के बावजूद जब आज वेबसाइट इनएक्सेसिबल (Inaccessible) रही, तो छात्रों का सब्र जवाब देने लगा था. लेकिन इसी बीच, इस पूरे मामले पर सीबीएसई के आधिकारिक सूत्रों से एक बेहद महत्वपूर्ण और राहत देने वाली खबर सामने आ रही है.
'जल्द ही लाइव होगा पोर्टल'- बोर्ड सोर्सेज
सीबीएसई के उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, तकनीकी खामियों को पूरी तरह दुरुस्त किया जा रहा है और री-इवैल्यूएशन व वेरिफिकेशन पोर्टल को बहुत जल्द दोबारा सुचारू रूप से खोल दिया जाएगा. बोर्ड के सूत्रों ने साफ किया है कि बैकएंड पर काम तेजी से चल रहा है ताकि छात्रों को फॉर्म भरने में किसी भी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े.
यह भी पढ़ें: CBSE Re-evaluation: दावों की खुली पोल! 1 जून को दोबारा लॉन्च हुआ पोर्टल, लेकिन आज भी खुल नहीं रही वेबसाइट!
अफवाहों से बचें, सिर्फ ऑफिशियल सोर्सेज पर ही करें भरोसा
इसके साथ ही सीबीएसई सूत्रों ने देश भर के छात्रों और अभिभावकों से एक खास अपील भी की है. बोर्ड का कहना है कि इस तकनीकी खराबी के दौरान सोशल मीडिया या अन्य जगहों पर चल रही किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान न दें. छात्र और पेरेंट्स सिर्फ और सिर्फ सीबीएसई (CBSE) के आधिकारिक कम्युनिकेशन और आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई सूचनाओं पर ही भरोसा करें.
जाहिर है कि बोर्ड के इस अंदरूनी अपडेट से उन छात्रों को थोड़ी तसल्ली जरूर मिलेगी जो सुबह से कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठकर पोर्टल खुलने का इंतजार कर रहे हैं. अब उम्मीद जताई जा रही है कि कुछ ही समय में वेबसाइट पूरी तरह काम करना शुरू कर देगी.