scorecardresearch
 

पहले प्रेमी ने लूटी लड़की की आबरू, फिर मदद देने वाले ने किया रेप और ले ली जान

ओडिशा के जगतसिंहपुर में एक लड़की के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग लोगों ने दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी गई. मृतका के बॉयफ्रेंड ने पहले उसका रेप किया और फिर बेसहारा सड़क पर छोड़ दिया. इसके बाद एक अनजान शख्स ने मदद के बहाने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर मौत के घाट उतार दिया.

Advertisement
X
मृतका अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी करने वाली थी. (Photo: ITG)
मृतका अपने प्रेमी के साथ भागकर शादी करने वाली थी. (Photo: ITG)

ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 23 साल की युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग लोगों ने दुष्कर्म किया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में युवती के बॉयफ्रेंड और एक अजनबी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है.

जगतसिंहपुर के एसपी अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि यह घटना 22 फरवरी की है. मृतका अपने बॉयफ्रेंड के भरोसे घर से भागकर शादी करने निकली थी. एसपी ने बताया, 'ये घटना 22 फरवरी को उस समय घटी जब महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ भागने का प्लान बनाकर घर से निकली थी. 

पुलिस ने बताया कि मृतका के बॉयफ्रेंड ने उससे शादी का वादा करके उसे मंदिर बुलाया था. हालांकि, वो उसे एक सुनसान जगह पर ले गया, उसका रेप किया और उसे रहमा बस स्टैंड पर छोड़ दिया.

मदद के बहाने अनजान शख्स ने किया रेप और कत्ल

जब लड़की बस स्टैंड पर बेसहारा हालत में मदद का इंतजार कर रही थी, तब झारखंड के एक व्यक्ति ने उसे अपनी मोटरसाइकिल पर लिफ्ट दी. वो मदद करने के बहाने उसे पारादीप में अपने किराए के कमरे पर ले गया. वहां उसने उसके साथ फिर से दुष्कर्म किया और फिर उसे चार मंजिला इमारत की छत से नीचे फेंक दिया. अगली सुबह पुलिस को लड़की का शव मिला.

Advertisement

नवीन पटनायक ने सरकार को घेरा

इस जघन्य अपराध के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लिखा, 'और कितनी निर्दोष जानें जाएंगी? नाबालिग लड़कियों से लेकर दिव्यांग युवतियों तक, कोई भी सुरक्षित नहीं है। तो क्या राज्य में अब भी कानून का राज कायम है?'

उन्होंने आगे सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लिखा, 'अंगुल के कन्हारी, संबलपुर के कुचिंदा और पारादीप से आ रही जघन्य अपराधों की खबरें बेहद परेशान करने वाली हैं. हर तरफ अराजकता, चारों ओर असुरक्षा, हे मां! सरकार महिलाओं की सुरक्षा और व्यवस्था पर लंबे-चौड़े भाषण देती है, लेकिन जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक है. दिन दहाड़े भी डर का माहौल बना रहता है.'

पटनायक ने ये भी दावा कि सरकार की ढिलाई की वजह से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है. फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों पर अपहरण, रेप और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement