न्यूयॉर्क में ब्लूमबर्ग ग्लोबल बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फेक न्यूज पर लगाम लगाने की बात कही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मेरी नजर सोशल मीडिया पर रहती है, कई बार सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर हम एक्शन लेते हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर सक्रिय होने के बहुत फायदे हैं लेकिन फेक न्यूज पर लगाम लगानी होगी. पीएम मोदी ने कहा कि जब कोई सोशल मीडिया पर कोई खबर बढ़ाए तो पहले उसे चेक किया जाना चाहिए. सोशल मीडिया लोगों से बातचीत करने के लिए सही जगह है. यह लोगों के लिए मददगार है. मीडिया अब फेक न्यूज को एक्सपोज भी कर रही है.
उन्होंने कहा कि आज भारत की ग्रोथ स्टोरी के 4 महत्वपूर्ण फैक्टर हैं जो एक साथ दुनिया में मिलने मुश्किल हैं. ये 4 फैक्टर हैं- Democracy, Demography, Demand और Decisiveness.
साथ ही उन्होंने कहा कि भारत के करीब-करीब हर नागरिक के पास यूनीक आई डी है, मोबाइल फोन और बैंक अकाउंट है. जिसके कारण टारगेटेड सर्विस डिलीवरी में तेजी आई है, Leakage बंद हुई और ट्रांसपेरेंसी कई गुना बढ़ी है.
पीएम मोदी ने सुधारों की बात करते हुए कहा कि लॉजिस्टिक्स पॉरफॉर्मेंस इंडेक्स में 10 पायदान का जंप, ग्लोबल कम्पिटीटिवनेस इंडेक्स में 13 अंक का उछाल, ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में 24 नंबर का सुधार और सबसे अहम वर्ल्ड बैंक ईज ऑफ डूइंग बिजनेस इंडेक्स में 65 रैंक का सुधार अभूतपूर्व और असाधारण हैं.
उन्होंने कहा, टैक्स सुधार के अलावा, दुनिया का सबसे बड़ा फाइनेंशियल इनक्लूजन में भारत में बहुत कम समय में हुआ है. करीब 370 मिलियन लोगों को बीते 4-5 साल में बैंकिंग से पहली बार जोड़ा गया है. इनोवेशन को लेकर जो प्रोत्साहन भारत के युवाओं को मिल रहा है, उसके कारण अमेरिका और चीन के बाद भारत यूनिकॉर्न्स के मामले में तीसरे नंबर पर है. मोदी ‘ब्लूमबर्ग ग्लोबल बिजनेस समिट’ में अहम वक्ता के तौर पर शामिल हुए.
aajtak.in