scorecardresearch
 

LGP सिलेंडर के लिए बिहार-झारखंड में मची होड़, एजेंसियों पर लंबी-लंबी कतारें, लोग दिखे परेशान

मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर भारत में भी दिखाई देने लगा है. पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित किल्लत की खबरों के बीच बिहार के मोतिहारी और झारखंड की राजधानी रांची में गैस एजेंसियों पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं. अफवाहों के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलेंडर लेने पहुंच गए, हालांकि एजेंसी संचालकों ने गैस की पर्याप्त उपलब्धता होने का दावा किया है.

Advertisement
X
गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें (Photo: Screengrab)
गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें (Photo: Screengrab)

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच पेट्रोलियम उत्पादों की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ गई है. इस बीच देश के अलग-अलग हिस्सों से भी एलपीजी गैस सिलेंडर के लिए लोगों के लंबी-लंबी कतारों में खड़े रहने की तस्वीरें सामने आ रही है. बिहार के मोतिहारी और झारखंड की राजधानी रांची में गैस खत्म होने की आशंका के बीच एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोग सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे, हालांकि एजेंसी संचालकों ने गैस की पर्याप्त उपलब्धता होने का दावा किया है.

मोतिहारी में अफवाह से एजेंसियों पर उमड़ी भीड़

बिहार के मोतिहारी जिले में गैस खत्म होने की अफवाह फैलते ही पिपरा, सुगौली समेत कई इलाकों में गैस गोदामों के बाहर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ जुट गई. लोग अपने गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों लाइन में खड़े रहे. हालात ऐसे हो गए कि एजेंसी संचालकों को तेजी से गैस वितरण करना पड़ा. कई जगहों पर अफरा-तफरी जैसा माहौल भी देखने को मिला. उपभोक्ताओं का कहना था कि युद्ध और आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के कारण उन्हें डर था कि कहीं गैस की कमी न हो जाए.

हालांकि गैस एजेंसी के प्रोपराइटर बिनोद गुप्ता ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और पहले की तरह उपभोक्ताओं को नियमित आपूर्ति जारी रहेगी.

Advertisement

रांची में भी गैस एजेंसियों पर लंबी लाइन

इधर झारखंड की राजधानी रांची में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिली. धुर्वा स्थित सुधा डेयरी के पास गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने पहुंच गए. कई उपभोक्ता गाड़ियों, बाइक और बैटरी रिक्शा से सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे और घंटों लाइन में इंतजार करते रहे.

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए वो एहतियात के तौर पर अतिरिक्त सिलेंडर रखना चाहते हैं. कुछ लोगों को यह भी डर है कि अगर हालात और बिगड़े तो घर तक गैस की डिलीवरी प्रभावित हो सकती है.

एक महिला उपभोक्ता ने बताया कि उसके दोनों सिलेंडर खत्म हो चुके हैं और फिलहाल उसे लकड़ी और कोयले से चूल्हा जलाना पड़ रहा है. वहीं कुछ उपभोक्ताओं ने कहा कि नई नियमावली और बुकिंग के बीच 25 दिन के अंतर की शर्त के कारण भी उन्हें परेशानी हो रही है.

गैस की नहीं है कमी: एजेंसी संचालक

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है. होली के कारण कुछ दिनों के लिए सप्लाई प्रभावित हुई थी क्योंकि प्लांट बंद था और ट्रक नहीं आ रहे थे. अब रोजाना गैस सिलेंडरों की आपूर्ति शुरू हो जाएगी.

Advertisement

इधर रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिया है कि पैनिक की स्थिति नहीं बनने दी जाए और सप्लाई चेन को सुचारू रखा जाए. साथ ही कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement