नेवाडा के उत्तर पश्चिम रेनो में जंगल की आग तेजी से फैल रही है. इस आग ने कई इमारतों को नष्ट कर दिया है. छह लोग घायल हुए हैं और अधिकारियों ने लगभग 90 हजार लोगों को प्रभावित इलाकों को छोड़ने के लिए कहा है. रविवार को अधिकारियों ने बताया कि 'हॉक फायर' मानव जनित थी और अब भी यह काबू में नहीं है. कहा जा रहा है कि हवाओं के बदलने से हालात और खतरनाक हो सकते हैं.
नेवाडा में शनिवार को लगी आग तैजी से फैलती जा रही है. यह आग करीब 53 वर्ग किलोमीटर इलाके में फैल गई है. तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कई इमारत जलकर खाक हो गए हैं. इस आग में तीन आम नागरिकों के साथ तीन बचावकर्मी घायल हुए हैं. तेज हवाओं के चलते आग अलग-अलग दिशाओं में फैल गई.
आग के संभावित खतरे को देखते हुए लगभग 42 हजार लोगों को तुरंत इलाका खाली करने का आदेश दिया गया. साथ ही, 45 हजार लोगों को भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं. नेवाडा के गवर्नर जो लोम्बार्डो ने वाशो काउंटी में आपातकाल की घोषणा की है. नेवाडा नेशनल गार्ड को तैनात किया गया है. गार्ड ने हवाई अग्निशमन में मदद के लिए दो हेलीकॉप्टर क्रू और खाली कराए गए इलाकों की सुरक्षा में पुलिस की मदद के लिए 60 सैनिकों को भी भेजा है.
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में तेल टैंकर के भारतीय कैप्टन पर रूस की मदद का आरोप, पत्नी बोलीं- 'उन्हें बलि का बकरा बनाया गया'
लगभग 800 अग्निशमन कर्मी भी बचाव कार्य में लगे हुए थे. तीन बचावकर्मी घायल भी हुए हैं. रविवार को वाशो काउंटी में लगभग 10,000 लोगों के यहां बिजली गुल थी. वहीं, शनिवार को यह संख्या 60 हजार थी. आग के कारण US रूट 395 के कुछ हिस्से बंद कर दिए गए थे. आपातकालीन अधिकारियों ने निकाले गए लोगों के लिए रेनो-स्पार्क्स कन्वेंशन सेंटर खोल दिया है. हालांकि वहां पालतू जानवरों को ले जाने की अनुमति नहीं थी. छोटे और बड़े जानवरों को सुरक्षित दूसरी जगह पहुंचाया गया है. जबकि रेनो के कैसीनो ने अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए लोगों को डिस्काउंट पर होटल के कमरे दिए.
aajtak.in