बिहार में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी)-2024 में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. रविवार को आयोजित हुई परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देते हुए दो महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
इसको लेकर पुलिस ने कहा कि रविवार को केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी)-2024 में दरभंगा जिले के अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर अन्य उम्मीदवारों के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में 12 लोगों को पकड़ा गया है.
फिंगरप्रिंट के जरिए पकड़े गए आरोपी
न्यूज एजेंसी के मुताबिक दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी ने कहा, 'लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अलग-अलग केंद्रों से नौ गिरफ्तारियां की गईं, जबकि दो को सदर पुलिस थाना क्षेत्र के तहत एक केंद्र से पकड़ा गया. वहीं एक व्यक्ति को बहादुरपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया है.
पुलिस ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर उम्मीदवारों के बायोमेट्रिक फिंगरप्रिंट स्कैन के माध्यम से फर्जीवाड़े का पता लगाया गया था. पुलिस ने पर्यवेक्षकों और प्रशासकों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की.
वहीं परीक्षा में फर्जीवाड़ा करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है. पुलिस ऐसे आरोपियों के साथ ही उन अभ्यर्थियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है जिसके बदले ये लोग परीक्षा दे रहे थे.
सूत्रों ने बताया कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या गिरफ्तार किए गए लोग किसी अंतरराज्यीय धोखाधड़ी सिंडिकेट से जुड़े हैं. सीटीईटी परीक्षा सरकारी स्कूलों में टीचर बनने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर हर साल आयोजित की जाती है.