खुद को सेना का अधिकारी बताकर महिलाओं से दोस्ती करने वाला एक शख्स पुलिस की गिरफ्त में आया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को कैप्टन शेखर बताया करता था और कई अंतरराष्ट्रीय वॉट्सऐप ग्रुप में भी जुड़ा हुआ था. इसका असली नाम दिलीप कुमार है और वो सुरक्षा गार्ड का काम करता है. पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया तो उसके पास से आर्मी का जाली आई कार्ड भी मिला. पुलिस ने उसका फोन जब्त कर लिया है.
फोन से पुलिस को कई इंटरनेशनल नंबर मिले हैं जिनसे वो संपर्क में था और कई इंटरनेशन वॉट्सऐप ग्रुप से भी जुड़ा था. पूछताछ में आरोपी दिलीप उर्फ शेखर ने पुलिस को बताया कि उसकी बातचीत सोशल मीडिया के जरिए ही एक पाकिस्तानी महिला से चल रही थी, जिसने खुद को बैंक मैनेजर बताया था और कहा था कि वो तलाकशुदा है. आईएसआई ने इसे सेना का अफसर समझकर हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की थी.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के फोन की जब जांच की गई तो पता लगा कि आरोपी दिलीप उर्फ शेखर कई इंटरनेशन वाट्सऐप ग्रुप से जुड़ा था, और लड़कियों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश करता था. फिलहाल आरोपी से दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और मिलिट्री इंटेलिजेंस और खुफिया एजेंसियों के अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. पुलिस ये जानने की कोशिश कर रही है कि एक गार्ड ने किस तरह से जाली आईकार्ड बनाया और वर्दी ली, और फिर उसे ये तमाम नंबर कहां से मिले?
'ऑन आर्मी ड्यूटी' लिखे ट्रक से बिहार जा रही थी शराब, ऐसे हुआ खुलासा
आरोपी ने सोशल मीडिया पर फेक प्रोफाइल बना रखी थी और वहां पर अपना नाम कैप्टन शेखर लिखा हुआ था. सूत्रों के मुताबिक इसकी प्रोफाइल से लोग जुड़ते चले गए और फिर यहीं से आईएसआई की नजर आरोपी पर पड़ी और उसने इसे हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की. पुलिस ने उसके पास से एक आईडी कार्ड और एक मोबाइल फोन जब्त किया है.
18 जून को 3 बजे ग्रेटर कैलाश पुलिस स्टेशन के सब इंस्पेक्टर धीरज को जानकारी मिली थी कि अर्चना रेड लाइट के पास एक शख्स खुद को आर्मी अफसर बता रहा है और वर्दी में है. इसके बाद तुरंत पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पूछताछ करने के बाद आरोपी को हिरासत में ले लिया और बाद में जब ये साबित हो गया कि उसके पास मौजूद आई कार्ड नकली है तो पुलिस ने आरोपी दिलीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में सामने आया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की एक एजेंट जो खुद को तलाकशुदा और एक बैंक में कार्यरत बता रही थी, इस नकली आर्मी अफसर को हनी ट्रैप करने लगी थी.