सोना और चांदी की कीमतों में तगड़ा उछाल देखा जा रहा है, जबकि मंगलवार की रात सोने और चांदी के भाव में बड़ी गिरावट आई थी. मंगलवार को एमसीएक्स पर चांदी 5.58 फीसदी टूट गई थी, जबकि सोना 2.45 फीसदी गिर गया था. लेकिन बुधवार को सोने और चांदी के भाव में रिकवरी आई है.
MCX पर सोना 1.30 फीसदी या 1900 रुपये चढ़कर 1.53 लाख रुपये के ऊपर कारोबार कारोबार कर रहा है, जबकि चांदी के भाव में भी तगड़ी उछाल आई है. चांदी की कीमत बुधवार को 4 फीसदी या करीब 9000 रुपये चढ़कर 2.38 रुपये के ऊपर कारोबार कर रही है. सोने और चांदी के दाम में तेजी के साथ ही गोल्ड और सिल्वर ईटीएफ में भी करीब 3 फीसदी की तेजी है.
सोने और चांदी के भाव में क्यों आई तेजी?
यह तेजी मंगलवार को आई बड़ी गिरावट के बाद आई है. जब चांदी के भाव 2.26 लाख रुपये प्रति किलो पहुंच गए थे और सोने की कीमत 1.50 लाख रुपये पर आ गए थे. एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने और चांदी के भाव में ज्यादा गिरावट के बाद निचले स्तर से खरीदारी तेज हुई है.
वहीं दूसरी ओर, ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के कुछ हिस्से को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है, जहां से होकर दुनिया का 20 फीसदी कच्चा तेल होकर गुजरता है. इसके अलावा ईरान और अमेरिका के बीच तनाव की भी खबरें आ रही है. ऐसे में एक्सपर्ट्स का कहना है कि जियो-पॉलिटिकल टेंशन के कारण भी सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखी जा रही है.
कहां तक जा सकता है सोना?
MCX सोने पर अपना नजरिया शेयर करते हुए एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने कहा कि एमसीएक्स गोल्ड फ्यूचर्स 1,80,000-1,81,000 रुपये ऑल टाइम हाई लेवल पर स्थिर होने के बाद 1,50,000-1,60,000 रुपये पर स्थिर हैं. उनका कहना है कि व्यापक तेजी की संभावना बनी हुई है और कीमतें लॉन्ग टर्म सपोर्ट से ऊपर बनी हुई हैं.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि 1,45,000-1,50,000 रुपये के सपोर्ट में मजबूत खरीदारी देखी जा रही है. इस बेस से ऊपर लगातार बने रहने और उसके बाद 1,60,800 रुपये से ऊपर ब्रेकआउट होने पर 1,65,000-1,75,000 रुपये की ओर तेजी का रुझान फिर से उभर सकता है.
चांदी की कीमत में कितनी तेजी की संभावना?
चांदी को लेकर उनका कहना है कि सिल्वर फयूचर 4,20,000 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर से तेज गिरावट के बाद 2,30,000-2,70,000 रुपये के क्षेत्र के आसपास कारोबार कर रहे हैं. लॉन्ग टर्म में तेजी की संभावना है, लेकिन तेज गिरावट ने कीमतों को प्रमुख मूविंग एवरेज से नीचे ला दिया है. 2,25,000-2,35,000 रुपये के सपोर्ट बैंड में मजबूत खरीदारी देखी जा रही है.
उनका कहना है कि इस क्षेत्र से ऊपर लगातार बने रहने और उसके बाद निर्णायक रिकवरी से 3,00,000-3,25,000 रुपये की ओर तेजी आ सकती है. सपोर्ट की ओर गिरावट पोजीशनल ट्रेडर्स के लिए खरीदारी के अवसर दे सकती है. हालांकि, इस आधार से नीचे निर्णायक गिरावट से गिरावट का दबाव बढ़ सकता है.
(नोट- यहां बताया गया टारगेट ब्रोकरेज के अपने विचार हैं.किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने योग्य वित्तीय सलाहकार की मदद जरूर लें.)