ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी ने एंडी बर्नहैम को अपना नया नेता चुन लिया है. मेकरफील्ड से सांसद एंडी बर्नहैम की नियुक्ति शुक्रवार को सेंट्रल लंदन में आयोजित लेबर पार्टी के विशेष सम्मेलन में औपचारिक रूप से की गई. इसके साथ ही उनका सोमवार को ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभालना तय हो गया है. पार्टी में इस पद के लिए एंडी बर्नहैम इकलौते उम्मीदवार थे.
ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, 'यह कोई रोमांचक मुकाबला नहीं था.' उन्होंने बताया कि कैथरीन वेस्ट को नील कॉयल ने नामित जरूर किया था, लेकिन अंततः बर्नहैम ही एकमात्र पात्र उम्मीदवार रहे.
स्टार्मर की रखी नींव पर आगे बढ़ेंगे: बर्नहैम
लेबर पार्टी के नेता चुने जाने के बाद अपने पहले संबोधन में एंडी बर्नहैम ने पूर्व प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के कार्यकाल को याद किया. उन्होंने कहा, 'मैं पार्टी का नेतृत्व करने और स्टार्मर द्वारा रखी गई मजबूत नींव पर आगे बढ़ने के लिए तैयार हूं.' बर्नहैम ने कहा कि किएर स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने अपने सबसे खराब चुनावी प्रदर्शन से उबरकर ऐतिहासिक जीत हासिल की और एक बार फिर लोगों की जिंदगी बदलने की स्थिति में पहुंची. उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में पार्टी ने इसी दिशा में काम किया है.
किएर स्टार्मर की उपलब्धियों का किया जिक्र
अपने भाषण में बर्नहैम ने किएर स्टार्मर सरकार की कई उपलब्धियों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि स्टार्मर के नेतृत्व में एनएचएस (नेशनल हेल्थ सर्विस) में इलाज के लिए इंतजार का समय कम हुआ और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रिटेन की प्रतिष्ठा दोबारा मजबूत हुई. उन्होंने कहा, 'मैं उस नींव पर आगे बढ़ने के लिए तैयार हूं, जिसे सबसे ज्यादा किएर स्टार्मर ने तैयार किया. उनके नेतृत्व में हमने अपनी सबसे बड़ी हार को इतिहास की सबसे बड़ी जीतों में से एक में बदला.'
आम लोगों के लिए बेहतर राजनीति का वादा
बर्नहैम ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा पीढ़ी के नेताओं को यह स्वीकार करना होगा कि वे ऐसी राजनीतिक संस्कृति और आर्थिक व्यवस्था को चुनौती देने में पूरी तरह सफल नहीं रहे, जो आम लोगों के लिए बेहतर ढंग से काम नहीं करती. उन्होंने कहा, 'हमें लोगों से यह वादा करना होगा कि हम बेहतर काम करेंगे.'
कैबिनेट को लेकर पूछे गए सवाल पर एंडी बर्नहैम ने कहा कि उन्होंने अभी यह तय नहीं किया है कि उनकी शीर्ष टीम में कौन-कौन शामिल होगा. हालांकि उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी टीम में पार्टी के सभी विचारों और धड़ों को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा. एंडी बर्नहैम सोमवार को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपनी नई कैबिनेट और सरकार की प्राथमिकताओं का ऐलान कर सकते हैं.
aajtak.in