Advertisement

Putin SPIEF 2026 Speech Live: 'भारत IT सेक्टर में दुनिया का नेतृत्व कर रहा', राष्ट्रपति पुतिन ने SPIEF में जमकर की तारीफ

aajtak.in | सेंट पीटर्सबर्ग, रूस | 05 जून 2026, 7:38 PM IST

Vladimir Putin SPIEF Live Updates: रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आयोजित हो रहे वैश्विक आर्थिक मंच (SPIEF 2026) का आज सबसे महत्वपूर्ण सत्र शुरू हो चुका है. इस मुख्य लीडरशिप प्लेनरी सत्र में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव और तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन मंच पर मौजूद हैं. इस महामंच के विशेष सत्र का संचालन आजतक संवाददाता एडिटर गीता मोहन कर रही हैं.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि बदलाव सिर्फ चुनौती नहीं, अवसर भी है (Photo: ITG)

रूस में सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम यानी SPIEF का आयोजन हो रहा है. दुनिया के सबसे प्रभावशाली आर्थिक मंचों में से एक है. यह फोरम 1997 से हर साल आयोजित होता है और 2006 से इसे रूसी राष्ट्रपति के संरक्षण में आयोजित किया जाता है. इस साल यानी 2026 में यह 29वां संस्करण है, जो 3 से 6 जून तक सेंट पीटर्सबर्ग के एक्सपोफोरम सेंटर में चल रहा है.

इस बार फोरम की थीम है, 'व्यावहारिक बातचीत: एक स्थिर भविष्य की ओर बढ़ने का रास्ता' यानी एक स्थिर भविष्य की ओर व्यावहारिक संवाद. 100 से अधिक देशों से करीब 20,000 प्रतिभागी इस फोरम में शामिल हो रहे हैं.

आज फोरम का सबसे महत्वपूर्ण दिन है. मुख्य प्लेनरी सेशन शुरू हो गया है, जिसमें एक साथ मंच पर कई लोग हैं. 

  • व्लादिमीर पुतिन - रूस के राष्ट्रपति
  • हान झेंग - चीन के उपराष्ट्रपति
  • शावकत मिर्जियोयेव- उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति
  • सामिया सुलुहू हसन - तंजानिया की राष्ट्रपति

और इस पूरे सेशन का संचालन कर रह रही हैं इंडिया टुडे ग्रुप की संवाददाता गीता मोहन. यह भारतीय मीडिया के लिए एक बड़ा मौका है क्योंकि इंडिया टुडे एकमात्र भारतीय न्यूज चैनल है जिसे इस 'ग्लोबल हाई टेबल' पर जगह मिली है.

दुनिया की बड़ी ताकतें आज एक मंच पर - आजतक पर LIVE कवरेज.

7:38 PM (3 मिनट पहले)

Putin SPIEF Address Live: राष्ट्रपति पुतिन बोले - अलगाव नहीं चाहता रूस, साझेदारी चाहता है

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने अपने संबोधन में दोहराया कि रूस अलग-थलग पड़ने के बजाय अपने साझेदारों का दायरा बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा कि रूस की आर्थिक वृद्धि भले ही फिलहाल मध्यम गति से हो रही हो, लेकिन देश के पास मजबूत आधार मौजूद है. निवेश, तकनीक, शिक्षा और नए व्यापारिक संबंधों के जरिए रूस भविष्य में और अधिक मजबूती हासिल करेगा.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि आज की दुनिया में वास्तविक ताकत केवल सैन्य शक्ति या आर्थिक आकार से नहीं आती, बल्कि तकनीकी क्षमता, वित्तीय स्वतंत्रता, कुशल लोगों और प्रभावी संस्थानों से आती है. उन्होंने अपने संबोधन का सार देते हुए कहा कि संप्रभुता केवल राजनीतिक नारा नहीं है, बल्कि यह आर्थिक दक्षता, तकनीकी आत्मनिर्भरता, मानव संसाधन विकास और वैश्विक साझेदारी का सम्मिलित परिणाम है. रूस इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था में अपनी भूमिका को और मजबूत करना चाहता है.

7:37 PM (4 मिनट पहले)

Putin SPIEF Address Live: राष्ट्रपति पुतिन बोले - युवाओं के लिए नए अवसर

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि युवा सबसे अधिक गतिशील वर्ग होते हैं और उन्हें अपने करियर की शुरुआत के लिए अधिक अवसर मिलने चाहिए. उन्होंने बताया कि रूस सरकार इंटर्नशिप को कानूनी ढांचा देने और छात्र अनुबंध प्रणाली को आधुनिक बनाने पर काम कर रही है. इसके लिए श्रम कानून में संशोधन भी तैयार किए गए हैं. उन्होंने सरकार और संसद से इन सुधारों को तेजी से लागू करने का आग्रह किया.

7:35 PM (6 मिनट पहले)

Putin SPIEF Address Live: राष्ट्रपति पुतिन बोले - लोगों की क्षमता ही असली ताकत

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि किसी भी देश की संप्रभुता का सबसे महत्वपूर्ण आधार उसके लोग हैं. उनके ज्ञान, कौशल, शिक्षा और नई तकनीकें सीखने की क्षमता से ही देश आगे बढ़ता है. राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि अगर लोगों को अच्छी शिक्षा, बेहतर रोजगार और उच्च वेतन मिलता है, तभी कोई देश वास्तव में प्रतिस्पर्धी बन सकता है.

उन्होंने बताया कि रूस में बेरोजगारी दर लगभग 2.2 प्रतिशत है, जो दुनिया की सबसे कम दरों में से एक है. तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि जापान में यह 2.5 प्रतिशत, भारत और अमेरिका में 4.2 प्रतिशत तथा यूरोजोन में लगभग 5.9 प्रतिशत है.

7:34 PM (7 मिनट पहले)

Putin SPIEF Address Live: राष्ट्रपति पुतिन बोले - AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म बनेंगे आर्थिक विकास के इंजन

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि आने वाले वर्षों में डिजिटल प्लेटफॉर्म, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ऑटोनॉमस सिस्टम्स आर्थिक विकास के मुख्य इंजन बनने वाले हैं. उन्होंने बताया कि रूस ने पहले ही राष्ट्रीय एआई विकास रणनीति अपनाई है. अब सरकार ऑटोनॉमस सिस्टम्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म इकोसिस्टम के लिए भी अलग रणनीति तैयार करेगी.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि भविष्य की अर्थव्यवस्था केवल संसाधनों पर आधारित नहीं होगी, बल्कि डेटा, तकनीक और ज्ञान पर आधारित होगी. जो देश इन क्षेत्रों में आगे होंगे, वही वैश्विक प्रतिस्पर्धा में बढ़त बनाए रखेंगे.

Advertisement
7:33 PM (8 मिनट पहले)

Putin SPIEF Address Live: राष्ट्रपति पुतिन बोले - विदेशी और घरेलू निवेश बढ़ाने के लिए रूस के सभी क्षेत्र पेश कर रहे हैं अपना विक

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस जैसे विशाल देश की संप्रभुता केवल राजधानी या कुछ बड़े औद्योगिक केंद्रों तक सीमित नहीं हो सकती. देश के हर क्षेत्र को निवेश आकर्षित करना होगा, अच्छी नौकरियां पैदा करनी होंगी, उद्योग विकसित करने होंगे और लोगों के लिए बेहतर शहरी माहौल तैयार करना होगा. उन्होंने कहा कि रूस के विभिन्न क्षेत्र अपने विकास मॉडल, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं को निवेशकों और कंपनियों के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं. इससे विदेशी और घरेलू निवेश को बढ़ावा मिल रहा है.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि पैनल चर्चा में शामिल मेहमानों ने भी रूस के विभिन्न क्षेत्रों की विविधता को देखा होगा और यह समझा होगा कि देश के अलग-अलग हिस्से किस तरह अपनी विशेष क्षमताओं के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं.

7:30 PM (11 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस ने अपने अनुभव से सीखा सबक

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस ने यह सबक कठिन तरीके से सीखा है. उसने देखा कि कैसे कई विदेशी सॉफ्टवेयर कंपनियां बाजार छोड़कर चली गईं, भुगतान प्रणाली बाधित हुई और राजनीतिक फैसलों ने व्यावसायिक संबंधों को प्रभावित किया.

इसी वजह से रूस अब अपने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहा है और केवल उन्हीं साझेदारों के साथ सहयोग बढ़ा रहा है जो पारस्परिक प्रतिबद्धताओं का सम्मान करते हैं. उन्होंने कहा कि चीन के साथ रूस की साझेदारी इसी सोच का उदाहरण है. दोनों देशों का सहयोग हाई-टेक, परिवहन, मशीन निर्माण और ऊर्जा जैसे अनेक क्षेत्रों में फैला हुआ है.

7:29 PM (12 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने तकनीकी संप्रभुता को बताया भविष्य की सबसे बड़ी ताकत

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि जिन देशों या समूहों के पास अपनी तकनीक, AI सिस्टम, ऑटोनॉमस तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म होंगे, वही भविष्य की बहुध्रुवीय दुनिया में वास्तविक संप्रभुता के केंद्र बनेंगे.

उन्होंने कहा कि बड़ी आबादी, विशाल भूभाग और विशिष्ट संस्कृति वाले देशों के लिए अपनी तकनीकी क्षमता विकसित करना अनिवार्य है. अगर वे केवल दूसरे देशों की तकनीक पर निर्भर रहेंगे तो वे डिजिटल रूप से उनपर निर्भर बन जाएंगे.

7:28 PM (13 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने बताया भषिष्य बदलने वाले तीन तकनीकों के बारे में

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले समय में तीन तकनीकें दुनिया को सबसे ज्यादा प्रभावित करेंगी.

पहली - आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जो विशाल मात्रा में डेटा का विश्लेषण कर बेहतर निर्णय लेने में मदद करती है.

दूसरी - ऑटोनॉमस सिस्टम्स, जो श्रम उत्पादकता को बढ़ाएंगे और कई उद्योगों का स्वरूप बदल देंगे.

तीसरी - प्लेटफॉर्म आधारित डिजिटल समाधान, जो लोगों और कंपनियों को सीधे जोड़कर रियल टाइम में लेनदेन और सहयोग की सुविधा देंगे.

7:27 PM (15 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: परमाणु ऊर्जा और इंजीनियरिंग में रूस की भूमिका की राष्ट्रपति पुतिन ने किया जिक्र

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में रूस दुनिया के अग्रणी देशों में है. उन्होंने दावा किया कि वैश्विक परमाणु ऊर्जा परियोजनाओं के बड़े हिस्से में रूस की भागीदारी है. इसके अलावा रूस के पास जल और ऊर्जा संसाधनों के प्रबंधन, इंजीनियरिंग और तकनीकी विकास के क्षेत्र में भी मजबूत अनुभव है, जिसकी मांग एशिया और अफ्रीका में लगातार बढ़ रही है.

Advertisement
7:26 PM (15 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने चीन और भारत का विशेष उल्लेख किया

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि चीन कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में सबसे अधिक पेटेंट रखने वाले देशों में शामिल है. उन्होंने चीन को रूस का रणनीतिक साझेदार बताते हुए उसकी तकनीकी उपलब्धियों की सराहना की. इसके साथ ही उन्होंने भारत को आईटी क्षेत्र का अग्रणी खिलाड़ी बताया. उनके अनुसार वैश्विक सॉफ्टवेयर बाजार में भारत की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी है और डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस भी डिजिटल प्लेटफॉर्म, ई-कॉमर्स, फाइनेंस, शहरी सेवाओं, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. रूस के कई डिजिटल समाधान अब दुनिया के दर्जनों देशों में इस्तेमाल किए जा रहे हैं.

7:25 PM (16 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन बोले - तकनीकी नेतृत्व का केंद्र भी बदल रहा है

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि लंबे समय तक पश्चिम को तकनीकी विकास का मुख्य स्रोत माना जाता था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है. पिछले 25 वर्षों में BRICS देशों ने हाई-टेक निर्यात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है और अब वैश्विक आपूर्ति का एक-तिहाई से अधिक हिस्सा इनके पास है.

उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि तकनीकी नेतृत्व भी धीरे-धीरे नए क्षेत्रों की ओर स्थानांतरित हो रहा है.

7:24 PM (17 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन बोले - राष्ट्रीय मुद्राओं में बढ़ रहा व्यापार

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि इसी कारण कई देश अब डॉलर और यूरो पर निर्भरता कम कर रहे हैं. राष्ट्रीय मुद्राओं में व्यापार बढ़ रहा है, वैकल्पिक भुगतान प्रणालियों का उपयोग हो रहा है और डिजिटल वित्तीय परिसंपत्तियों तथा केंद्रीय बैंकों की डिजिटल मुद्राओं की भूमिका बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि रूस के निर्यात में रूबल की हिस्सेदारी लगभग 65 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है. यानी रूस का लगभग दो-तिहाई निर्यात अब अपनी राष्ट्रीय मुद्रा में हो रहा है.

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि दुनिया को अधिक लचीली, जिम्मेदार और निष्पक्ष वित्तीय व्यवस्था की जरूरत है, जहां विकास को प्रोत्साहन मिले और अनावश्यक प्रतिबंधों का खतरा न हो.

7:23 PM (18 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने पश्चिमी अर्थव्यवस्थाओं पर टिप्पणी की

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पश्चिमी देशों की सार्वजनिक वित्तीय स्थिति पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यूरोजोन का सार्वजनिक ऋण 2025 में GDP के 81.7 प्रतिशत तक पहुंच गया है. कुछ देशों में यह और भी अधिक है. इसके मुकाबले उन्होंने कहा कि रूस का सार्वजनिक ऋण GDP का केवल 16.2 प्रतिशत है. उनके अनुसार यह रूस की आर्थिक स्थिरता और वित्तीय अनुशासन को दर्शाता है.

उन्होंने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था अब ऐसे दौर में प्रवेश कर रही है जहां अधिक देश स्वतंत्र आर्थिक निर्णय लेना चाहते हैं और बहुध्रुवीय व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं.

7:22 PM (19 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन बोले - डॉलर और यूरो पर भरोसा कम हुआ

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस के विदेशी मुद्रा भंडार को फ्रीज करने और प्रतिबंध लगाने जैसी कार्रवाइयों का असर वैश्विक वित्तीय व्यवस्था पर पड़ा है. इससे अमेरिकी डॉलर और यूरो जैसी प्रमुख मुद्राओं की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है. उन्होंने कहा कि अब दुनिया के सभी देश यह समझ चुके हैं कि जिस तरह रूस की संपत्तियों तक पहुंच रोकी गई, उसी तरह किसी भी देश को डॉलर या यूरो आधारित वित्तीय प्रणाली से बाहर किया जा सकता है.

राष्ट्रपति पुतिन ने दावा किया कि इसके पीछे असली कारण राजनीतिक मतभेद नहीं बल्कि अनुचित प्रतिस्पर्धा है. उन्होंने कहा कि कभी यूक्रेन, कभी मध्य पूर्व, कभी अफ्रीका और कभी सामाजिक मुद्दों को बहाना बनाया जाता है, लेकिन मूल उद्देश्य प्रतिस्पर्धा को नियंत्रित करना होता है.

Advertisement
7:21 PM (20 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने उज्बेकिस्तान और तंजानिया का उदाहरण दिया

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि आधुनिक विकास का प्रतीक केवल व्यापार नहीं बल्कि विभिन्न बाजारों, तकनीकों, वित्तीय प्रवाह और कारोबारी संस्कृतियों को जोड़ना है. उन्होंने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति का उल्लेख करते हुए कहा कि उज्बेकिस्तान तेजी से बढ़ती आबादी, औद्योगिक विकास और बढ़ते घरेलू बाजार के साथ रूस, मध्य एशिया, दक्षिण एशिया, चीन और मध्य पूर्व के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बन चुका है. इसी तरह उन्होंने तंजानिया को पूर्वी अफ्रीका में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला देश बताया.
 

7:20 PM (21 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने कहा - नए व्यापारिक गलियारों का निर्माण

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि लंबे समय तक वैश्विक व्यापार, पूंजी और सूचना का प्रवाह कुछ पश्चिमी केंद्रों के माध्यम से होता था. यहां तक कि जब एक यूरेशियाई देश से दूसरे यूरेशियाई देश तक सामान जाता था, तब भी भुगतान, लॉजिस्टिक्स, बीमा और मध्यस्थता तीसरे देशों के संस्थानों के जरिए होती थी. इससे अतिरिक्त लागत और राजनीतिक निर्भरता पैदा होती थी.

उन्होंने कहा कि अब अंतरराष्ट्रीय व्यापार अधिक कुशल बन रहा है. राष्ट्रीय मुद्राओं में भुगतान बढ़ रहा है और नए परिवहन गलियारे विकसित किए जा रहे हैं. इनमें उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर, ट्रांस-आर्कटिक परिवहन मार्ग, कैस्पियन सागर, मध्य एशिया, काला सागर और मध्य पूर्व से जुड़ने वाले मार्ग शामिल हैं.

7:19 PM (22 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने कहा - व्यापार और वित्त का केंद्र बदल रहा है

Posted by :- Anurag

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि विश्व बैंक और IMF के अनुमान भी यही बताते हैं कि BRICS देशों की आर्थिक वृद्धि G7 की तुलना में कहीं अधिक तेज रहेगी. G7 की अर्थव्यवस्थाएं जहां सालाना लगभग 1.1 प्रतिशत की दर से बढ़ेंगी, वहीं BRICS देशों की वृद्धि 4 प्रतिशत से अधिक रहने की उम्मीद है.

उन्होंने कहा कि निवेश और व्यापार स्वाभाविक रूप से वहीं जाते हैं जहां विकास की गति अधिक होती है. इसी कारण वैश्विक व्यापार और वित्त का केंद्र धीरे-धीरे बदल रहा है और यह प्रक्रिया आने वाले वर्षों तक जारी रहेगी.

7:15 PM (26 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने कहा - BRICS ने G7 को पीछे छोड़ा

Posted by :- Anurag

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि नए विकास केंद्र अपनी विकास यात्रा खुद तय करना चाहते हैं. वे अधिक मूल्यवर्धन, अपने मानक और अपनी क्षमताएं विकसित करना चाहते हैं. उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में वैश्विक GDP वृद्धि का लगभग 49 प्रतिशत हिस्सा BRICS देशों से आया है, जबकि G7 देशों का योगदान केवल 18 प्रतिशत रहा है.

पुतिन के मुताबिक, 2021 से 2025 के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था औसतन 4.1 प्रतिशत की दर से बढ़ी. इसमें से लगभग 2 प्रतिशत वृद्धि BRICS देशों से आई, जबकि G7 का योगदान केवल 0.8 प्रतिशत रहा. उन्होंने कहा कि क्रय शक्ति समानता (PPP) के आधार पर BRICS की वैश्विक GDP में हिस्सेदारी अब 40 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जबकि G7 की हिस्सेदारी 29 प्रतिशत से भी कम रह गई है. उनके अनुसार BRICS ने 2020 में ही G7 को पीछे छोड़ दिया था और यह अंतर लगातार बढ़ रहा है.
 

7:14 PM (27 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने कहा - वैश्विक व्यापार और ब्रिक्स की बढ़ती ताकत

Posted by :- Anurag

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि वैश्विक आर्थिक वृद्धि का ढांचा अब नए विकास केंद्रों और ग्लोबल साउथ के देशों के पक्ष में बदल रहा है. उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि एक वास्तविकता है. जिन देशों की बात की जा रही है, वहां आबादी बढ़ रही है, मध्यम वर्ग का विस्तार हो रहा है, उद्योग तेजी से विकसित हो रहे हैं और घरेलू बाजार मजबूत हो रहे हैं. नए शहर बसाए जा रहे हैं, सड़कें, ऊर्जा नेटवर्क और डिजिटल ग्रिड बनाए जा रहे हैं. साथ ही वित्तीय, शैक्षणिक और वैज्ञानिक केंद्र भी विकसित हो रहे हैं.

उन्होंने कहा कि दुनिया पहले की तुलना में अधिक संतुलित और न्यायपूर्ण बन रही है क्योंकि आर्थिक विकास अब ज्यादा देशों तक पहुंच रहा है. इससे उन अरबों लोगों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं जो पहले वैश्विक अर्थव्यवस्था के किनारे पर खड़े थे.

Advertisement
7:09 PM (32 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन बोले- बहुध्रुवीय व्यवस्था की ओर बढ़ती दुनिया

Posted by :- Anurag

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि अब दुनिया एक अधिक व्यापक और बहुध्रुवीय व्यवस्था की ओर बढ़ रही है. विकास का केंद्र धीरे-धीरे ग्लोबल साउथ और नए उभरते देशों की ओर स्थानांतरित हो रहा है. उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक घोषणा नहीं बल्कि एक वास्तविकता है. जिन देशों की बात की जा रही है, वहां आबादी बढ़ रही है, मध्यम वर्ग का विस्तार हो रहा है, उद्योगों में तेजी आ रही है और घरेलू बाजार मजबूत हो रहे हैं.

राष्ट्रपति पुतिन के अनुसार, यही कारण है कि नए शहर बन रहे हैं, नई सड़कें तैयार हो रही हैं और नए आर्थिक अवसर पैदा हो रहे हैं. उनका मानना है कि आने वाले सालों में यही देश वैश्विक विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.

7:08 PM (33 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन बोले- बदलाव सिर्फ चुनौती नहीं, अवसर भी

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि रूस इन वैश्विक परिवर्तनों को केवल खतरे के रूप में नहीं देखता. उनके अनुसार, इनमें बड़े अवसर भी छिपे हैं और रूस उन्हें व्यावहारिक तथा तेजी से अपनाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने दोहराया कि वर्तमान वैश्विक उथल-पुथल की सबसे बड़ी वजह यह है कि दुनिया एक ऐसे ऊर्ध्वाधर और केंद्रीकृत मॉडल से बाहर निकल रही है जो केवल कुछ देशों के हितों की सेवा करता था.
 

7:07 PM (34 मिनट पहले)

Vladimir Putin Live Updates: राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे देश

Posted by :- Anurag

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि अब अधिकांश देश इस वास्तविकता को समझ चुके हैं. उद्योगपति, बैंक, किसान, परिवहन कंपनियां और निवेशक देख रहे हैं कि जिन वैश्विक व्यवस्थाओं पर वे निर्भर हैं, वही उनके खिलाफ इस्तेमाल की जा सकती हैं. इसी वजह से देश अब अपनी तकनीक विकसित कर रहे हैं, अपनी सप्लाई चेन बना रहे हैं और नए संस्थानों की स्थापना कर रहे हैं.

7:06 PM (35 मिनट पहले)

Putin SPIEF Speech Live: वैश्विक विकास की पुरानी व्यवस्था पर राष्ट्रपति पुतिन का सवाल

Posted by :- Anurag

राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि दुनिया में जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, वे किसी सामान्य आर्थिक चक्र का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वैश्विक विकास की पूरी अवधारणा बदल रही है.

उन्होंने कहा कि दशकों तक वैश्विक व्यवस्था कुछ सीमित वित्तीय केंद्रों, तकनीकी समाधानों, लॉजिस्टिक हब, रेटिंग एजेंसियों और आरक्षित मुद्राओं के इर्द-गिर्द घूमती रही. इस व्यवस्था को सार्वभौमिक और निष्पक्ष बताया गया, लेकिन व्यवहार में इसका इस्तेमाल राजनीतिक दबाव और अनुचित प्रतिस्पर्धा के साधन के रूप में किया गया.

पुतिन ने कहा कि कई बार भुगतान व्यवस्था, तकनीक, लॉजिस्टिक्स और यहां तक कि सूचना तक पहुंच को भी उन देशों के खिलाफ हथियार की तरह इस्तेमाल किया गया जो अपने राष्ट्रीय हितों के अनुसार निर्णय लेना चाहते थे.

7:05 PM (36 मिनट पहले)

Putin SPIEF Speech Live: यूरोप की नीतियों पर राष्ट्रपति पुतिन का निशाना

Posted by :- Anurag

अपने भाषण में राष्ट्रपति पुतिन ने यूरोपीय नौकरशाही की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि आक्रामक बयानबाजी और दूरदर्शिता की कमी वाली नीतियां यूरोप की वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिति को कमजोर कर रही हैं. उनके अनुसार, इससे न केवल क्षेत्रीय बल्कि वैश्विक सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है.

उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोपीय अभिजात वर्ग अराजकता को बढ़ावा दे रहा है और अधिक से अधिक देशों को इस स्थिति में धकेलने की कोशिश कर रहा है.

Advertisement
7:04 PM (37 मिनट पहले)

Putin SPIEF Speech Live: व्लादिमीर पुतिन बोले- दुनिया एक नए बहुध्रुवीय दौर की ओर बढ़ रही है

Posted by :- Anurag

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने संबोधन में कहा कि रूस उन सभी देशों, उद्यमियों और उद्योगों के साथ काम करने के लिए हमेशा तैयार है जो समानता और पारस्परिक लाभ के आधार पर सहयोग करना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि एक-दूसरे की बात सुनना, एक-दूसरे के हितों को समझना और साझा समाधान तक पहुंचना ही संतुलित विकास का रास्ता है.

पुतिन ने कहा कि यही दृष्टिकोण आधुनिक दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों का समाधान खोजने में भी मदद कर सकता है. उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय ऊर्जा बाजारों में झटकों और कई क्षेत्रों में बढ़ते तनाव को देख रही है. विशेष रूप से उन्होंने मध्य पूर्व की स्थिति का उल्लेख किया.

7:03 PM (39 मिनट पहले)

Putin St Petersburg Forum: नई विश्व व्यवस्था में नई आवाजें

Posted by :- Anurag

आजतक संवाददाता गीता मोहन ने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि क्या हम ऐसी विश्व व्यवस्था की ओर बढ़ रहे हैं जहां देश अब दूसरों के माध्यम से नहीं बोलना चाहते, बल्कि स्वयं अपनी आवाज दुनिया तक पहुंचाना चाहते हैं.

7:02 PM (39 मिनट पहले)

SPIEF 2026 Live: क्या ब्रिक्स और ग्लोबल साउथ नई दिशा देंगे?

Posted by :- Anurag

आजतक संवाददाता गीता मोहन ने कहा कि चर्चा इस बात पर भी केंद्रित है कि क्या ब्रिक्स और दक्षिण-दक्षिण सहयोग केवल राजनीतिक नारों तक सीमित रहेंगे या वे वास्तविक आर्थिक साधनों में बदल पाएंगे. क्या वैकल्पिक भुगतान प्रणालियां, नए व्यापारिक गलियारे, ऊर्जा साझेदारियां और तकनीकी सहयोग ग्लोबल साउथ को वास्तविक ताकत और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता दे पाएंगे?

7:00 PM (41 मिनट पहले)

SPIEF 2026 Live: क्या देश अपने हितों की रक्षा कर पाएंगे?

Posted by :- Anurag

संवाददाता गीता मोहन ने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या देश बिना किसी खेमे का हिस्सा बने, बिना प्रतिबंधों के दबाव में आए और बिना बाहरी दबाव के अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा कर सकते हैं?

क्या बहुध्रुवीय दुनिया वास्तव में अधिक न्यायपूर्ण होगी या फिर केवल एक शक्ति केंद्र की जगह कई प्रतिस्पर्धी शक्ति केंद्र ले लेंगे?

6:59 PM (42 मिनट पहले)

Putin St Petersburg Forum: क्या दुनिया सिर्फ शक्ति संतुलन बदलते देख रही है?

Posted by :- Anurag

संवाददाता गीता मोहन ने कहा कि हमारे सामने सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि क्या हम केवल शक्ति के पुनर्वितरण को देख रहे हैं या फिर वास्तव में एक अधिक न्यायसंगत विश्व व्यवस्था के जन्म के साक्षी बन रहे हैं? दुनिया को उपदेश देने, दबाव बनाने और धमकाने का जो दौर रहा है, उसे अब गंभीर चुनौती मिल रही है. लेकिन साथ ही यह भी सच है कि स्वतंत्रता आसान नहीं होती. रणनीतिक स्वायत्तता की भी अपनी कीमत होती है. इसलिए आज की चर्चा केवल भू-राजनीति की नहीं है. यह संप्रभुता की कीमत पर भी चर्चा है. यह वही विषय है जिस पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बार-बार जोर देते रहे हैं.
 

Advertisement
6:55 PM (46 मिनट पहले)

SPIEF Plenary Session: बदलती वैश्विक व्यवस्था पर चर्चा की शुरुआत

Posted by :- Anurag

आजतक संवाददाता गीता मोहन ने कहा कि यह चर्चा ऐसे समय में हो रही है जब दुनिया एक महत्वपूर्ण मोड़ पर खड़ी है. उन्होंने कहा कि पिछले चार दशकों तक वैश्विक आर्थिक व्यवस्था कुछ शक्तिशाली देशों, चुनिंदा संस्थानों और तय नियमों के आधार पर संचालित होती रही, लेकिन अब एक नई वैश्विक आर्थिक संरचना उभर रही है.

संवाददाता गीता मोहन ने कहा कि यह नई व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक विविधतापूर्ण, अधिक प्रतिनिधित्व वाली और व्यापक भागीदारी पर आधारित है. उनके मुताबिक, आज दुनिया में आर्थिक और राजनीतिक शक्ति का केंद्र बदल रहा है और नए क्षेत्र तथा नए देश वैश्विक मंच पर अपनी भूमिका मजबूत कर रहे हैं.

6:52 PM (49 मिनट पहले)

Russia Economic Forum Live: रूस ने खुद को बताया वैश्विक स्थिरता की ताकत

Posted by :- Anurag

दुनिया तेजी से बदलाव के दौर से गुजर रही है. संसाधनों को लेकर बढ़ते संघर्ष, भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक अस्थिरता के बीच रूस ने खुद को ऐसी शक्ति के रूप में पेश किया है, जो संवाद और स्थिरता का रास्ता दिखा सकती है.

वीडियो संदेश में कहा गया कि इतिहास में कई ऐसे दौर आए जब दुनिया अराजकता और संघर्ष के बीच फंस गई. अमेरिकी स्वतंत्रता युद्ध के समय समुद्री व्यापार और तटस्थ देशों के अधिकारों को लेकर चुनौतियां सामने आईं. उस दौर में रूस की महारानी कैथरीन ने तटस्थ नौवहन की सुरक्षा के लिए “डिक्लेरेशन ऑफ न्यूट्रैलिटी” की पहल की, जिसे अंतरराष्ट्रीय कानून के इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया.

5:55 PM (एक घंटा पहले)

Putin St Petersburg Forum: कौन-कौन होगा शामिल?

Posted by :- Anurag

इस 'ग्लोबल हाई टेबल' पर दुनिया के चार बड़े दिग्गज - रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, चीन के उपराष्ट्रपति हान झेंग, उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव और तंजानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन एक साथ मंच साझा करेंगे. 
 

5:24 PM (2 घंटे पहले)

रूस के बड़े आर्थिक मंच पर इंडिया टुडे ग्रुप की खास भूमिका

Posted by :- Anurag

सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम (SPIEF) 2026 में इंडिया टुडे ग्रुप शुक्रवार को हाई-प्रोफाइल लीडरशिप प्लेनरी सत्र की मेजबानी करेगा. इस सत्र में दुनिया के कई प्रमुख नेता एक साथ मंच साझा करेंगे.