वैश्विक बाजार में कमजोर रुख के बीच कारोबारियों द्वारा चुनिंदा शेयरों की बिकवाली बढ़ाये जाने से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में 102 अंक कमजोर हो गया.
बंबई शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांक बीएससी-30 में पिछले तीन सत्रों के दौरान 738.38 अंकों की गिरावट दर्ज की गयी थी, जो शुरुआती कारोबार में 102.96 अंक अथवा 0.38 फीसद घटकर 26,365.40 अंक पर आ गया.
इसी प्रकार नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी 27.00 अंक अथवा 0.34 फीसद घटकर 7,884.85 अंक पर आ गया.
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि वैश्विक बाजार में कमजोर रुख के बीच कारोबारियों की ओर से उपभोक्ता सामान, एफएमसीजी, स्वास्थ्य, बैंकिंग एवं पूंजीगत सामान आदि क्षेत्रों के शेयरों की बिकवाली बढाये जाने से सूचकांक में गिरावट आई.
रुपया 61.49 प्रति डॉलर
आयातकों की ओर से डॉलर मांग बढ़ने के कारण अंतरबैंक विदेश मुद्रा विनिमय बाजार (फोरेक्स) में शुरुआती कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे कमजोर होकर सात सप्ताह के न्यूनतम स्तर 61.49 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया.
फोरेक्स बाजार के विश्लेषकों ने बताया कि अन्य मुद्राओं की तुलना में डॉलर की मजबूती से भी रुपये की विनिमय दर प्रभावित हुई.
फोरेक्स बाजार में पिछले चार सत्रों के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 86 पैसे अथवा 1.41 फीसद कमजोर हुआ है, जो शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में 15 पैसे और कमजोर होकर 61.49 रुपये प्रति डॉलर पर आ गया.