Advertisement

US-Israel-Iran War LIVE: यूएस के रक्षा मंत्री बोले- ईरान का नया शासन पिछले से ज्यादा समझदार होना चाहिए

aajtak.in | नई दिल्ली | 31 मार्च 2026, 6:28 PM IST

US Israel Iran War Live Updates: ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच सीजफायर के आसार करीब नजर नहीं आ रहे हैं. इस बीच ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने अरब देशों को अपना 'भाई' बताया है और कहा है कि अमेरिकी सेना को अपने देश से बाहर निकालने का यही सही समय है.

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची की यूएस को सीधी धमकी

US-Israel-Iran War LIVE: ईरान लगातार अरब देशों में अमेरिका-इजरायल के ठिकानों पर हमले कर रहा है. इस बीच ईरानी विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने अरब देशों को भाईचारे का संदेश दिया है. अराघची ने सऊदी अरब को ईरान का भाई बताया है और कहा है कि ईरान के निशाने पर सिर्फ अमेरिका और इजरायल के ठिकाने हैं

अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,  ईरान सऊदी अरब साम्राज्य का सम्मान करता है और उसे अपना भाई मानता है. ईरानी विदेश मंत्री ने आगे कहा, हमारे अभियान उन दुश्मन आक्रमणकारियों के खिलाफ हैं जो न तो अरबों का सम्मान करते हैं और न ही ईरानियों का, और न ही किसी तरह की सुरक्षा दे सकते हैं. 

अराघची ने अरब देशों से कहा कि ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हवाई कमान के साथ जो किया, उसे देखना चाहिए. अराघची ने अरब देशों के कहा कि अमेरिकी सेना को अपने देश से बाहर निकालने का यही सही समय है.

मिडिल ईस्ट जंग से जुड़े सभी छोटे-बड़े अपडेट के लिए इस LIVE ब्लॉग पर बने रहें.

6:28 PM (एक महीने पहले)

इंडोनेशिया: हफ्ते में एक दिन WFH करेंगे सरकारी कर्मचारी

Posted by :- Vishnu Rawal

मिडिल ईस्ट जंग की वजह से इंडोनेशिया ने ईंधन की राशनिंग का ऐलान किया. सरकारी कर्मचारियों को हफ्ते में एक दिन घर से काम करने का आदेश दिया है.

5:54 PM (एक महीने पहले)

यूएस के रक्षा मंत्री बोले- ईरान का नया शासन पिछले से ज्यादा समझदार होना चाहिए

Posted by :- Vishnu Rawal

ईरान जंग पर यूएस रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का बयान आया है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेगसेथ ने कहा कि वह शनिवार को मिडिल ईस्ट गए थे, वहां उन्होंने अमेरिकी सैनिकों से बात की थी. हेगसेथ बोले, 'जंग में अमेरिका के पास ज्यादा, ईरान के पास सीमित ऑप्शन हैं. ईरान की तरफ से अब मिसाइल हमले कम हो गए हैं, आने वाले दिन निर्णायक होंगे. '

हेगसेथ ने आगे कहा कि ईरान में अमेरिकी हमलों के कारण बड़े पैमाने पर भगदड़ जैसी स्थिति है. वह बोले कि ईरान का नया शासन पिछले शासन से ज्यादा समझदार होना चाहिए.

5:32 PM (एक महीने पहले)

ईरान मिलिट्री की सीधी धमकी- यहां घुसने वालों के पैर काट देंगे

Posted by :- Vishnu Rawal

ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की सेना का हमला तब तक जारी रहेगा, जब तक कि अमेरिकी-इजरायली दुश्मनों को घुटनों पर न ला दिया जाए. उन्होंने कहा कि सेना ईरान में घुसने वालों के पैर काट देगी.

5:20 PM (एक महीने पहले)

रियाद में ड्रोन का मलबा गिरा, दो लोग घायल

Posted by :- Vishnu Rawal

सऊदी अरब की राजधानी रियाद के दक्षिण-पूर्व में एक इलाके में ड्रोन को रोकने के दौरान उसका मलबा गिरा, जिससे दो लोग घायल हो गए. इसी इलाके में प्रिंस सुल्तान मिलिट्री बेस भी है, जहाँ पिछले हफ्ते ईरान के हमले में अमेरिका के 12 सैनिक घायल हो गए थे. अधिकारियों ने यह तो नहीं बताया कि ड्रोन कहां से आया था, लेकिन उन्होंने कहा कि ड्रोन का मलबा तीन घरों और कई गाड़ियों पर गिरा था.

Advertisement
4:46 PM (एक महीने पहले)

ईरान-लेबनान पर हमले कर रहे इजरायल को कतर ने जमकर सुनाया

Posted by :- Vishnu Rawal

जंग के बीच कतर के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता का बयान आया. उन्होंने कहा कि लेबनान में इजरायली घुसपैठ और बफर जोन की बातें अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं. लेबनान की संप्रभुता का सम्मान करना जरूरी है, और वहां होने वाले हमले अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करते हैं.

लेबनान में तनाव कम करने के संबंध में अंतरराष्ट्रीय पक्षों के साथ समन्वय चल रहा है. ईरानी हमलों में कई 'रेड लाइनें' (सीमाएं) पार की गई हैं. पक्ष बातचीत की मेज के जितने करीब आएंगे, इस क्षेत्र के लिए उतना ही बेहतर होगा.

ईरान एक पड़ोसी देश है, और साथ मिलकर रहने का कोई न कोई रास्ता जरूर निकाला जाना चाहिए. तनाव का लगातार बढ़ना किसी के भी हित में नहीं होगा और इससे केवल और अधिक नुकसान ही होगा. होर्मुज का मुद्दा क्षेत्रीय है और इसका असर दुनिया भर में सभी पर पड़ता है.

3:57 PM (एक महीने पहले)

लेबनानवासियों को इजरायल की बड़ी धमकी

Posted by :- Vishnu Rawal

इजरायल के रक्षा मंत्री काट्ज ने कहा कि लेबनान की सीमा के पास के गांवों में सभी घरों को तबाह कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि दक्षिणी लेबनान के जिन 600,000 निवासियों को वहां से निकाला गया है, वे तब तक वापस नहीं लौट पाएंगे जब तक उत्तरी इजरायल के निवासियों की सुरक्षा की गारंटी नहीं मिल जाती.

3:44 PM (एक महीने पहले)

ईरान बोला- अमेरिकी सेनाओं के लिए मिडिल ईस्ट छोड़ने का वक्त आया

Posted by :- Vishnu Rawal

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अब अमेरिकी सेनाओं के लिए पश्चिम एशिया क्षेत्र छोड़ने का वक्त आ गया है.

2:47 PM (एक महीने पहले)

ईरानी दूतावास पहुंचे सपा सांसद अफजाल अंसारी

Posted by :- Nitin

उत्तर प्रदेश के गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी मंगलवार को ईरानी दूतावास पहुंचे, जहां उन्होंने ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत पर दुख जताया और अमेरिका-इजरायल पर निशाना साधा. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपील करते हुए इस युद्ध को इंसानियत के खिलाफ बताया. उन्होंने युद्ध को जुल्म करार दिया और जनता से अपील करते हुए कहा कि इसके खिलाफ आवाज उठाएं.  

2:41 PM (एक महीने पहले)

दक्षिणी दुबई में कई घरों पर गिरे ईरानी मिसाइल के छर्रे

Posted by :- Nitin

ईरान लगातार दुबई को निशाना बनाते हुए हमले कर रहा है. दुबई मीडिया के अनुसार, मंगलवार को ईरान ने दक्षिणी दुबई में हमले किए, जिससे घरों पर छर्रे गिरे. इससे चार लोगों को मामूली चोटें आई हैं और कई संपत्तियों को नुकसान हुआ है.

Advertisement
2:13 PM (एक महीने पहले)

अमेरिका में 4 डॉलर प्रति गैलन के पार पहुंचीं पेट्रोल की कीमत

Posted by :- Nitin

मिडिल ईस्ट में संघर्ष के बीच अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें 2022 के बाद पहली बार औसतन 4 डॉलर प्रति गैलन से ऊपर पहुंच गई हैं. सामान्य पेट्रोल की राष्ट्रीय औसत कीमत अब 4.02 डॉलर है जो मिडिल ईस्ट संघर्ष बढ़ने से पहले की कीमत से एक डॉलर से अधिक है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ राज्यों में कीमतें पहले ही 4 डॉलर प्रति गैलन से काफी ऊपर पहुंच चुकी हैं. इससे पहले ऐसी ही बढ़ोतरी लगभग चार साल पहले रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद हुई थी, जो वैश्विक ईंधन आपूर्ति पर जारी दबाव को उजागर करती है.

12:48 PM (एक महीने पहले)

ईरान ने सेंट्रल इजरायल में दागी मिसाइलें, 6 लोग घायल

Posted by :- Nitin

ईरान ने सेंट्रल इजरायल को निशाना बनाते हुए कई मिसाइलें दागीं हैं. इस हमले में 6 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है. मेडिकल कर्मियों का कहना है कि सेंट्रल इजरायल पर ईरानी मिसाइल हमले में 6 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं.

मौके पर मौजूद बचाव दल के अनुसार, ईरान द्वारा मध्य इजराइल पर किए गए मिसाइल हमले में छह लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं. मैगन डेविड एडोम का कहना है कि ये छह लोग क्लस्टर बम के उप-बारूद के विस्फोटों से घायल हुए हैं.

12:43 PM (एक महीने पहले)

तनाव के बीच ईरान ने गल्फ में एक जहाज को बनाया निशाना

Posted by :- Nitin

ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने खाड़ी में एक जहाज को निशाना बनाने की बात कही है. सरकारी समाचार एजेंसी तसनीम की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज नुकसान की सीमा या हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी गई है. ये दावा खाड़ी में बढ़ते समुद्री तनाव के बीच आया है, जहां ईरान-अमेरिका-इजराइल संघर्ष के दौरान जहाजरानी मार्गों पर खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.

11:38 AM (एक महीने पहले)

'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को लेकर अमेरिका की बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस

Posted by :- Nitin

ईरान में जारी अपने सैन्य ऑपरेशन 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' को लेकर अमेरिका ने बड़ा ऐलान किया है.अमेरिका के वॉर विभाग ने बताया कि मंगलवार स्थानीय समयानुसार, सुबह आठ बजे (भारतीय समयानुसार शाम साढ़े छह बजे) प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगा. उम्मीदें लगाई जा रही हैं कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में युद्ध को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है.

 

11:21 AM (एक महीने पहले)

सैनिकों की निगरानी कर रहे हिज्बुल्लाह के लड़ाके को IDF ने पकड़ा

Posted by :- Nitin

इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) का कहना है कि दक्षिणी लेबनान में तैनात सैनिकों ने हिज़्बुल्लाह के एक लड़ाके को पकड़ा है. सेना के अनुसार, ये 36वीं डिवीजन के बलों की निगरानी कर रहा था. सैनिकों ने उसे पकड़कर पूछताछ के लिए इजरायल ले गए हैं.

सेना का कहना है कि डिवीजन ने हिज़्बुल्लाह के दर्जनों लड़ाकों को भी मार गिराया, जिन्होंने बलों पर घात लगाकर हमला करने की कोशिश की थी और पिछले दिन दक्षिणी लेबनान में कई हथियार बरामद किए. सेना का कहना है कि एक घटना में सैनिकों ने आरपीजी (रैपिड पिग) लिए एक कार्यकर्ता को देखा और गोली चलाने से पहले ही उसे मार गिराया.

Advertisement
11:15 AM (एक महीने पहले)

ईरान ने सरकारी बिल्डिंग पर हमले के दोषी 2 लोगों को दी फांसी

Posted by :- Nitin

ईरान ने अपनी न्यायपालिका को बताया कि सरकारी इमारत पर हमले के दोषी दो लोगों को फांसी दी है. न्यायपालिका के समाचार आउटलेट के अनुसार, ईरान ने पीपुल्स मोजाहिदीन संगठन ऑफ ईरान से संबंध रखने और सरकारी इमारत पर लॉन्चर हथियारों से हमला करने समेत कई हमलों में शामिल होने के दोषी दो लोगों को फांसी दे दी है. सोमवार को इसी विपक्षी समूह से जुड़े दो अन्य लोगों को भी फांसी दी गई.

11:07 AM (एक महीने पहले)

दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के साथ झड़प में IDF के चार सैनिकों की मौत, 2 घायल

Posted by :- Nitin

इजरायली सेना ने घोषणा की है कि सोमवार को दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के साथ हुई झड़प में आईडीएफ के चार जवान की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए. मृतकों की पहचान 22 वर्षीय कैप्टन 
कैप्टन नोआम मदमोनी, 21 वर्षीय स्टाफ सार्जेंट बेन कोहेन, 21 वर्षीय, स्टाफ सार्जेंट मैक्सिम एंटिस के रूप में हुई है. ये सभी नाहल ब्रिगेड की यूनिट में तैनात थे.

सेना का कहना है कि चौथे जवान का नाम बाद में जारी किया जाएगा. इसके अलावा एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और एक आरक्षित सैनिक को मामूली चोटें आईं हैं.

आईडीएफ की जांच के अनुसार, कल शाम लगभग 6:30 बजे दक्षिणी लेबनान के पश्चिमी क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान, नाहल टोही यूनिट के जवानों ने हिज़्बुल्लाह बंदूकधारियों के एक समूह को देखा. बंदूकधारियों से हुई मठभेड़ में कई आतंकी घायल हुए हैं. आईडीएफ का कहना है कि उसने भी इलाके में हिज़्बुल्लाह के आतंकवादियों के खिलाफ टैंक से गोलाबारी और हवाई हमले किए.

10:10 AM (एक महीने पहले)

मीनाब में छोटे हथियारों से गिराए 5 आत्मघाती ड्रोन, IRGC का दावा

Posted by :- Nitin

अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर भीषण हमले जारी हैं. इसी बीच आईआरजीसी ने मीनाब में छोटे हथियारों से 5 आत्मघाती ड्रोन मार गिराने का दावा किया है. आईआरजीसी ने बताया कि दक्षिणी ईरान के मीनाब में स्थानीय बासिज बलों ने आईआरजीसी जमीनी बलों के साथ मिलकर राइफलों और मशीनगनों का इस्तेमाल करते हुए पांच आत्मघाती ड्रोन मार गिराए हैं.

ईरान के आईआरजीसी ने कहा कि स्थानीय बासिज वॉलंटियर्स और जमीनी बलों ने 28 मार्च को मीनाब में पांच आत्मघाती ड्रोन मार गिराए. बताया जा रहा है कि ड्रोनों को राइफलों और मशीनगनों सहित हल्के हथियारों का उपयोग करके रोका गया.

8:50 AM (एक महीने पहले)

सऊदी में घरों पर गिरा ड्रोन का मलबा

Posted by :- Nitin

अमेरिका-इजरायली हमलों के जवाब में ईरान लगातार मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है. इसी क्रम में ईरान ने सऊदी के अल-खारज प्रांत में एक ड्रोन दागा, जिससे एयर डिफेंस सिस्टम में तबाह कर दिया. इस बारे में जानकारी देते हुए सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग का कहना है कि अल-खारज प्रांत में एक ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने से गिरे मलबे के कारण छह घरों को मामूली नुकसान हुआ है. विभाग का कहना है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.

 

 

8:44 AM (एक महीने पहले)

ईरान का इजरायल पर जोरदार अटैक, 10 जगहों पर गूंजे सायरन

Posted by :- Nitin

ईरान और इजरायल के बीच भीषण बमबारी जारी है. इसी बीच ईरान ने इजरायल पर जोरदार हमला किया है. इस हमले की इजरायली सुरक्षाबलों ने पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि यरुशयल में 10 जगहों पर धमाकों की आवाज सुनी गई है.इजरायल की सेना का कहना है कि उसका एयर डिफेंस सिस्टम ईरानी मिसाइलों का जवाब दे रहा है, जबकि यरुशलम में सायरन बज रहे हैं.
 

Advertisement
7:44 AM (एक महीने पहले)

ईरान की सेना ने गिराया अमेरिका का MQ-9 रीपर ड्रोन, IRGC का बड़ा दावा

Posted by :- Nitin

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने मंगलवरा को एक बयान में कहा कि ईरान की वायु सेना ने सेंट्रल ईरान के इस्फ़हान शहर के ऊपर अमेरिकी निर्मित MQ-9 रीपर लंबी दूरी के ड्रोन को मार गिराया है.

बयान में कहा गया है, 'कुछ मिनट पहले इस्फ़हान के ऊपर एक MQ-9 रीपर ड्रोन को रोका गया और नष्ट कर दिया गया.' IRGC ने इस बात पर जोर दिया कि ड्रोन को 'एक उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा नष्ट किया गया जो देश की एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली का हिस्सा है.'

7:28 AM (एक महीने पहले)

32 साल पहले इस देश से 20 एटम बम का मैटेरियल उठा ले गया था अमेरिका, पर ईरान में आसान नहीं!

Posted by :- Nitin

अमेरिका ईरान से इतने यूरेनियम बाहर निकालने की प्लानिंग पर काम कर रहा है जिससे 10 से 11 परमाणु बम बनाए जा सकते हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस बाबत एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. इसमें कहा गया है कि अमेरिका बहुत ही जटिल और खतरनाक मिशन पर काम कर रहा है. इसके तहत ट्रंप ईरान के एनरीच्ड 450 किलोग्राम यूरेनियम ईरान से निकालने के लिए एक ग्राउंड ऑपरेशन कर सकता है. अगर ये ऑपरेशन हुआ तो ये आधुनिक विश्व का बेहद जटिल और खतरनाक ऑपरेशन होगा. यहां पढ़ें पूरी खबर...

7:24 AM (एक महीने पहले)

Israel Iran War: इजरायल ने घातक हमलों में शामिल फिलिस्तीनियों के लिए मौत की सजा को मंजूरी दी

Posted by :- Nitin

इजरायल की संसद ने सैन्य अदालतों में घातक हमलों के दोषी पाए गए फिलिस्तीनियों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान करने वाला विधेयक पारित कर दिया है. आलोचकों का कहना है कि ये कानून केवल फिलिस्तीनियों पर लागू होता है जो धुर दक्षिणपंथी सहयोगियों के वादों को पूरा करता है और नए कानून के तहत असमान न्याय को लेकर चिंताएं पैदा करता है.

6:49 AM (एक महीने पहले)

ईरान पर हमले रोकने को तैयार है अमेरिका, सहयोगियों से बोले ट्रंप

Posted by :- Nitin

वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगियों को बताया है कि वो ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी ऑपरेशन को खत्म करना चाहते हैं, भले ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता काफी हद तक बंद क्यों न रहे. ट्रंप ने हाल के दिनों में अपने निकट सहयोगियों से कहा है कि वो ईरान में लंबे वक्त तक चलने वाले युद्ध से बचना चाहते हैं और आने वाले हफ्तों में संघर्ष को खत्म कर सकते हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि लगभग एक महीने से जारी इस सैन्य ऑपरेशन को ट्रंप चार से छह हफ्ते के अंदर खत्म करने की सार्वजनिक टाइमलाइन पर अड़े हुए हैं.
 

6:15 AM (एक महीने पहले)

US-Israel War: अमेरिका में पेट्रोल की कीमत में भारी इजाफा

Posted by :- Darakhshan

अमेरिका में पेट्रोल की औसत खुदरा कीमत 4 डॉलर प्रति गैलन के स्तर पर पहुंच गई है. अगस्त 2022 के बाद ये पहली बार है जब कीमतें इस आंकड़े तक पहुंची हैं.  
 

Advertisement
5:24 AM (एक महीने पहले)

Iran-US Live Updates: ईरान हमले में नहीं लगाया गया डिफेंस फंड- पेंटागन

Posted by :- Darakhshan

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) ने रक्षा सचिव हेगसेथ के. ब्रोकर ने ईरान हमले से ठीक पहले डिफेंस फंड खरीदने की कोशिश की खबरों को खारिज किया है. पेंटागन ने बताया कि हमले की जानकारी का इस्तेमाल किसी भी तरह के आर्थिक लाभ या निवेश के लिए नहीं किया गया था.

4:41 AM (एक महीने पहले)

US-Iran War Live: तेल टैंकर में हमले के बाद रिसाव का खतरा

Posted by :- Darakhshan

दुबई बंदरगाह पर एक बड़े कुवैती तेल टैंकर को ईरानी हमले में निशाना बनाया गया है. इस हमले के बाद 'अल-सल्मी' नाम के तेल टैंकर में भीषण आग लग गई, हालांकि राहत की बात ये है कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है. कुवैत ने चेतावनी दी है कि इस हमले के कारण आसपास के समुद्री जल में तेल का रिसाव हो सकता है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है. अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं.
 

4:03 AM (एक महीने पहले)

Iran-US War Updates: यूएई में तेल टैंकर पर हमला

Posted by :- Darakhshan

ब्रिटिश समुद्री व्यापार संचालन प्राधिकरण (UKMTO) ने जानकारी दी है कि संयुक्त अरब अमीरात के तट के पास एक तेल टैंकर पर मिसाइल या किसी प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. इस हमले के कारण जहाज पर आग लग गई. 
 

3:22 AM (एक महीने पहले)

US-Israel-Iran War: युद्ध खत्म करने पर नेतन्याहू का बयान

Posted by :- Darakhshan

इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि वो इस युद्ध के खत्म होने के लिए कोई समय सीमा तय नहीं कर रहे हैं. 
 

3:19 AM (एक महीने पहले)

Iran-Israel Conflict: इजरायली हमले में हिजबुल्लाह यूनिट के डिप्टी कमांडर की मौत!

Posted by :- Darakhshan

इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने जानकारी दी है कि उन्होंने हिजबुल्लाह की यूनिट 1800 के डिप्टी कमांडर हमजा इब्राहिम राकिन और उसी यूनिट के ऑपरेशन्स ऑफिसर को एक हमले में मार दिया है. राकिन, हिजबुल्लाह और दूसरे फिलिस्तीनी संगठनों के बीच एक मुख्य कड़ी के रूप में काम करता था. उसकी ये यूनिट लेबनान, गाजा, सीरिया और वेस्ट बैंक में सक्रिय आतंकी संगठनों के बीच तालमेल बिठाने और सैन्य गतिविधियों को कंट्रोल करने के लिए जिम्मेदार मानी जाती है.
 

Advertisement
2:56 AM (एक महीने पहले)

Iran-US Live: शारजाह में प्रशासनिक इमारत पर हमला

Posted by :- Darakhshan

यूएई के शारजाह में एक प्रशासनिक इमारत पर हमला हुआ है. शारजाह प्रशासन के मुताबिक, थुरैया टेलीकॉम की प्रशासनिक बिल्डिंग को ईरान की ओर से आए एक ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए पोस्ट में अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है.
 

2:39 AM (एक महीने पहले)

US-Israel War: बगदाद एयरपोर्ट के पास ड्रोन अटैक

Posted by :- Darakhshan

इराक में बगदाद एयरपोर्ट के पास स्थित एक अमेरिकी राजनयिक सुविधा को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया. फिलहाल इस हमले में हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.