PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के दौरे पर इजरायल पहुंच गए हैं. तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया गया. इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का ग्रैंड वेलकम किया. पीएम मोदी ने नेतन्याहू को गले लगा लिया और गर्मजोशी से उनका आभार जताया.
पीएम मोदी आज येरूशलम पहुंच गए हैं, जहां वह इजरायल की संसद को भी संबोधित कर रहे हैं. इजरायल की संसद को संबोधित करने वाले वह भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं. पीएम मोदी इससे पहले 2017 में भी इजरायल गए थे. इस तरह उनका इजरायल का यह दूसरा दौरा है. पीएम मोदी के इस दौरे की पल-पल की अपडेट जानने के लिए इस पेज से जुड़े रहें:-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजरायली संसद Knesset के सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया. इजरायल की संसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्पीकर ऑफ द क्नेसेट मेडल से सम्मानित किया है. यह क्नेसेट का सर्वोच्च सम्मान है. यह अवॉर्ड प्रधानमंत्री के नेतृत्व के माध्यम से भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके असाधारण योगदान के सम्मान में प्रदान किया गया है.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गाजा शांति पहल को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का समर्थन मिला हुआ है. भारत ने इस पहल के प्रति अपना दृढ़ समर्थन जताया है. हम शांति के पैरोकार है. हमें विश्वास है कि यह क्षेत्र के सभी लोगों के लिए न्यायपूर्ण और स्थायी शांति का वादा करती है, जिसमें फिलिस्तीन मुद्दे का समाधान भी शामिल है. हमारे सभी प्रयास बुद्धिमत्ता, साहस और मानवता पर आधारित हैं. शांति का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए आपके साथ और विश्व समुदाय के साथ खड़ा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायल की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा. हम दुनिया में इकोनॉमी कॉरिडोर बना रहे हैं. भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI समिट हुआ. हमारे लिए पूरी दुनिया एक परिवार है.
प्रधानमंत्री मोदी ने इजरायल की संसद में आतंकवाद पर बरसते हुए कहा कि हम ना मुंबई हमले भूले हैं. ना 7 अक्टूबर 2023 का इजरायल पर हमास का हमला भूले हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजरायल का रिश्ता 2000 साल पुराना है. वर्ल्ड वॉर एक में 4000 भारतीय सैनिकों ने शहादत दी थी. हाइफा में भारतीय सैनिकों ने शहादत दी. यहूदी नरसंहार का इतिहास काला है.
पीएम मोदी ने इजरायल की संसद को संबोधित करते हुए कहा कि उनका जन्म 17 सितंबर 1950 को उसी दिन हुआ था, जिस दिन भारत ने औपचारिक तौर पर इजरायल को मान्यता दी थी.
पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद पर भारत का रुख हमेशा स्पष्ट रहा है. आतंकवाद पर दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं है. हमारी आतंकवाद पर जीरो टॉलरेस नीति है. भारत क्षेत्रीय स्थिरता और शांति के पक्ष में है. भारत अब्राहम अकॉर्ड के समर्थन में है. यहूदी समुदाय भारत में बिना डर के रहता है. यहूदी समुदाय ने भारत को समृद्ध किया है.
पीएम मोदी ने इजरायली संसद को संबोधित करते हुए हमास को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि बेकसूर नागरिकों की हत्या किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं है. किसी भी कीमत पर निर्दोषों की हत्या को जायज नहीं ठहराया जा सकता. शांति का रास्ता हमेशा आसान नहीं होता. लेकिन भारत शांति लाने की इस प्रक्रिया में हमेशा साथ है. गाजा शांति प्रयास में भारत आपके साथ है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजरायली संसद को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का प्रधानमंत्री होने के नाते मैं 1.4 अरब भारतीयों की दोस्ती का संदेश लाया हूं.
एक ऐसी दुनिया में जहां यहूदी विरोध बढ़ रहा है. भारत हमारे साथ खड़ा है. भारत एक ऐसा देश है, जहां यहूदियों पर कभी अत्याचार नहीं हुआ, सिर्फ स्वागत हुआ है. हम इसे कभी नहीं भूलेंगे. भारत, आपका शुक्रिया.
इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने भूमध्यसागर के तट पर प्रधानमंत्री मोदी की पिछली यात्रा को याद करते हुए कहा कि दोनों देशों ने मिलकर कई चमत्कार जरूर किए हैं. उन्होंने कहा कि इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार दोगुना हुआ है, सहयोग तीन गुना बढ़ा है और आपसी समझ चार गुना गहरी हुई है.
इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने संसद में पीएम मोदी का स्वागत करते हुए उनकी जमकर तारीफ की. नेतन्याहू ने कहा कि भारत और इजरायल के गहरे रिश्ते जगजाहिर हैं. पीएम मोदी आप बहाने नहीं बनाते हैं, आप सच में हमारे साथ खड़े हैं. भारत, इजरायल के साथ खड़ा है. सच्चाई के साथ खड़ा है. दोनों देश कई हित साझा करते हैं. मोदी, इजरायल के समर्थन में बोलते हैं. यहूदियों के लिए भारत हमारे साथ खड़ा है. उनका इतना कहते ही पूरी संसद ने खड़े होकर तालियां बजाना शुरू कर दिया.
इजरायली पीएम नेतन्याहू ने संसद में कहा कि पीएम मोदी दोस्त से बढ़कर मेरे भाई हैं. इजरायल आना हमारे लिए गर्व की बात है.
इजरायल की संसद के स्पीकर आमिर ओहाना ने पीएम मोदी का संसद में स्वागत करते हुए कहा कि भारत धरती का सबसे तेज विकास करने वाला देश है. भारत ने यहूदियों को अपना घर दिया. भारत और इजरायल की पार्टनरशिप उम्मीद देती है. उन्होंने आखिरी में हिंदी में कहा कि पीएम मोदी कनेसेट में आपका स्वागत है. पीएम नरेंद्र मोदी. यरूशलम में आपका स्वागत है.
इजरायल की संसद Knesset में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना संबोधन शुरू करने जा रहे हैं. पूरी संसद मोदी-मोदी के नारों से गूंजी. सांसदों ने पीएम मोदी को स्टैंडिंग ओवेशन दिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक 18 देशों की संसद को संबोधित कर चुके हैं. नरेंद्र मोदी भारत के ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं, जो इजरायल की संसद को संबोधित करेंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल की संसद Knesset पहुंच गए हैं. वह थोड़ी देर में संसद को संबोधित करेंगे. वह भारत के ऐसे पहले प्रधानमंत्री होंगे, जो इजरायल की संसद को संबोधित करेंगे.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी का इजरायल में स्वागत किया. उनका स्वागत करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि हमारे अच्छे दोस्त भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी. उनका ये दौरा द्विपक्षीय संबंधों के लिए लिहाज से ऐतिहासिक है.
पीएम मोदी का इजरायल में भव्य स्वागत हुआ. इस दौरान उन्होंने इजरायल में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की. भारतीय समुदाय ने पीएम मोदी का ग्रैंड वेलकम किया.
PM मोदी जब एयरपोर्ट पर विमान से उतरे तो उनके स्वागत में नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा मौजूद थी. पीएम मोदी ने नेतन्याहू के बगल में खड़ी उनकी पत्नी सारा से गर्मजोशी से हाथ मिलाया. जब पीएम मोदी और सारा एक दूसरे से हाथ मिला रहे थे. तभी नेतन्याहू ने पीएम मोदी के पॉकेट स्क्वायर के रंग और पत्नी सारा की ड्रेस के कलर की तरफ इशारा किया. इस पर पीएम मोदी ने कहा yes, yes... Saffron... इस पर तीनों ठहाके लगाकर हंसने लगे. दरअसल पीएम मोदी के पॉकेट स्क्वायर और नेतन्याहू की पत्नी सारा की ड्रेस के कपड़ों का रंग Saffron (भगवा) था.
यह भी पढ़ें: ... जब पीएम मोदी के रूमाल से मैच कर गई नेतन्याहू की पत्नी की ड्रेस, Video
पीएम मोदी ने इजरायल पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पोस्ट कर बताया कि इजरायल पहुंच गया हूं. प्रधानमंत्री नेतन्याहू और मिसेज नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर मेरा स्वागत किया. मैं इससे अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहा हूं. मैं इजरायल के पीएम के साथ द्विपक्षीय चर्चा करने और इस चर्चा के लाभप्रद नतीजों को लेकर आशान्वित हूं. इससे भारत और इजरायल की दोस्ती मजबूत होगी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के दो दिनों के दौरे पर तेल अवीव पहुंच गए हैं. एयरपोर्ट पर पीएम नेतन्याहू ने पत्नी सारा संग उनका ग्रैंड वेलकम किया. पीएम मोदी का रेड कार्पेट स्वागत किया गया.