AI टेक्नोलॉजी के तेजी से बढ़ते प्रभाव के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि क्या यह भविष्य में नौकरियों को पूरी तरह से खत्म कर देगा? इसे लेकर AI कंपनी Anthropic के एक नए रिपोर्ट में कई खुलासे हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वर्क प्लेस पर Artificial Intelligence टूल्स का यूज तेजी से बढ़ा है, लेकिन इसके बावजूद कई ऐसे प्रोफेशन हैं, जो अभी भी ऑटोमेशन से काफी दूर हैं. कंपनी के विश्लेषण में ऐसा पाया गया है कि 22 ऐसी नौकरियां हैं जिनमें एआई का असर अभी बेहद कम है.
कंपनी के एआई सहायक Claude के इस्तेमाल को देखने पर पता चला कि एआई कई काम कर सकता है, लेकिन रोजमर्रा के कामों में अभी इसका इस्तेमाल कम हो रहा है. इसलिए इसकी क्षमता और असली उपयोग में अभी फर्क है.
क्या बताते हैं रिपोर्ट?
एआई कंपनी Anthropic ने एक नया अध्ययन किया है, जिससे पता चलता है कि वर्क प्लेस में Artificial Intelligence टूल्स का यूज तेजी से बढ़ रहा है लेकिन फिर भी बड़ी संख्या में कई ऐसे प्रोफेशन हैं जिसमें AI का असर अब भी बहुत कम है. इनमें 22 प्रोफेशन के बारे में बताया गया है जिसमें एआई का असर अभी कम है. यह रिसर्च एंथ्रोपिक के बड़े भाषा मॉडल Claude के असली उपयोग डेटा पर आधारित है. इसमें सिर्फ यह नहीं देखा गया कि एआई क्या कर सकता है, बल्कि यह भी देखा गया कि कर्मचारी रोजमर्रा के कामों में एआई का असल में कैसे इस्तेमाल कर रहे हैं. एंथ्रोपिक इसे Observed Exposure कहता है. इसका मतलब है कि किसी काम का कितना हिस्सा अभी एआई की मदद से किया जा रहा है.

किन नौकरियों पर है AI का ज्यादा असर?
रिपोर्ट के मुताबिक, जिन नौकरियों पर AI का ज्यादा असर देखने को मिल रहा है उनमें कंप्यूटर प्रोग्रामर सबसे ऊपर है. इनमें 75% कामों में अब एआई का इस्तेमाल हो रहा है. इसका कारण है एआई कोडिंग टूल्स का बढ़ता इस्तेमाल. इसके साथ ही कस्टमर सर्विस प्रतिनिधि और डेटा एंट्री से जुड़े काम भी काफी प्रभावित माने गए हैं. डेटा एंट्री में 67% का AI कर रहा है.
इन नौकरियों पर कम है असर
हालांकि, जिन नौकरियों पर AI का बहुत कम असर देखने को मिल रहा है उनमें कुक, मोटरसाइकिल मैकेनिक, लाइफगार्ड, बारटेंडर, बर्तन साफ करने वाले और ड्रेसिंग रूम अटेंडेंट जैसी नौकरियां शामिल हैं.
रिपोर्ट में इन बातों का भी जिक्र
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि AI अभी तक अपनी पूरी ताकत का इस्तेमाल नहीं कर रही है. लेकिन जिन नौकरियों में AI का यूज बहुत ज्यादा है उनमें आने वाले समय में करियर ग्रोथ में थोड़ी कमी हो सकती है. अमेरिका की सरकारी एजेंसी Bureau of Labor Statistics का अनुमान है कि 2034 तक जिन नौकरियों में AI का एक्सपोजर ज्यादा है, उनमें रोजगार की बढ़ोतरी थोड़ी धीमी रह सकती है.